- भारत के 1140 टोल प्लाजा पर 5100 से अधिक महिलाएं दिन की पाली में ड्यूटी कर रही हैं, यह NHAI ने बताया.
- NHAI ने टोल संचालन में महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के लिए महिलाओं की भागीदारी बढ़ाई है.
- सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय ने टोल संचालन में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए यह पहल शुरू की है.
Women's Day: खेल का मैदान हो या अंतरिक्ष की उड़ान, IT सेक्टर की नौकरी हो या जोखिम भरा काम... आज दुनिया के हर पेशे में महिलाएं अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रही हैं. महिलाएं हर पेशे में अपने-आप को न केवल साबित कर रही हैं बल्कि कई मायनों में तो पुरुषों से भी आगे निकल रही हैं. जो उनकी कार्यकुशलता को बताता है. महिलाएं अब जोखिम भरे काम में अपने आप को साबित कर रही हैं. एक ऐसा ही काम है टोल प्लाजा पर ड्यूटी करना. इसमें नेशनल हाईवे पर हर रोज गुजरने वाली हजारों गाड़ियों के बीच बैठकर अपने काम को अंजाम देना होता है. अभी टोल प्लाजा का काम ज्यादातर पुरुष ही किया करते थे. लेकिन बीते कुछ सालों में बड़ी संख्या में महिलाओं ने भी टोल प्लाजा पर काम करना शुरू किया है.
अभी 1140 टोल प्लाजा पर 5100 से अधिक महिलाएं कर रहीं ड्यूटी
अभी भारत की 1140 टोल प्लाजा पर 5100 से अधिक महिलाएं कर ड्यूटी कर रही हैं. इस बात की जानकारी शुक्रवार को NHAI ने दी. पीआईबी की ओर से जारी प्रेस नोट में बताया गया कि टोल संचालन में महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से NHAI ने देश भर के राष्ट्रीय राजमार्गों और एक्सप्रेसवे नेटवर्क पर 1,140 से अधिक टोल प्लाजा पर दिन की पाली (डे शिफ्ट) में 5,100 से अधिक महिला कर्मचारियों को तैनात किया है.
शुक्रवार को जारी एक आधिकारिक बयान के अनुसार, फ्रंटलाइन परिचालन भूमिकाओं में महिलाओं की अधिक भागीदारी को प्रोत्साहित करके, NHAI का लक्ष्य देश भर के राष्ट्रीय राजमार्ग टोल प्लाजा पर सेवा वितरण में सुधार के साथ-साथ लैंगिक समावेशिता और सामाजिक सशक्तिकरण को बढ़ावा देना है.
महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने का मकसद
सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय ने कहा कि NHAI ने टोल संचालन में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने के उद्देश्य से यह कदम उठाया है. यह निर्णय विभिन्न हितधारकों के साथ विचार-विमर्श और चर्चा के बाद लिया गया, जिनमें प्लाजा संचालक और प्रमुख उद्योग संघ जैसे नेशनल हाईवे बिल्डर फेडरेशन (NHBF), हाइवे ऑपरेटर्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया (HOAI) और ऑल इंडिया यूजर फी कॉन्ट्रैक्टर्स फेडरेशन (AIUCF) शामिल हैं.
टोल प्लाजा पर महिलाओं की संख्या और बढ़ाया जाएगा
वर्तमान में 5,100 से अधिक महिला कर्मचारी पहले ही तैनात की जा चुकी हैं, और निकट भविष्य में और अधिक महिलाओं के इस अभियान से जुड़ने की उम्मीद है. इस पहल के हिस्से के रूप में, NHAI तैनात महिला कर्मचारियों, विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों की महिलाओं के लिए विशेष प्रशिक्षण की सुविधा भी प्रदान करेगा.
यह भी पढ़ें - Women's Day 2026: हर महिला के मोबाइल में सेव होने चाहिए ये नंबर, एक कॉल में मिलेगी मदद
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं