Kal Ka Mausam 23 July 2026: दिल्ली-एनसीआर समेत देशभर के कई राज्यों में मॉनसून फिर से एक्टिव हो रहा है. पिछले दो दिनों से उत्तर भारत के राज्यों में जहां रुक-रुककर बारिश हो रही है, वहीं जम्मू-कश्मीर, हिमाचल से लेकर बंगाल और नॉर्थ ईस्ट के राज्यों में भारी बारिश के बाद बाढ़ जैसे हालात हो गए हैं. मौसम विभाग ने कल दिल्ली, यूपी, बिहार, गुजरात से लेकर महाराष्ट्र तक बारिश का अलर्ट जारी किया है. कल देश के 27 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में बारिश या आंधी-तूफान का अलर्ट जारी किया है. जानिए कल आपके राज्य में कैसा रहेगा मौसम.
दिल्ली-NCR में बारिश का अलर्ट
दिल्ली-एनसीआर में मौसम ने करवट ली है. कई इलाकों में बारिश के बाद मौसम सुहाना हो गया है. बीते 24 घंटों के दौरान आसमान पर काले घने बादलों का डेरा, कई इलाकों में हल्की बारिश और तेज हवाओं के चलते लोगों को उमस और भीषण गर्मी से बड़ी राहत मिली है. मौसम विभाग ने कल भी दिल्ली में बारिश का अलर्ट जारी किया है. आईएमडी का कहना है कि कल आसमान में आम तौर पर बादल छाए रहेंगे. सुबह से दोपहर के बीच कई जगहों पर बहुत हल्की से हल्की बारिश हो सकती है. अधिकतम तापमान 33 डिग्री और न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है.
यूपी के कई जिलों में बारिश
मौसम विभाग ने यूपी के कई जिलों में कल बारिश का अलर्ट जारी किया है. यूपी में पिछले दो तीन दिनों से बारिश का दौर जारी है. IMD के अनुसार पूर्वी उत्तर प्रदेश में 26 जुलाई तक काफी बड़े इलाके में बारिश की संभावना है. 26 से 28 जुलाई के दौरान भारी बारिश हो सकती है. वहीं पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 27 जुलाई तक बड़े इलाके में बारिश होगी. 27 और 28 जुलाई को भारी बारिश की संभावना है.

कल कैसा रहेगा मौसम?
Photo Credit: IMD
बिहार में भारी बारिश का अलर्ट
वहीं बिहार में भी कल भारी बारिश होने के आसार हैं. मौसम विभाग ने कल बिहार में व्यापक बारिश होने की संभावना है. 22 से 24 जुलाई के दौरान भारी बारिश का अनुमान है. 26 जुलाई को बारिश की गतिविधि कुछ कम होकर कहीं-कहीं या छिटपुट रूप में हो सकती है. 27-28 जुलाई में बारिश फिर से जोर पकड़ेगी और भारी बारिश की संभावना है.
हिमाचल प्रदेश में बारिश से बुरा हाल, रेड अलर्ट जारी
हिमाचल प्रदेश में पिछले कुछ दिनों से भारी बारिश हो रही है. कई इलाकों में बाढ़ और भूस्खलन के मामले सामने आए हैं. मौसम विभाग ने कांगड़ा और मंडी जिलों के कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश की आशंका को देखते हुए 'ऑरेंज' अलर्ट जारी किया है. वहीं, चंबा, कुल्लू, शिमला, सोलन और सिरमौर जिलों के कुछ हिस्सों में भारी बारिश की आशंका के मद्देनजर 'येलो' अलर्ट जारी किया गया है. मौसम केंद्र ने चेतावनी दी है कि अगले 24 घंटों के दौरान चंबा, कांगड़ा, मंडी, शिमला, सिरमौर और कुल्लू जिलों के कुछ जलग्रहण क्षेत्रों और आसपास के इलाकों में अचानक निम्न से मध्यम स्तर की बाढ़ आ सकती है.

मध्य प्रदेश में मॉनसूनी बारिश जारी
मध्य प्रदेश में मॉनसून ने एक बार फिर मजबूती से वापसी की है. मौसम विभाग ने अगले 24–48 घंटों के दौरान मध्य प्रदेश के अनेक हिस्सों में भारी से अति भारी वर्षा की संभावना जताई है. प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस से 26 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया. भोपाल, नर्मदापुरम, जबलपुर, सागर, रीवा, शहडोल, मंडला, डिंडोरी, छिंदवाड़ा, बैतूल और आसपास के इलाकों में कल भी बारिश के आसार हैं.
राजस्थान के कई जिलों में बारिश
मौसम विभाग राजस्थान में भी एक्टिव है. राजस्थान के अनेक हिस्सों में बारिश हो रही है. मौसम विभाग के अनुसार, राज्य में बारिश का दौर फिलहाल जारी रहेगा. मौसम केंद्र जयपुर के अनुसार, 22 से 26 जुलाई के दौरान कोटा, जयपुर, भरतपुर, अजमेर, उदयपुर, जोधपुर और बीकानेर संभाग के ज्यादातर भागों में बारिश होने तथा कहीं-कहीं भारी और एक-दो स्थानों पर अत्यधिक भारी बारिश होने की संभावना है.

इन राज्यों में भी होगी बारिश
महाराष्ट्र, गुजरात, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, झारखंड, बिहार, अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा
यह भी पढ़ें: दिल्ली में झमाझम बारिश और तेज हवा, छाता लेकर बाहर निकलें, अगले 6 दिन का मौसम एडवांस में जानें
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं