विज्ञापन

कश्मीर को कारगिल और लद्दाख से जोड़ने वाली जोजिला टनल अब खुलने को तैयार, 9 जून को 'ब्रेकथ्रू' बनाएगा रिकॉर्ड

जोजिला टनल, जोजिला दर्रे के नीचे बन रही एक सुरंग है, जो जम्मू-कश्मीर के गांदरबल जिले के सोनमर्ग को लद्दाख के कारगिल जिले के द्रास से जोड़ेगी. यह सुरंग 9.5 मीटर चौड़ी, 7.57 मीटर ऊंची और 14.2 किलोमीटर लंबी होगी. यह घोड़े की नाल के आकार की सिंगल-ट्यूब, दो-लेन सड़क सुरंग होगी.

कश्मीर को कारगिल और लद्दाख से जोड़ने वाली जोजिला टनल अब खुलने को तैयार, 9 जून को 'ब्रेकथ्रू' बनाएगा रिकॉर्ड
जोजिला पास टनल समुद्र तल से करीब 12,000 फीट की ऊंचाई पर बनाई जा रही है.
  • जोजिला पास पर बन रही लगभग तेरह किलोमीटर लंबी सुरंग समुद्र तल से ग्यारह हजार पांच सौ फीट की ऊंचाई पर स्थित है
  • यह सुरंग कश्मीर घाटी को कारगिल और लद्दाख से सालभर सड़क संपर्क से जोड़े रखने में सक्षम होगी
  • भारी बर्फबारी के कारण जोजिला दर्रा कई महीनों तक बंद रहता था, जिससे लद्दाख की सड़क संपर्क प्रभावित होती थी
कश्मीर:

भारत-पाकिस्तान की लड़ाई के दौरान 1948 में सैनिकों ने जोजिला पास को अपने नियंत्रण में लिया था. अब एक बार फिर जोजिला पास पर बन रहे टनल की वजह से ये सुर्खियों में है. जोजिला पास के टनल के बनने से कश्मीर और लद्दाख के बीच हर मौसम में सड़क संपर्क बना रहेगा. जोजिला टनल 9 जून को एक बड़े माइलस्टोन तक पहुंचने जा रही है. केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी इस दिन सुरंग के ब्रेकथ्रू कार्यक्रम में शामिल होंगे. इसे केवल एक इंजीनियरिंग उपलब्धि नहीं, बल्कि देश की कनेक्टिविटी और राष्ट्रीय सुरक्षा को मजबूत करने वाले अहम कदम के रूप में देखा जा रहा है.

13 KM की सुरंग, 11000 फ़ीट से ज़्यादा ऊंचाई

करीब 13.15 किलोमीटर लंबी यह सुरंग समुद्र तल से लगभग 11,500 फीट की ऊंचाई पर बन रही है. ब्रेकथ्रू ब्लास्ट सुरंग निर्माण के सबसे कठिन चरण के पूरा होने का संकेत माना जाता है. परियोजना पूरी होने के बाद यह कश्मीर घाटी को कारगिल और लद्दाख से सालभर जोड़े रखेगी. साथ ही यह दुनिया की सबसे लंबी सिंगल-ट्यूब दोतरफा सड़क सुरंगों में शामिल होगी.

Latest and Breaking News on NDTV

फिलहाल भारी बर्फबारी के कारण जोजिला दर्रा हर साल कई महीनों तक बंद रहता है, जिससे लद्दाख का सड़क संपर्क प्रभावित होता है. सुरंग बनने के बाद इस समस्या से काफी हद तक राहत मिलेगी.

भारत की बढ़ेगी सामरिक ताकत

ट्रांसपोर्ट एक्सपर्ट अभिजीत सिंहा ने कहा कि बर्फबारी के दौरान रास्ता बंद होने से सैन्य, लॉजिस्टिक और उपकरणों की आवाजाही में बड़ी दिक्कतें आती हैं. उन्होंने कहा कि जोजिला टनल एक बेहद चुनौतीपूर्ण परियोजना रही है और इसके पूरा होने के बाद आम लोगों के साथ-साथ सेना की भी पूरे साल निर्बाध कनेक्टिविटी बनी रहेगी.

स्थानीय लोगों में भी इस परियोजना को लेकर उत्साह है. एक स्थानीय निवासी ने कहा कि वे बचपन से जोजिला टनल की चर्चा सुनते आ रहे हैं और इसके पूरा होने से आम लोगों को बड़ा फायदा होगा. उन्होंने बताया कि कई बार सड़क बंद होने के कारण इलाज के लिए श्रीनगर पहुंचना मुश्किल हो जाता था, लेकिन अब ऐसी परेशानियां काफी कम हो जाएंगी.

Latest and Breaking News on NDTV

ट्रांसपोर्ट एक्सपर्ट अभिजीत सिंहा के मुताबिक जोजिला टनल का सबसे बड़ा महत्व इसके सामरिक पहलू से जुड़ा है. चीन और पाकिस्तान की सीमाओं के करीब स्थित लद्दाख तक सेना और सुरक्षा बलों की तेज आवाजाही के लिए यह परियोजना बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है.

सुरंग बनने के बाद सैनिकों, हथियारों, ईंधन और अन्य जरूरी सैन्य सामग्री की आपूर्ति हर मौसम में संभव हो सकेगी. इससे सीमावर्ती इलाकों में तैनात जवानों तक संसाधन तेजी से पहुंचेंगे और सेना की परिचालन क्षमता भी मजबूत होगी.

जोजिला टनल को लद्दाख की नई लाइफलाइन माना जा रहा है. इसके पूरा होने से न केवल सालभर सड़क संपर्क बना रहेगा, बल्कि पर्यटन, व्यापार और क्षेत्रीय विकास को भी नई गति मिलेगी. 9 जून का ब्रेकथ्रू इसी दिशा में एक ऐतिहासिक कदम माना जा रहा है.

Latest and Breaking News on NDTV

ये भी पढ़ें: जोजिला सुरंग में सेल ने डाली जान, 31,000 टन से ज़्यादा स्टील दिया

ये भी पढ़ें: एशिया की सबसे लंबी सुरंग का काम करीब 70 फीसदी पूरा, पूरे साल श्रीनगर से लद्दाख जा सकेंगे लोग

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com