विज्ञापन

जिनका अपना इतिहास काला है, वो दूसरों को उपदेश ना दें... UN में भारत ने पाकिस्तान को फिर लताड़ा

भारत ने पाकिस्तान से उसके अवैध कब्जे वाले क्षेत्रों में जारी गंभीर मानवाधिकार उल्लंघनों को तत्काल रोकने का आह्वान करते हुए कहा कि इन क्षेत्रों की आबादी पाकिस्तानी सेना के कब्जे, दमन, बर्बरता और संसाधनों के अवैध दोहन के खिलाफ खुलकर विद्रोह कर रही है.

जिनका अपना इतिहास काला है, वो दूसरों को उपदेश ना दें... UN में भारत ने पाकिस्तान को फिर लताड़ा
यूएन में भारत ने पाकिस्तान की फिर खोली पोल
  • भारत ने यूएन की चौथी समिति में पाकिस्तान के जम्मू-कश्मीर के बारे में भ्रामक दावे फैलाने पर कड़ा विरोध जताया
  • सांसद महिमा कुमारी मेवाड़ ने पाकिस्तान की सैन्य तानाशाही और आतंकवाद बढ़ावा देने की नीति पर गंभीर आरोप लगाए
  • भारत ने जम्मू-कश्मीर को अभिन्न हिस्सा बताते हुए पाकिस्तान को इस मंच पर दूसरों को उपदेश देने से बचने की सलाह दी
नई दिल्ली:

संयुक्त राष्ट्र में भारत ने एक बार फिर से पाकिस्तान को लताड़ लगाई है. भारत ने कड़ा ऐतराज जताते हुए कहा कि ये दुर्भाग्यपूर्ण है कि पाकिस्तान भारत के केंद्र शासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर के बारे में झूठ और भ्रामक दावे फैलाकर विश्व संगठन के मंच का लगातार दुरुपयोग कर रहा है. भारत ने संयुक्त राष्ट्र महासभा की चौथी समिति में ‘उपनिवेशवाद के उन्मूलन' विषय पर चर्चा के दौरान पाकिस्तान की ओर से दिए गए बयान के जवाब में अपने ‘उत्तर देने के अधिकार' का इस्तेमाल किया. यह समिति विशेष राजनीतिक मुद्दों और उपनिवेशवाद के उन्मूलन से जुड़े मामलों पर विचार करती है.

सांसद महिमा कुमारी मेवाड़ ने भारत की ओर से जवाब देते हुए कहा, ‘पाकिस्तान का सैन्य तानाशाही, चुनावों में धांधली, लोकप्रिय निर्वाचित नेताओं को जेल में डालने, धार्मिक कट्टरपंथ और राज्य की नीति के तौर पर आतंकवाद को बढ़ावा देने का पुराना इतिहास रहा है. उन्होंने कहा कि ऐसे देश को भविष्य में इस मंच पर दूसरों को उपदेश देने से बचना चाहिए. जम्मू-कश्मीर भारत का अभिन्न और अटूट हिस्सा है और हमेशा रहेगा.'

Latest and Breaking News on NDTV

सांसद महिमा कुमारी मेवात (फाइल फोटो) 

भारत ने पाकिस्तान से उसके अवैध कब्जे वाले क्षेत्रों में जारी गंभीर मानवाधिकार उल्लंघनों को तत्काल रोकने का आह्वान करते हुए कहा कि इन क्षेत्रों की आबादी पाकिस्तानी सेना के कब्जे, दमन, बर्बरता और संसाधनों के अवैध दोहन के खिलाफ खुलकर विद्रोह कर रही है.

मेवाड़ ने कहा कि पिछले कुछ महीनों में पाकिस्तानी सशस्त्र बलों और उनके छद्म संगठनों ने अपने बुनियादी अधिकारों, स्वतंत्रताओं और आवश्यक सुविधाओं की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे कई निर्दोष नागरिकों की जान ले ली है.

मेवाड़ 15 सांसदों के उस प्रतिनिधिमंडल का हिस्सा हैं, जो संयुक्त राष्ट्र के कामकाज को समझने के लिए आयोजित दौरे के तहत इस सप्ताह की शुरुआत में यहां पहुंचा था.

यात्रा के दौरान सांसदों ने संयुक्त राष्ट्र में कई गतिविधियों में हिस्सा लिया. उन्होंने न्यूयॉर्क में भारत के महावाणिज्य दूतावास की ओर से आयोजित विशेष स्वागत समारोह में भारतीय समुदाय के सदस्यों से भी मुलाकात की.

इसे भी पढ़ें: आसिम मुनीर का 'डिवाइड एंड रूल' का प्लान, पाकिस्तान के होंगे 15 टुकड़े !

इसे भी पढ़ें: पाकिस्तान को 160 भागों में बांटने की तैयारी में मुनीर, लोकतंत्र का जनाजा निकालने पर तुले आर्मी चीफ

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
India Response To Pakistan, United Nation, Jammu And Kashmir Issue, Mahima Kumari Mewar
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com