विज्ञापन
This Article is From May 01, 2016

आईपीएल 9: फिर चमका रोहित का बल्ला, मुंबई की आसान जीत, पुणे अब मुसीबत में

आईपीएल 9: फिर चमका रोहित का बल्ला, मुंबई की आसान जीत, पुणे अब मुसीबत में
अपनी शानदार पारी के दौरान रोहित शर्मा
मुंबई: आखिरी 12 ओवरों की कसी हुई गेंदबाजी और बाद में कप्तान रोहित शर्मा के आईपीएल के वर्तमान सत्र में लक्ष्य का पीछा करते हुए लगातार पांचवें अर्धशतक की बदौलत मुंबई इंडियन्स ने रविवार को राइजिंग पुणे सुपरजाइंट्स को आठ विकेट से हरा दिया। इसी के साथ मुंबई इंडियन्स ने अंकतालिका में दूसरा स्थान हासिल कर लिया।

मुंबई इंडियन्स के कप्तान ने 60 गेंदों पर नाबाद 85 रन की पारी खेली, जिसमें आठ चौके और तीन छक्के शामिल हैं। उन्होंने इस बीच पार्थिव पटेल (21) के साथ पहले विकेट के लिए 39, अंबाती रायडू (22) के साथ दूसरे विकेट के लिए 52 और जोस बटलर (नाबाद 27) के साथ तीसरे विकेट के लिए 6.5 ओवर में 70 रन की तीन उपयोगी साझदारियां की। इन साझेदारियों की बदौलत ही मुंबई ने 18.3 ओवर में दो विकेट पर 161 रन बनाकर अपनी पांचवीं जीत दर्ज की।

मुंबई के अब नौ मैच में दस अंक हो गए हैं और वह गुजरात लायन्स के बाद दूसरे स्थान पर पहुंच गया है। पुणे सुपरजाइंट्स की यह आठ मैच में छठी हार है और उसके लिए अब आगे की राह बेहद मुश्किल है। पुणे के आठ मैचों में केवल चार अंक हैं।

पुणे की पारी
सौरभ तिवारी और स्टीवन स्मिथ के शुरुआती ओवरों की तूफानी बल्लेबाजी से उबरकर मुंबई इंडियन्स के गेंदबाजों ने शानदार वापसी की। मुंबई के गेंदबाजों ने राइजिंग पुणे सुपरजाइंट्स को आईपीएल मैच में पुणे में खेले गए मैच में पांच विकेट पर 159 रन पर ही रोक दिया।

बीच के ओवरों में धीमे पड़ गए पुणे सुपरजाइंट्स
मुंबई इंडियन्स के गेंदबाजों ने शुरू में रन लुटाने के बाद बीच के ओवरों में अच्छी गेंदबाजी की। स्मिथ और तिवारी के धमाकेदार प्रदर्शन से पुणे का स्कोर पहले आठ ओवर के बाद एक विकेट पर 84 रन था, लेकिन इसके बाद अगले आठ ओवरों में केवल 40 रन बने। आलम यह था कि आखिरी 12 ओवरों में केवल तीन चौके और एक छक्का पड़ा।

स्मिथ ने 23 गेंदों पर 45 रन की तूफानी पारी खेली, लेकिन तिवारी बाद में धीमे पड़ गए। उन्होंने 45 गेंदों पर 57 रन बनाए, जिसमें चार चौके और दो छक्के शामिल हैं। कप्तान महेंद्र सिंह धोनी भी 24 गेंदों पर 24 रन ही बना पाए।

जसप्रीत बुमराह ने की अच्छी गेंदबाजी
मुंबई की ओर से जसप्रीत बुमराह ने फिर से प्रभावित किया। उन्होंने 29 रन देकर तीन विकेट लिए। उनके अलावा हरभजन सिंह और मिशेल मैकलेनगन ने भी कसी हुई गेंदबाजी करके एक-एक विकेट हासिल किए।

रोहित शर्मा ने आईपीएल के वर्तमान सत्र की परंपरा बरकरार रखते हुए टॉस जीतकर पुणे सुपरजाइंट्स को पहले बल्लेबाजी का न्यौता दिया, जिसने दूसरे ओवर में ही भरोसेमंद अंजिक्य रहाणे (चार) का विकेट गंवा दिया। स्मिथ पर ऐसे में न सिर्फ विकेट बचाए रखने, बल्कि तेजी से रन बनाने की जिम्मेदारी भी थी और उस पर वह खरे उतरे। स्मिथ अर्धशतक पूरा नहीं कर पाए।

स्मिथ के आउट होने के बाद थम सी गई पुणे की बल्लेबाजी
बुमराह की गेंद को थर्डमैन पर खेलने के प्रयास में स्मिथ ने पार्थिव पटेल को कैच थमाया। स्मिथ ने अपनी पारी में चार चौके और तीन छक्के जड़े। स्मिथ और तिवारी ने केवल 7.3 ओवरों में 84 रन की साझेदारी की, लेकिन ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज के आउट होने के बाद रनगति एकदम से धीमी पड़ गई। धोनी की उपस्थिति से भी कोई फर्क नहीं पड़ा। उन्होंने 24 गेंदें खेली, लेकिन केवल दो चौके लगा पाए।

धोनी से पहले पीटर हैंडस्काम्ब (12 गेंद पर छह रन) भी रन बनाने के लिए जूझते हुए नजर आए, जबकि तिवारी भी स्मिथ के आउट होने के बाद रन बनाने के लिए संघर्ष करते रहे। बुमराह की गेंद पर मिडविकेट पर आसान कैच थमाने से उनकी पारी का अंत हुआ। डेथ ओवरों में भी पुणे के बल्लेबाज अपेक्षित तेजी से रन नहीं बना पाए। तिसारा परेरा (नाबाद 12) ने बुमराह की पारी की आखिरी गेंद पर छक्का लगाया।

(इस खबर को एनडीटीवी टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है)

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
मुंबई इंडियन्स, रोहित शर्मा, राइजिंग पुणे सुपरजाइंट्स, एमएस धोनी, आईपीएल9, IPL9, Rising Pune Supergiants, Mumbai Indians, MS Dhoni, Rohit Sharma