- केरल के CM पद के लिए कांग्रेस के विधायक दल की बैठक में पार्टी आलाकमान को निर्णय लेने का अधिकार मिला है
- मुख्यमंत्री पद की दौड़ में केसी वेणुगोपाल, वीडी सतीशन और रमेश चेन्नीथला तीन नाम प्रमुख हैं
- विधायकों से रायशुमारी के बाद पर्यवेक्षक अपनी रिपोर्ट कांग्रेस हाईकमान को सौंपेंगे और अंतिम फैसला होगा
केरल का मुख्यमंत्री कौन बनेगा? इस सवाल का जवाब सभी जानना चाहते हैं. सीएम चेहरा चुनने के लिए कांग्रेस के नव निर्वाचित विधायक दल की बैठक में पार्टी आलाकमान को अधिकृत किया गया है. इसे लेकर तिरुवनंतपुरम में कांग्रेस विधायक दल की बैठक में एक लाइन का प्रस्ताव पारित किया गया. पर्यवेक्षक अजय माकन और मुकुल वासनिक अब एक-एक कर विधायकों से मिल कर उनकी राय जान रहे हैं.
केरल CM की रेस में ये तीन नाम आगे
केरल सीएम की रेस में तीन नाम सबसे ऊपर हैं, जो कि केसी वेणुगोपाल, वीडी सतीशन और रमेश चेन्नीथला हैं. विधायकों के समर्थन के मामले वेणुगोपाल का पलड़ा भारी है. वहीं सतीशन आम लोगों के बीच काफ़ी लोकप्रिय हैं. विधायकों से रायशुमारी के बाद दोनों पर्यवेक्षक गुरुवार शाम वापस दिल्ली लौटेंगे और इसके बाद पार्टी आलाकमान को अपनी रिपोर्ट सौंपेंगे. इसके बाद राहुल गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष खरगे केरल के अगले सीएम का नाम तय करेंगे. माना जा रहा है कि अंतिम फ़ैसले से पहले कांग्रेस आलाकमान प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं को दिल्ली बुला सकता है.

कांग्रेस को केरल के लिए चाहिए कैसा सीएम?
वेणुगोपाल 63 साल के हैं. वहीं इस महीने सतीशन 62 साल और चेन्नीथला 70 साल के हो जाएंगे. तीनों ही नेता अगड़ी जाति के तहत आने वाले नायर समाज से आते हैं जो केरल की आबादी का करीब 12 फीसदी है. कांग्रेस आलाकमान केरल की बागडोर ऐसे नेता के हाथों में सौंपना चाहेगा जो मजबूती से और बिना किसी विवाद के सरकार चल सके.
विधायकों से पूछी जा रही उनकी पसंद
बता दें कि केरलम में कांग्रेस ने जबरदस्त वापसी की है. केरल में 10 साल बाद कांग्रेस गठबंधन की सरकार बनाने जा रही है. कांग्रेस की अगुवाई वाले यूडीएफ ने 99 सीटें जीती हैं. वहीं लेफ्ट 35 सीटों पर सिमट गया. चर्चा अब मुख्यमंत्री पद को लेकर है. राजधानी तिरुवनंतपुरम से लेकर देश की राजधानी दिल्ली तक हलचल तेज है. केरल के नए सीएम के नाम पर अब तक मुहर नहीं लग सकी है. विधायकों से रायशुमारी की जा रही है. हालांकि आखिरी फैसला तो हाईकमान का ही होगा.
ये भी पढ़ें- वेणुगोपाल, सतीशन या चेन्नीथला... कौन बनेगा केरल का अगला सीएम? समझिए समीकरण
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं