विज्ञापन

तमिलनाडु में सरकार बनाने के लिए विजय की TVK CPI और CPM से भी मांगेगी समर्थन

टीवीके को कांग्रेस का समर्थन हासिल है लेकिन इसके बावजूद भी वो 118 के जादुई आंकड़े से अभी दूर है. ऐसे में टीवीके ने सरकार बनाने और 118 का आंकड़ा हासिल करने के लिए CPI और CPM जैसी पार्टियों से बात कर रही है.

तमिलनाडु में सरकार बनाने के लिए विजय की TVK CPI और CPM से भी मांगेगी समर्थन
टीवीके के उप महासचिव सीटी निर्मल कुमार ने कहा कि हम समर्थन के लिए CPI और CPM की टीमों से भी मुलाकात कर रहे हैं. 
  • तमिलनाडु में विजय की पार्टी टीवीके ने 108 सीटें जीती हैं, लेकिन यह बहुमत के लिए जरूरी 118 सीटों से कम है.
  • राज्यपाल ने टीवीके प्रमुख विजय को सरकार बनाने के लिए आवश्यक समर्थन नहीं होने को लेकर बताया है.
  • टीवीके को कांग्रेस के पांच विधायकों का समर्थन प्राप्त है, लेकिन वह अभी भी बहुमत के आंकड़े से दूर बनी हुई है.
क्या हमारी AI समरी आपके लिए उपयोगी रही?
हमें बताएं।

तमिलनाडु में 'विजय सरकार' का शपथ ग्रहण कब होगा इसे लेकर स्थिति अभी तक साफ नहीं है. पेंच बहुमत के आंकड़े पर आकर फंस गया है. बुधवार को टीवीके प्रमुख विजय ने राज्यपाल से मुलाकात की थी लेकिन उस दौरान वो उन्हें बहुमत के आंकड़े को लेकर संतुष्ट नहीं कर पाए थे. हालांकि, टीवीके को कांग्रेस का समर्थन हासिल है लेकिन इसके बावजूद भी वो 118 के जादुई आंकड़े से अभी दूर है. ऐसे में अब टीवीके सरकार बनाने और 118 का आंकड़ा हासिल करने के लिए CPI और CPM जैसी पार्टियों से भी समर्थन मांगने के लिए संपर्क कर रही है. 

तमिलनाडु में डीएमके को हराकर ही टीवीके सबसे बड़ी पार्टी बनी है. ऐसे में डीएमके के समर्थन का सवाल ही नहीं है, वहीं एआईएडीएमके भी साफ कर चुकी है कि वह टीवीके को समर्थन नहीं देगी. इन चुनाव परिणामों में डीएमके को 59 और एआईएडीएमके को 47 सीटें मिली हैं. ऐसे में टीवीके के पास छोटी पार्टियों को अपनी ओर लाने के अलावा कोई विकल्‍प नहीं है. यही कारण है कि टीवीके अब वामदलों की ओर देख रही है. टीवीके के उप महासचिव सीटी निर्मल कुमार ने कहा कि हमारे आधिकारिक पत्र के अलावा हम समर्थन मांगने के लिए CPI और CPM की टीमों से भी मुलाकात कर रहे हैं. 

ये भी पढ़ें: विजय का सुरक्षा काफिला अचानक से कहां हुआ गायब, सरकार बनाने की भी मशक्कत, क्या बदल रहा सियासी समीकरण

TVK के पास बहुमत नहीं, राज्‍यपाल ने समझाया

टीवीके के उप महासचिव ने कहा कि सबसे बड़ी पार्टी होने के नाते राज्यपाल को हमारे नेता को आमंत्रित करना चाहिए.  उन्‍होंने कहा कि हम एक दिन और इंतजार करेंगे. हमें उम्मीद है कि राज्यपाल नियमों के अनुसार निर्णय लेंगे. 

तमिलनाडु के राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर ने टीवीके प्रमुख विजय को गुरुवार को समझाया कि उनकी पार्टी के पास सरकार बनाने के लिए आवश्यक समर्थन नहीं है. लोक भवन ने कहा कि राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर ने टीवीके अध्यक्ष सी. जोसेफ विजय को बृहस्पतिवार को लोक भवन आमंत्रित किया. बुधवार के बाद दोनों के बीच यह दूसरी बातचीत थी. लोक भवन ने एक विज्ञप्ति में कहा, ‘‘बैठक के दौरान माननीय राज्यपाल ने समझाया कि उनके पास तमिलनाडु विधानसभा में सरकार गठित करने के लिए आवश्यक बहुमत अभी तक नहीं है.''

ये भी पढ़ें: जादुई आंकड़े के करीब पहुंचे विजय- तमिलनाडु में अंदरखाने तेजी से बदल रहा घटनाक्रम, कौन देगा समर्थन?

चुनाव में भाकपा और माकपा को मिली 2-2 सीटें 

तमिलनाडु की 234 सदस्‍यीय विधानसभा में टीवीके ने 108 सीटों पर जीत दर्ज की है. हालांकि बहुमत का आंकड़ा 118 है. ऐसे में पार्टी को बहुमत साबित करने के लिए अभी कुछ और विधायकों के समर्थन की जरूरत होगी. इन परिणामों में पीएमके को चार सीटें मिली हैं. वहीं आईयूएमएल, भाकपा, माकपा और वीसीके को दो-दो सीटें मिली हैं. वहीं भाजपा, डीएमडीके और एएमएमके को एक-एक सीट प्राप्त हुई. 

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com