विज्ञापन

बेरोजगारों को हर महीने 3000, एक लाख नौकरियां... बंगाल में BJP सरकार के पहले बजट की 7 बड़ी सौगातें

बंगाल में पहली बार बनी BJP की सरकार ने आज अपना पहला बजट पेश किया है. इस बजट में बीजेपी बेरोजगारी भत्ता, पेंशन स्कीम, एक लाख नौकरी सहित कई बड़ी घोषणाएं की है. बंगाल में आज पेश हुए बजट की बड़ी बातें क्या रहीं, आइए जानते हैं...

बेरोजगारों को हर महीने 3000, एक लाख नौकरियां... बंगाल में BJP सरकार के पहले बजट की 7 बड़ी सौगातें
बंगाल में शुभेंदु सरकार के पहले बजट में कई बड़ी घोषणाएं की गई है.
  • बजट में बंगाल के वित्त मंत्री दासगुप्ता ने एक लाख भर्ती का वादा किया, जिनमें से 33 % महिलाओं के लिए होंगी.
  • सरकार ने महंगाई भत्ते (DA) में 20 प्रतिशत की वृद्धि करेगी, जिससे यह कुल 38 प्रतिशत हो जाएगा.
  • साथ ही बंगाल में बेरोजगारों के भत्ते वाली भरोसा स्कीम की घोषणा की गई है.

West Bengal Budget 2026: बंगाल की BJP सरकार ने अपने पहले बजट में कई बड़ी घोषणाएं की हैं. सोमवार को पेश किए गए बजट में बेरोजगारों के लिए हर महीने 3000 रुपए महीने देने वाली 'भरोसा स्कीम' की घोषणा की है. इसके अलावा एक लाख भर्तियों का भी ऐलान किया गया है. राज्य सरकार के कर्मचारियों के लिए बड़ी घोषणा करते हुए वित्त मंत्री ने DA (महंगाई भत्ता) में 20 प्रतिशत की बढ़ोतरी का ऐलान किया, यह अक्टूबर 2026 से लागू होगा. विधवा पेंशन बढ़ाने के साथ-साथ कोलकाता में एक और एयरपोर्ट बनाने की घोषणा की गई है. बजट में सभी प्रमुख सामाजिक योजनाओं को जारी रखने और एक लाख सरकारी रिक्तियों को भरने का वादा किया गया है. 

बंगाल में BJP सरकार के पहले बजट की 7 बड़ी सौगातें 

  1. महंगाई भत्ते (DA) में 20 प्रतिशत की वृद्धि करेगी.
  2. बेरोजगारों के लिए भरोसा स्कीम, हर महीने 3000 रुपए भत्ता.
  3. एक लाख भर्तियों का ऐलान, महिलाओं को 33 फीसदी आरक्षण.
  4. विधायक निधि फंड को 70 लाख बढ़ाकर एक करोड़.
  5. अगले दो साल तक सरकारी नौकरियों के लिए आयु सीमा में 5 साल की छूट.
  6. कोलकाता के कल्याणी में एक और एयरपोर्ट, जमीन की तलाश जारी.
  7. विधवा पेंशन में 500 रुपये का इजाफा, महिला थाने भी होंगे स्थापित.

DA में 20 प्रतिशत की वृद्धि 

बजट भाषण में पश्चिम बंगाल के वित्त मंत्री दासगुप्ता ने कहा कि सरकार महंगाई भत्ते (DA) में 20 प्रतिशत की वृद्धि करेगी, जिससे यह कुल 38 प्रतिशत हो जाएगा. साथ ही सेवानिवृत्त पत्रकारों को 5,000 रुपए मासिक पेंशन मिलेगी. राजनीतिक कारणों से जेल में रहे लोगों को 10,000 रुपये प्रति माह दिए जाएंगे. 

बंगाल में बजट पेश करते वित्त मंत्री स्वपन दासगुप्ता.

बंगाल में बजट पेश करते वित्त मंत्री स्वपन दासगुप्ता.

33 फीसदी महिला आरक्षण के साथ एक लाख पदों पर भर्ती

बजट भाषण में बंगाल के वित्त मंत्री दासगुप्ता ने एक लाख सरकारी पद भरने का वादा किया, जिनमें से 33 प्रतिशत महिलाओं के लिए होंगी. 20,000 पुलिस पदों, 50,000 शिक्षण पदों को भरेगी. सिविक पुलिस, होमगार्ड और ग्रीन पुलिस के मासिक वेतन में 2,000 रुपये की वृद्धि करेगी. जहां लागू हो, वहां 10 प्रतिशत रिक्तियां 'अग्निवीरों' के लिए आरक्षित होंगी. सरकारी पदों पर भर्ती के लिए अधिकतम आयु सीमा में पहले ही पांच साल की छूट दी जा चुकी है, और यह प्रावधान अगले दो वर्षों तक लागू रहेगा.

बजट भाषण में वित्त मंत्री ने कहा हमारी सरकार को विरासत में 8.15 लाख करोड़ रुपये का कर्ज मिला. हमारा लक्ष्य राज्य की गौरवपूर्ण पहचान को बहाल करना और ‘विकसित भारत' के दृष्टिकोण के अनुरूप ‘विकसित बंगाल' का निर्माण करना है.

बंगाल में BJP सरकार के पहली बजट में महिलाओं के लिए क्या?

महिला योजना- 'अन्नपूर्णा भंडार' के लिए ₹3600 करोड़ आवंटित. साथ ही महिलाओं के लिए मुफ्त बस सेवा के लिए ₹550 करोड़ आवंटित किए जा रहे हैं. वित्त मंत्री ने घोषणा की कि इस मकसद के लिए जल्द ही 'पिंक कार्ड' शुरू किए जाएंगे. वित्त मंत्री स्वप्न दासगुप्ता ने आशा कार्यकर्ताओं के काम को देखते हुए उनके मासिक मानदेय को बढ़ाकर ₹5,000 करने की घोषणा की.

महिलाओं के लिए मुफ्त बस सेवा के लिए ₹550 करोड़ आवंटित किए जा रहे हैं. वित्त मंत्री ने घोषणा की कि इस मकसद के लिए जल्द ही 'पिंक कार्ड' शुरू किए जाएंगे.

कॉलेजों और सरकारी सहायता प्राप्त कॉलेजों में अविवाहित महिलाओं को पढ़ाई छोड़ने से रोकने के लिए एक बार में ₹50,000 दिए जाएंगे.
आने वाले दिनों में अनुमंडल (महाकुमा) स्तर पर महिला पुलिस स्टेशन बनाए जाएंगे. 


आपकी सरकार, आपके साथ नामक पहल शुरू

बंगाल के वित्त मंत्री स्वप्न दासगुप्ता ने MLA लोकल एरिया डेवलपमेंट फंड को सालाना 70 लाख रुपये से बढ़ाकर 1 करोड़ रुपये करने की घोषणा की है. वित्त मंत्री ने कहा कि भ्रष्टाचार-मुक्त प्रशासनिक ढांचा बनाना हमारे विजन का एक मुख्य आधार है. हमें राज्य के लोगों का भरोसा फिर से जीतना होगा. राज्य सरकार ने नागरिकों तक पहुंचने के लिए 'आपकी सरकार, आपके साथ' नाम से एक नई पहल शुरू की है.

वित्त मंत्री ने यह भी बताया कि मुर्शिदाबाद में जमीन के कटाव को रोकने के लिए ₹50 करोड़ आवंटित किए गए. साथ ही PPP मॉडल के तहत पूर्वी मिदनापुर जिले में गहरे समुद्र में बंदरगाह (डीप सी पोर्ट) का प्रस्ताव रखा गया है.

श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जयंती पर राजकीय अवकाश

साथ ही शराब के ठेके को लेकर भी एक बड़ी घोषणा की गई है. बंगाल में अब शराब के ठेके मंदिर, स्कूल-कॉलेज और अस्पतालों से कम से कम 1 किलोमीटर दूर ही खुलेंगे. साथ ही श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जयंती पर हर साल 6 जुलाई राजकीय अवकाश रहेगा. 150वीं जयंती को मनाने के लिए 200 करोड़ रुपये का फंड आवंटित किए गए.

यह भी पढ़ें - पश्चिम बंगाल में सरकारी कर्मचारियों की बल्ले-बल्ले, 20 प्रतिशत बढ़ा DA; बजट में कई बड़े फैसले

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
West Bengal Budget, West Bengal Budget News, Bengal Budget, DA Hike, Unemployment Allowance
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com