विज्ञापन

जिमखाना विवाद के बाद अब संकट में यमुना के 5 वाटर स्पोर्ट्स क्लब! खाली करने का मिला नोटिस

DDA के नोटिस के बाद यमुना नदी के किनारे स्थित 5 वाटर स्पोर्ट्स क्लब भी संकट में आ गए हैं. इन क्लबों को सरकारी जमीन पर अवैध अतिक्रमण का आरोप लगाते हुए खाली करने का नोटिस जारी किया गया है.

जिमखाना विवाद के बाद अब संकट में यमुना के 5 वाटर स्पोर्ट्स क्लब! खाली करने का मिला नोटिस
  • DDA ने यमुना नदी के किनारे स्थित पांच वाटर स्पोर्ट्स क्लबों को अवैध कब्जे का आरोप लगाकर नोटिस जारी किया है.
  • इन क्लबों को तीन दिन के भीतर अपनी जगह खाली करने का आदेश दिया गया है, अन्यथा प्रशासन बलपूर्वक कार्रवाई करेगा.
  • ये क्लब सेना और सीमा सुरक्षा बल से जुड़े हैं और दिल्ली रोइंग एसोसिएशन के तहत संचालन होते हैं.
क्या हमारी AI समरी आपके लिए उपयोगी रही?
हमें बताएं।

दिल्ली के जिमखाना क्लबों को लेकर चल रहे विवाद के बीच अब यमुना नदी के किनारे चल रहे 5 वाटर स्पोर्ट्स क्लबों पर भी बंद होने का खतरा मंडरा रहा है. दिल्ली विकास प्राधिकरण (DDA) ने उत्तर-पूर्वी दिल्ली के सोनिया विहार वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट के पास बने इन क्लबों को सरकारी जमीन पर अवैध कब्जे का आरोप लगाते हुए नोटिस जारी किया है.

DDA ने इन क्लबों को अपनी जगह खाली करने के लिए सिर्फ 3 दिन का समय दिया है. नोटिस में साफ चेतावनी दी गई है कि अगर 3 दिनों के भीतर ये अस्थायी ढांचे नहीं हटाए गए, तो प्रशासन बलपूर्वक इन्हें हटा देगा. नोटिस के मुताबिक, यह पूरी जमीन सरकारी है और DDA के तहत आती है.

सेना और BSF से भी जुड़े हैं ये क्लब

यमुना किनारे स्थित इन 5 वाटर स्पोर्ट्स क्लबों में शामिल वसुंधरा रोइंग क्लब, बीएसएफ सेंटर वाटर स्पोर्ट्स क्लब, सोनिया विहार वाटर स्पोर्ट्स क्लब, वज़ीराबाद वाटर स्पोर्ट्स क्लब और दिल्ली रोइंग नोड का संचालन अलग-अलग संस्थाओं द्वारा किया जाता है. दिल्ली रोइंग एसोसिएशन से जुड़े इन क्लबों में से दो क्लब भारतीय सेना और सीमा सुरक्षा बल (BSF) की देखरेख में चलते हैं, जबकि दो अन्य क्लबों का संचालन निजी तौर पर किया जाता है.

खिलाड़ियों की ट्रेनिंग पर संकट

एक प्राइवेट क्लब के आयोजक ने बताया कि वे आगामी 12 जून से शुरू होने वाली नेशनल लेवल (राष्ट्रीय स्तर) की प्रतियोगिता की तैयारी कर रहे थे. अब इस नोटिस के बाद खिलाड़ियों की ट्रेनिंग और पूरी प्रतियोगिता पर संकट के बादल मंडरा रहे हैं. क्लब के लोगों ने सरकार से मांग की है कि उन्हें यमुना के पास ही कोई दूसरी जगह दी जाए ताकि वे वॉटर स्पोर्ट्स की एक्टिविटीज जारी रख सकें.

ये क्लब दिल्ली-एनसीआर के उन चुनिंदा स्थानों में से हैं जहां एथलीटों को नाव चलाने (रोइंग, कयाकिंग और कैनोइंग) की ट्रेनिंग दी जाती है. दिल्ली रोइंग एसोसिएशन के सदस्यों का कहना है कि इन क्लबों के बंद होने से नेशनल गेम्स की तैयारी कर रहे खिलाड़ियों का भविष्य दांव पर लग जाएगा और दिल्ली में वॉटर स्पोर्ट्स का बुनियादी ढांचा पूरी तरह खत्म हो जाएगा.

ये भी पढ़ें : दिल्ली एयरपोर्ट पर लगा हाईटेक सिस्टम 'SKYCAST', दुनिया के चुनिंदा हवाईअड्डों पर ही है ये सुविधा, जानें खासियत

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com