विज्ञापन

यूपी-MP से बिहार तक आफत की बारिश, चित्रकूट में बाढ़, दिल्ली-NCR में बिगड़ेगा मौसम, IMD का 16 राज्यों में अलर्ट

IMD Weather Alert: भारतीय मौसम विभाग ने यूपी, बिहार, मध्य प्रदेश समेत 16 राज्यों में 30 अगस्त को भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है. दिल्ली-NCR में भी मौसम बिगड़ने की संभावना है. रविवार को कई राज्यों में अच्छी बारिश हो सकती है.

यूपी-MP से बिहार तक आफत की बारिश, चित्रकूट में बाढ़, दिल्ली-NCR में बिगड़ेगा मौसम, IMD का 16 राज्यों में अलर्ट
यूपी-बिहार समेत 16 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट
  • यूपी, बिहार, मध्य प्रदेश समेत देश के 16 राज्यों में रविवार को झमाझम बारिश की संभावना है.
  • चित्रकूट में लगातार 18 घंटे तक हुई मूसलाधार बारिश की वजह से यहां बाढ़ जैसे हालात बने हैं.
  • भारतीय मौसम विभाग के मुताबिक बंगाल की खाड़ी में बने दवाब की वजह से तेज बारिश हो रही है.

उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, बिहार, राजस्थान समेत देश के 16 राज्यों में मौसम विभाग ने भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है. बंगाल की खाड़ी में बने ताजा सिस्टम की वजह से मॉनसून अपनी आक्रामक रफ्तार से तबाही मचा रहा है. यूपी और एमपी की बॉर्डर पर बसे चित्रकूट में भारी बारिश के बाद मंदाकिनी नदी उफान पर चल रही हैं, जिससे चित्रकूट में बाढ़ जैसे हालात बने हुए हैं, यहां लगातार 18 घंटे मूसलाधार बारिश हुई है. इसके अलावा दिल्ली-NCR में भी मौसम बिगड़ सकता है, यहां भी रविवार को बारिश की संभावना है. वहीं पहाड़ी राज्यों में झमाझम बारिश हो रही है, जिससे उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में कई स्थानों पर लैंडस्लाइड की खबरें हैं. मौसम विभाग के मुताबिक सिंतबर के पहले हफ्ते में अच्छी बारिश होने की संभावना बन रही है. उत्तर पश्चिमी राज्यों और मध्य भारत में फिलहाल बारिश लगातार होने के चांस दिख रहे हैं. 

30 अगस्त को 16 राज्यों में बारिश

30 अगस्त को भारतीय मौसम विभाग के मुताबिक उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, गुजरात, महाराष्ट्र, झारखंड, कर्नाटक और तेलंगाना में बारिश की संभावना जताई गई है. बंगाल की खाड़ी में फिलहाल बने सिस्टम की वजह से ताजा पश्चिमी विक्षोभ बना हुआ है, जिसकी लाइन सीधे यूपी, एमपी समेत उत्तर पश्चिमी राज्यों से गुजर रही है, जिसके चलते यहां अच्छी बारिश हो रही है. जबकि पहाड़ी राज्यों में भी मॉनसून फिर से सक्रिय हैं, जिससे यहां बारिश के बाद तापमान में लगातार गिरावट देखी जा रही है. 

मध्य प्रदेश में भारी बारिश

मध्य प्रदेश के विंध्य और बुंदेलखंड अंचल में झमाझम बारिश हो रही है. जिससे चित्रकूट में बाढ़ जैसे हालात बने हुए हैं. एमपी में लगातार 18 घंटे तक हुई बारिश से चित्रकूट, सतना, छतरपुर, टीकमगढ़ और पन्ना जिलों में बाढ़ जैसे हालात बने हुए हैं, यहां कई इलाकों में जलभराव की स्थिति दिख रही है. मूसलाधार बारिश की वजह से नदी नाले उफान पर हैं. मंदाकिनी नदी करीब 30 फीट ऊंचाई से बह रही हैं, जिससे चित्रकूट में अलर्ट जारी किया गया है, घाट किनारे रहने वाले लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने की सलाह दी गई है. NDRF और SDRF की टीमें यहां रेस्क्यू में जुटी हैं. जबकि रविवार को भी तेज बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. 

