विज्ञापन

वंदे भारत पर पथराव, ट्रेन में सवार थे RSS प्रमुख मोहन भागवत, एक कोच का शीशा चटका  

चांदमारी और कौढ़ा स्टेशन के बीच करीब 3:20 बजे अचानक एक पत्थर ट्रेन के सी-4 कोच से टकरा गया, जिससे खिड़की का शीशा चटक गया. घटना के समय ट्रेन में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) प्रमुख मोहन भागवत के भी सवार होने की जानकारी सामने आई है, हालांकि वे ई-1 कोच में बताए जा रहे हैं.

वंदे भारत पर पथराव, ट्रेन में सवार थे RSS प्रमुख मोहन भागवत, एक कोच का शीशा चटका  
RSS प्रमुख मोहन भागवत जिस वंदे भारत ट्रेन में सवार थे, उस पर पथराव, एक कोच का शीशा भी टूटा

उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले में गुरुवार दोपहर वंदे भारत एक्सप्रेस पर पत्थर फेंके जाने की खबर है. इस खबर के फैलते ही हड़कंप मच गया, कारण कि इसी ट्रेन में RSS प्रमुख मोहन भागवत भी सफर कर रहे थे. पत्‍थर लगने से ट्रेन के एक कोच का शीश भी चटक गया. राहत की बात ये रही कि इस घटना में किसी भी यात्री को चोट नहीं आई. वंदे भारत के जिस कोच पर पत्‍थर फेंका गया, संघ प्रमुख उसमें सवार नहीं थे, बल्कि वे किसी दूसरे कोच में बैठे थे. 

दिल्‍ली जा रही वंदे भारत पर फेंका पत्‍थर 

बताया जा रहा है कि वाराणसी से मेरठ जा रही ट्रेन संख्या 22489 वंदे भारत एक्सप्रेस दिल्ली की ओर बढ़ रही थी, तभी चांदमारी और कौढ़ा स्टेशन के बीच करीब 3:20 बजे अचानक एक पत्थर ट्रेन के सी-4 कोच से टकरा गया, जिससे खिड़की का शीशा चटक गया. घटना के समय ट्रेन में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) प्रमुख मोहन भागवत के भी सवार होने की जानकारी सामने आई है, हालांकि वे ई-1 कोच में बताए जा रहे हैं.

बच्‍चों के खेल-खेल में पथराव! क्‍या बोली पुलिस?

रेलवे सूत्रों के मुताबिक ट्रैक के पास 8 से 13 साल के बच्चे क्रिकेट खेल रहे थे और आशंका है कि खेल के दौरान गलती से पत्थर ट्रेन पर लग गया. घटना की सूचना मिलते ही आरपीएफ, जीआरपी और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. सीओ सिटी अंकित मिश्रा ने बताया कि शुरुआती जांच में बच्चों द्वारा खेलते समय पत्थर लगने की बात सामने आई है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.

वंदे भारत जैसी प्रीमियम ट्रेन पर पत्थर लगने की खबर से सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल भी खड़े हुए, हालांकि इस घटना में किसी यात्री को चोट नहीं आई है और ट्रेन को सुरक्षित आगे रवाना कर दिया गया. पुलिस और रेलवे अधिकारी पूरे मामले की जांच कर रहे हैं.

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com