विज्ञापन

जयपुर में बेकाबू ट्रोले का कहर, दो कार, पिकअप, बाइक और स्कूटी को रौंदा; दो लोगों की दर्दनाक मौत

यह हादसा जहां हुआ वहां ठीक एक साल पहले 3 नवंबर 2025 को इसी कट के दूसरी तरफ एक बेकाबू डंपर ने 14 लोगों को कुचल दिया था.

जयपुर में भीषण सड़क हादसा हुआ है.
  • जयपुर के मुरलीपुरा थाना इलाके में तेज रफ्तार ट्रोला अचानक बेकाबू होकर कई वाहनों को टक्कर मारते हुए दौड़ गया।
  • हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई और ट्रोला चालक समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
  • हादसे के कारणों में ट्रोला के स्लिप होने और चालक पर पत्थर मारने के दावे सामने आए हैं, पुलिस जांच कर रही है।

जयपुर के मुरलीपुरा थाना इलाके में शुक्रवार को रोड नंबर 14 पर उस समय हड़कंप मच गया जब एक तेज रफ्तार भारी ट्रोला अचानक मौत बनकर दौड़ने लगा. अनाज मंडी के पिछले गेट के पास पहुंचते ही ट्रोला पूरी तरह बेकाबू हो गया. उसने सड़क किनारे खड़े और वहां से गुजर रहे वाहनों को ताश के पत्तों की तरह बिखेर दिया. इस भीषण टक्कर में दो कार, एक पिकअप, एक बाइक और एक स्कूटी बुरी तरह पिचक गए. टक्कर इतनी जोरदार थी कि वाहनों के परखच्चे उड़ गए और मौके पर चीख-पुकार मच गई.

हादसे में दो लोगों ने गंवाई जान

हादसे में सड़क पर पैदल चल रहे रमेश और एक कार में सवार हनुमान की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई. वहीं ट्रोला चालक समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोग मदद के लिए दौड़े और पुलिस को सूचना दी. मौके पर पहुंची मुरलीपुरा थाना पुलिस ने घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अगर बेकाबू ट्रोला सड़क किनारे बनी ऑटो पार्ट्स की दुकान में घुस जाता तो मृतकों का आंकड़ा और बढ़ सकता था.

हादसे के कारणों को लेकर दो तरह की बातें सामने आ रही हैं. कुछ लोगों का कहना है कि कट पर अचानक स्लिप होने की वजह से ट्रोला अनियंत्रित हो गया. वहीं कुछ प्रत्यक्षदर्शियों ने चौंकाने वाला दावा किया है कि किसी ने ट्रोला चालक पर पत्थर मारा था जिससे उसका संतुलन बिगड़ गया. फिलहाल पुलिस मामले की गंभीरता को देखते हुए दोनों पहलुओं की बारीकी से जांच कर रही है.

एक साल पहले भी उजड़े थे कई परिवार

यह हादसा जिस जगह हुआ, उसने स्थानीय लोगों के जख्मों को फिर हरा कर दिया है. ठीक एक साल पहले 3 नवंबर 2025 को इसी कट के दूसरी तरफ एक बेकाबू डंपर ने 14 लोगों को कुचल दिया था. इस खतरनाक कट पर सालभर में यह दूसरा बड़ा हादसा है, जिसने प्रशासन के सुरक्षा दावों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.

यह भी पढ़ें | आमेर में रॉन्ग साइड से आ रही स्कॉर्पियो ने बाइक-स्कूटी को मारी टक्कर, दो की मौत; CCTV वीडियो आया सामने

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Jaipur Road Accident, Jaipur Road Accident 2 People Died, Jaipur Police
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com