विज्ञापन

भवानीपुर से सुवेंन्‍दु अधिकारी ने ममता बनर्जी को किया चैलेंज, क्‍या CM नंदीग्राम में देंगी चुनौती?

Mamata Banerjee Vs Suvendu Adhikari : बीजेपी ने पश्चिम बंगाल के लिए 144 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की है, जिसमें सुवेंदु अधिकारी ने नंदीग्राम और भवानीपुर दोनों सीटों से चुनाव लड़ने का ऐलान किया है. ममता बनर्जी की ओर से आज उम्मीदवारों की सूची जारी होगी, लेकिन संभावना कम है कि वे नंदीग्राम से चुनाव लड़ेंगी, जहां सुवेंदु अधिकारी का दबदबा है.

भवानीपुर से सुवेंन्‍दु अधिकारी ने ममता बनर्जी को किया चैलेंज, क्‍या CM नंदीग्राम में देंगी चुनौती?
  • बीजेपी ने बंगाल चुनाव के लिए पहली सूची में 144 उम्मीदवारों के नाम घोषित किए हैं
  • सुवेन्दु अधिकारी नंदीग्राम की अपनी परम्परागत सीट के साथ-साथ भवानीपुर सीट से भी चुनाव लड़ेंगे
  • ममता बनर्जी आज TMC की उम्मीदवार सूची जारी करेंगी, लेकिन नंदीग्राम से चुनाव लड़ने की संभावना कम मानी जा रही है
क्या हमारी AI समरी आपके लिए उपयोगी रही?
हमें बताएं।
नई दिल्‍ली:

West Bengal Election: बीजेपी की ओर से बंगाल के लिए जारी पहली सूची में 144 उम्मीदवारों के नाम का ऐलान किया गया है. इसमें सबसे बड़ा नाम सुवेन्दु अधिकारी का है, जो अपनी परम्परागत नंदीग्राम सीट के अलावा ममता बनर्जी की भवानीपुर सीट पर भी चुनाव लड़ने जा रहे हैं. अब सबकी नज़र आज तृणमूल कांग्रेस की ओर से जारी होने वाले उम्मीदवारों की सूची पर है. खुद ममता बनर्जी आज इस सूची को जारी करने जा रही हैं. ऐसे में संसद भवन में बंगाल के सांसदों में चर्चा बस एक ही बात की हो रही है. क्या ममता बनर्जी भी सुवेन्दु अधिकारी के गढ़ नंदीग्राम विधानसभा सीट पर उन्हें चुनौती देते हुए चुनाव लड़ने का ऐलान करेंगी? 

क्‍या CM ममता भी नंदीग्राम से चुनाव लड़ेंगी?

NDTV को एक सांसद ने बताया कि इस बात की संभावना बेहद कम है कि ममता भी नंदीग्राम से चुनाव लड़ेंगी. इस सांसद का मानना था कि भवानीपुर से भी उम्मीदवारी का ऐलान करके सुवेन्दु अधिकारी ने ममता के लिए इधर कुआं उधर खाई जैसी स्थिति पैदा कर दी है. अगर ममता बनर्जी नंदीग्राम से चुनाव लड़ती हैं तो चुनौती बड़ी है और अगर नहीं लड़ती हैं, तो बीजेपी उनपर मैदान से भागने का आरोप लगाते हुए चुनावी मुद्दा बनाएगी. नंदीग्राम के इलाके में सुवेन्दु अधिकारी के परिवार का दबदबा रहा है. टीएमसी के एक सांसद ने यहां तक बताया कि 2021 में नंदीग्राम के चुनाव में कुछ बूथों पर ममता का पोलिंग एजेंट असल में सुवेन्दु अधिकारी का आदमी था. 

ममता को ललकार सुवेन्दु अधिकारी ने दिया बड़ा संदेश 

वहीं, एक बीजेपी सांसद ने बताया कि भवानीपुर ममता का गढ़ है और सुवेन्दु अधिकारी का वहां से जीतना बेहद मुश्किल है. लेकिन ममता के गढ़ में चुनौती देकर सुवेन्दु अधिकारी बड़ा राजनीतिक संदेश देने जा रहे हैं. बीजेपी सांसद ने 2013 के दिल्ली विधानसभा चुनाव की याद दिलाई जब अरविंद केजरीवाल ने तब की मुख्यमंत्री शिला दीक्षित को उनके गढ़ में चुनौती दी और उन्हें हरा भी दिया. इस लड़ाई का फ़ायदा केजरीवाल की पार्टी को बाक़ी दूसरी सीटों पर भी मिला था. 

ये भी पढ़ें :- TMC, DMK, कांग्रेस- आने वाले विधानसभा चुनावों में विपक्षी दलों का सबकुछ दांव पर

तब नंदीग्राम की चुनावी जंग हार गई थीं ममता 

2021 विधानसभा चुनाव में नंदीग्राम विधानसभा सीट से ममता बनर्जी ने चुनाव लड़ा था, जो सुवेन्दु अधिकारी का गढ़ माना जाता है. सुवेन्दु अधिकारी विधानसभा चुनाव से कुछ ही दिनों पहले टीएमसी छोड़कर बीजेपी में शामिल हुए थे. चुनाव में अधिकारी ने ममता को 1956 वोटों से शिकस्त देते हुए चुनाव का सबसे बड़ा उलटफेर किया था. चुनाव में ममता तो हार गईं, लेकिन उनकी पार्टी को प्रचंड जीत मिली और वो फिर से मुख्यमंत्री बनीं. ऐसे में नंदीग्राम में सुवेन्दु अधिकारी से हारने के बाद ममता बनर्जी ने अपनी परम्परागत सीट भवानीपुर विधानसभा सीट से उपचुनाव लड़ा और विधायक बनीं. 

ममता, नंदीग्राम से चुनाव लड़ें या ना लड़ें , इतना तय है कि बंगाल चुनाव की सबसे हॉट सीट भवानीपुर विधानसभा सीट होगी, जहां ममता और ममता के पुराने वफादार सुवेन्दु अधिकारी के बीच मुकाबला होगा. 

ये भी पढ़ें :- बंगाल चुनाव दो चरणों में होने से टीएमसी को क्यों राहत और बीजेपी को कैसे दिख रहा मौका?

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com