यहां क्लिक करके जानिए अपने राज्य के मौसम का हाल

बिहार में गंगा का जलस्तर बढ़ा

बिहार में भी गंगा नदी का जलस्तर लगातार बढ़ता जा रहा है. नेपाल में आई बाढ़ के बाद गंगा और गंडक नदियों का जलस्तर बढ़ा है, जिससे बिहार के 6 जिलों को अलर्ट पर रखा गया है. मौसम विभाग ने बिहार में अगले 24 घंटे में पटना, गया, भोजपुर, सिवान, वैशाली, भागलपुर, दरभंगा, पूर्णिया और मुजफ्फरपुर समेत कई जिलों अच्छी बारिश होने की संभावना जताई है. पटना में गंगा नदी का दीघा घाट पूरी तरह से डूबा हुआ है, ऐसे में नदी के किनारे जाने से लोगों को मना किया गया है. अगले कुछ घंटों तक यहां सावधानी रखने की सलाह दी गई है. 

यूपी में भी बारिश का अलर्ट

उत्तर प्रदेश में भी बारिश की वजह से कई जिलों में बाढ़ जैसे हालात बने हुए हैं. रविवार को प्रयागराज, वाराणसी, उन्नाव, गोरखपुर, देवरिया, सोनभद्र, कुशीनगर, मिर्जापुर, मथुरा, आगरा, गाजियाबाद, मेरठ तक अच्छी बारिश की संभावना है. यूपी के उन्नाव में बीते 24 घंटे में सबसे ज्यादा बारिश हुई है, जिससे यहां शहर के निचले इलाकों तक पानी पहुंच गया है. कई जगहों पर तो सड़कों पर नाव चलानी की स्थिति बन गई. फिलहाल मौसम विभाग ने लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है, क्योंकि बारिश की वजह से जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है. 

दिल्ली-NCR में बदलेगा मौसम

दिल्ली-NCR में भी अगले 24 घंटे में मौसम बदल सकता है. पिचले तीन दिनों से यहां बारिश पर ब्रेक लगा हुआ है, लेकिन मौसम विभाग का कहना है कि रविवार को बरसात की संभावना बन रही है. जिससे तापमान में भी कुछ बदलाव होगा. ऐसे में लोगों को उमसभरी गर्मी से राहत मिल सकती है. फिलहाल दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद और गुरुग्राम में 3 दिनों से बारिश पर ब्रेक लगा है. जिससे तापमान में भी बढ़ोत्तरी होना शुरू हो गई है. 

हिमाचल-उत्तराखंड में जारी है बारिश 

पहाड़ी राज्यों में भी झमाझम बारिश का दौर जारी है. उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में मौसम विभाग ने रविवार को भी तेज बरसात होने की संभावना जताई है. क्योंकि यहां लगातार मौसम में बदलाव दिख रहा है. शनिवार को उत्तराखंड में जोरदार बारिश हुई है. देहरादून, हरिद्वार, ऋषिकेश, चमोली, नैनीताल, अल्मोड़ा समेत आसपास के इलाकों में रविवार को भी भारी बारिश की संभावना है. जबकि हिमाचल प्रदेश में शिमला, सोलन, मंडी, बिलासपुर जिलों में आज अच्छी बारिश हो सकती है. दोनों राज्यों में 50 से ज्यादा सड़कों पर लैंडस्लाइड होने की वजह से यातायात प्रभावित हुआ है. 

भारतीय मौसम विभाग के मुताबिक बंगाल की खाड़ी में बने दवाब की वजह से बारिश हो रही है. सिंतबर के पहले हफ्ते में देश में अच्छी बारिश के योग बन रहे हैं. उत्तर भारत से लेकर दक्षिण भारत तक अगले कुछ दिनों में अच्छी बारिश होगी. जिससे मॉनसून का कोटा और पूरा होने के चांस हैं. 

ये भी पढे़ंः चारों तरफ तबाही, बीच में अकेला घर, नेपाल बाढ़ का खौफनाक वीडियो, जानें कैसे बचा परिवार

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
IMD Weather Alert, Weather Update Today, Today Rain Alert, UP Weather Update, Delhi NCR Rain Alert
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com