- पूर्व सांसद वरुण गांधी ने परिवार सहित प्रधानमंत्री मोदी से मुलाकात की.
- वरुण गांधी ने प्रधानमंत्री से आशीर्वाद और मार्गदर्शन प्राप्त करने का सौभाग्य मिलने की बात सोशल मीडिया पर कही.
- 2027 के यूपी विधानसभा चुनाव से पहले वरुण गांधी की राजनीतिक सक्रियता बढ़ने की अटकलें तेज हुईं.
उत्तर प्रदेश के पीलीभीत से भारतीय जनता पार्टी के पूर्व सांसद वरुण गांधी ने परिवार सहित प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की. मीटिंग के दौरान उनकी पत्नी और बेटी भी मौजूद रहीं. यह मुलाकात ऐसे समय हुई है जब पांच राज्यों में चुनावी माहौल गर्म है और राजनीतिक हलकों में इसके व्यापक संकेत तलाशे जा रहे हैं.
'आशीर्वाद और मार्गदर्शन पाने का सौभाग्य'
वरुण गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए लिखा कि उन्हें परिवार सहित प्रधानमंत्री का आशीर्वाद और मार्गदर्शन प्राप्त करने का सौभाग्य मिला. अपने पोस्ट में उन्होंने पीएम मोदी के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए लिखा कि प्रधानमंत्री के व्यक्तित्व में 'पितृवत स्नेह और संरक्षण का भाव' महसूस होता है और यह मुलाकात इस विश्वास को मजबूत करती है कि 'वे देश और देशवासियों के सच्चे अभिभावक हैं.'
यह भी पढ़ें- एपस्टीन फाइल केस: केंद्रीय मंत्री हरदीप पुरी की बेटी हिमायनी को राहत, दिल्ली HC का तत्काल विवादित पोस्ट हटाने का आदेश
परिवार सहित श्रद्धेय प्रधानमंत्री श्री @narendramodi जी से मिलकर उनका आर्शीर्वाद और मार्गदर्शन पाने का सौभाग्य प्राप्त हुआ।
— Varun Gandhi (@varungandhi80) March 17, 2026
आपके आभामंडल में अद्भुत पितृवत स्नेह और संरक्षण का भाव है।
आपसे हुई भेंट इस विश्वास को और भी दृढ़ बना देती है कि आप देश और देशवासियों के सच्चे अभिभावक… pic.twitter.com/RPSuJlbsrq
क्या बढ़ेगी वरुण गांधी की सियासी सक्रियता?
तस्वीर और मुलाकात सामने आने के बाद राजनीतिक अटकलें तेज हो गई हैं. माना जा रहा है कि अगले वर्ष यूपी विधानसभा चुनाव से पहले वरुण गांधी किसी भूमिका में दिखाई दे सकते हैं. कई विश्लेषक इसे भाजपा और गांधी परिवार (मेनका–वरुण) के बीच जमी बर्फ पिघलने के संकेत के रूप में देख रहे हैं.
कभी खुलकर की बीजेपी की आलोचना
लोकसभा चुनाव 2024 से पहले वरुण गांधी कई मौकों पर बीजेपी और केंद्र सरकार की कठोर आलोचना कर चुके हैं. किसान आंदोलन से लेकर बेरोजगारी तक के मुद्दों पर वे खुले रूप से अपनी ही पार्टी पर सवाल उठाते रहे. 2024 में पार्टी ने उन्हें पीलीभीत से टिकट नहीं दिया, जबकि उनकी मां मेनका गांधी को सुल्तानपुर से टिकट मिला. सुल्तानपुर में चुनाव प्रचार के दौरान भी वरुण ने मंच पर बीजेपी का पटका या झंडा इस्तेमाल नहीं किया, जिसे उनकी नाराजगी का सार्वजनिक संकेत माना गया.
यह भी पढ़ें- LPG की खेप लेकर पहुंचा नंदा देवी जहाज, होर्मुज के रास्ते गुजरात के वादीनार पोर्ट पहुंचा
बंगाल कनेक्शन: क्या नई भूमिका की तैयारी?
इस मुलाकात को लेकर एक और बड़ा राजनीतिक कोण सामने आया है. पश्चिम बंगाल चुनाव. दरअसल वरुण गांधी की पत्नी बंगाल मूल की हैं और भाजपा इस बार बंगाल में बड़े स्तर पर वापसी की कोशिश कर रही है. वरुण गांधी उनके पार्टी महासचिव रहते हुए बंगाल के प्रभारी भी रह चुके हैं और उस दौरान उन्होंने राज्य इकाई को जमीनी स्तर पर मजबूत करने में अहम भूमिका निभाई थी. राजनीतिक जानकार मान रहे हैं कि पार्टी वहां उन्हें फिर सक्रिय भूमिका दे सकती है, ठीक वैसे ही जैसे राहुल सिन्हा को राज्यसभा भेजकर भाजपा ने बंगाल इकाई को पुनर्संरचना दी.
क्या खत्म होगा वरुण गांधी का ‘सियासी वनवास'?
पीलीभीत टिकट कटने, संगठनात्मक पदों से हटाए जाने और लगातार नाराजगी के संकेतों के बाद वरुण गांधी और BJP के रिश्ते में एक दूरी बन गई थी. लेकिन पीएम मोदी से मुलाकात को इसी दूरी को पाटने की दिशा में पहला संकेत माना जा रहा है. वरुण गांधी की भाजपा में संभावित ‘वापसी' या चुनावी भूमिका पर अभी आधिकारिक बयान नहीं आया है, लेकिन मुलाकात ने राजनीतिक हलचलों को तेज कर दिया है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं