विज्ञापन
This Article is From Jun 25, 2017

राजस्थान : पुलिस मुठभेड़ में मारा गया पांच लाख का इनामी अपराधी आनंदपाल

आनंदपाल सितंबर 2015 में नागौर की एक अदालत में पेशी के बाद वापस अजमेर जेल में भारी सुरक्षा बंदोबस्त के बीच लाते समय पुलिस अभिरक्षा से फरार हो गया था.

राजस्थान :  पुलिस मुठभेड़ में मारा गया पांच लाख का इनामी अपराधी आनंदपाल
प्रतीकात्मक फोटो
  • शनिवार रात करीब 11:25 बजे पुलिस ने आनंदपाल को एनकाउंटर में मार गिराया
  • मुठभेड़ में दो पुलिसकर्मी घायल, राजस्थान पुलिस महानिदेशक ने दी जानकारी
  • फेसबुक पर चलाता था अपने फैंस के लिए पेज
जयपुर: राजस्थान के चूरू जिले में पांच लाख का इनामी कुख्यात अपराधी आनंदपाल को शनिवार रात करीब 11:25 बजे पुलिस ने मुठभेड़ में मार गिराया. दो पुलिसकर्मी घायल हो गए. राजस्थान के पुलिस महानिदेशक मनोज भट्ट ने बताया कि उसने चूरू जिले के एक मकान में शरण ले रखी थी. गौरतलब है सितंबर 2015 में नागौर की एक अदालत में पेशी के बाद वापस अजमेर जेल में भारी सुरक्षा बंदोबस्त के बीच लाते समय पुलिस अभिरक्षा से आनंदपाल फरार हो गया था.

इस तरह से आनंदपाल करीब डेढ़ साल से फरार था. इस मुठभेड़ से पहले राजस्थान पुलिस ने दिन में आनंदपाल के भाई रूपेन्द्र पाल सिंह और उसके साथी देवेन्द्र उर्फ गट्टू को हरियाणा के सिरसा से पकड़ने में एक बड़ी सफलता हासिल की थी. पकड़े गए दोनों अपराधियों के सिर पर एक- एक लाख रुपये का इनाम था.

आनंदपाल करीब दो दर्जनों मामलों में डीडवाना, जयपुर, सीकर, सुजानगढ, चूरू, सांगानेर सहित अन्य स्थानों पर वांछित था. वह नागौर के डीडवाना में जीवन राम गोदारा की हत्या, सीकर जिलें में गोपाल फोगावट हत्या मामले में वांछित था.

फेसबुक पर भी एक्टिव था आनंदपाल
आनंदपाल फेसबुक जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर अपने फैन्स के लिए एक सोशल पेज भी चलाता था. वह अपने समाज से जुड़ी समाचार पत्रों में प्रकाशित खबरों की कतरन अपने फैंन्स को पोस्ट करता था. फैन फॉलोविंग हजारों भी में है. फेसबुक पर आनंदपाल सिंह के नाम से ही प्रोफाइल है जिसमें उसका फोटो इस्तेमाल किया गया है. 

लेडी डॉन अनुराधा चौधरी से था खास संपर्क
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, आनंदपाल के गैंग की सदस्य रही अनुराधा चौधरी फिलहाल जेल में है. अनुराधा उर्फ अनुराग सीकर में रानी सती रोड की मूल निवासी है. 33 साल की इस लेडी डॉन की शादी सीकर के ही दीपक मिंज नाम के व्यक्ति के साथ हो चुकी है. वह शेयर बाजार में काम करती थी. नुकसान होने के बाद उसने गैंगस्टर आनंदपाल से संपर्क बढ़ाया. धीरे-धीरे वह गैंग की अहम सदस्य बन गई.

 
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Anand Pal Singh, Anand Pal Encounter, Rupendra Pal Singh, Devendra Aka Gattu, Jaipur Police
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com