विज्ञापन
This Article is From May 04, 2015

वह मुझे भैया बुलाती हैं, बोले कुमार विश्वास | कहा- हमें लेकर इतना अपयश न फैलाएं

वह मुझे भैया बुलाती हैं, बोले कुमार विश्वास | कहा- हमें लेकर इतना अपयश न फैलाएं
कुमार विश्वास (फाइल फोटो)
आम आदमी पार्टी के नेता कुमार विश्वास को महिला आयोग ने नोटिस भेजकर बुलाया है। आयोग ने विश्वास को एक महिला के साथ कथित तौर पर संबंधों के चलते बुलाया है। आयोग ने कुमार को जो नोटिस भेजा है, वह पीड़ित महिला की शिकायत पर भेजा है। वहीं कुमार विश्वास ने कहा कि मी़डिया हमें लेकर इतना अपयश न फैलाएं जो आरोप लग रहे हैं वे गलत हैं।

दरअसल, इन महिला का कहना है कि कुमार विश्वास के चलते उनकी पारिवारिक जिन्दगी खऱाब हो गई है। महिला चाहती हैं कि  कुमार विश्वास मीडिया में आकर बयान दें कि अवैध संबंधों का मामला गलत है ताकि उसका परिवार टूटने से बच सके। यह महिला जोकि आप की कार्यकर्ता रहीं,  2014 के चुनावों में अमेठी में विश्वास का प्रचार करने गई थीं।

कुमार विश्वास मीडिया से बोले..

कुमार विश्वास आरोपों पर बोले- मेरे ऐसे कोई संबंध नहीं हैं। नैतिक अनुशासन रखिए। हमें गोली मार दीजिए, जेल में बदं करवा दीजिए लेकिन अपशब्द मत बोलिए ऐसे..। वह बोले, लड़की ने भैया कहकर चिट्ठी लिखी। उसके पति खुद यहां आए थे और हमने कहा कि यह सत्य की लड़ाई है। राजनीति बलिदान मांगती है। हमारे इरादे कमजोर नहीं होंगे। उन्होंने कहा कि शिकायत में अवैध संबंध का जिक्र नहीं है। चार लोगों के खिलाफ महिला ने शिकायत लिखी लेकिन आज तक कोई ऐक्शन नहीं लिया गया।

क्या कहना है महिला आयोग का..

वहीं, इस मामले पर महिला आयोग की अध्यक्ष बरखा सिंह का कहना है कि महिला ने केजरीवाल को भी शिकायत पत्र दिया है। हमने समन भेजा है विश्वास को और उन्हें सामने आना चाहिए और अपनी बात रखनी चाहिए।

क्या कहना है पीड़ित महिला का..

पीड़ित महिला ने कहा-  मैं इस पूरे मामले पर केजरीवाल और विश्वास के पास गई। लेकिन केवल महिला आयोग ने ही मेरी बात सुनी। उन्होंने दो और महिलाओं का नाम लेकर कहा कि देखो उनका भी नाम आ रहा है। तुम बातों को तूल दे रही हो। यह तो बेहद छोटी बात है।


पीड़ित महिला का कहना है कि विश्वास ने कहा कि आपको जो करना हो, कर लो। उन्होंने कहा कि आप FIR करो, तब मैं मीडिया के सामने आकर कहूंगा कि यह लड़की मेरी बहन है। मैंने इस पूरे मामले पर केजरीवाल को सचिवालय में जाकर बाय- हैंड चिट्ठी दी लेकिन कोई रिस्पॉन्स नहीं मिला। तब जाकर मैं महिला आयोग गई,  जहां मेरी बात सुनी गई।

AAP ने दी सफाई..

AAP नेता संजय सिंह ने इस मामले पर बाकायदा प्रेस कॉन्फ्रेंस करके मीडिया पर ही उल्टे निशाना साधा और कहा, हमारे बारे में सबूत मिले तो चलाइए.. ऐसे खबरें मत चलाइए। तथ्यहीन खबरें मत चलाइए। हमारे नेताओं पर तथ्यहीन आरोप लग रहे हैं। कुमार की खबर में सचाई कुछ और है और दिखाया कुछ और जा रहा है। हमारे परिवार बहुत पीड़ित होते है इन खबरों से।

उन्होंने कहा, जिस महिला की बात की जा रही है। उसने 31 मार्च 2015 को खुद पुलिस में शिकायत दर्ज की जिसमे उसने लिखा है कि उसको सोशल मीडिया पर बदनाम किया जा रहा है। उस शिकायत में किसी प्रकार का अवैध सम्बन्ध का जिक्र नहीं है। महिला ने सिर्फ बदनाम करने की शिकायत की है।



AAP पर निशाना साधा...

बीजेपी की नेता और आप की पूर्व सदस्य शाजिया इल्मी ने इस बारे में कहा, 'पता चला है कि उन्हें (महिला) को जान से मारने की धमकी दी जा रही है। यह बेहद गलत बात है। पीड़ित महिला की बात सुनी जानी चाहिए। उन पर किसी तरह का कोई प्रेशर नहीं डालें। बात सुनें और उसके बाद यदि जरूरत पड़े तो FIR दर्ज करें।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, महिला के पति ने उसे घर से निकाल दिया है और पति उन्हें तलाक देने की धमकी भी दे रहा है। महिला पिछले एक महीने से पति से अलग रह रही है।

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Kumar Vishwas, कुमार विश्वास, महिला आयोग, बरखा सिंह
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com