विज्ञापन
This Article is From Feb 14, 2026

वैलेंटाइन डे: तोड़कर नहीं ला सकते तो क्या हुआ, अब सितारों में चमकेंगे आपके पार्टनर के नाम; जानें $40 वाला ऑफर

संकेतांक यह भी बताते हैं कि तारे को किस दूरबीन से देखा गया है. इससे हमें तारे के बारे में जानकारी मिलती है, जैसे वह किस प्रकार का प्रकाश उत्सर्जित करता है. चूंकि आधिकारिक नामकरण ऐतिहासिक और सांस्कृतिक नामों पर केंद्रित होता है, इसलिए नए तारों के नाम बहुत कम ही सामने आते हैं.

वैलेंटाइन डे: तोड़कर नहीं ला सकते तो क्या हुआ, अब सितारों में चमकेंगे आपके पार्टनर के नाम; जानें $40 वाला ऑफर
AI की तस्वीर
  • वेलेंटाइन डे पर तारों के नामकरण की सशुल्क सेवाएं उपलब्ध हैं, लेकिन ये नाम आधिकारिक नहीं माने जाते हैं.
  • खगोलीय संघ के अनुसार आकाश किसी की निजी संपत्ति नहीं है और तारों का नाम व्यक्तियों पर नहीं रखा जा सकता.
  • आधिकारिक तौर पर तारों के लिए केवल एक नाम होता है, जबकि उनके कई संकेतांक होते हैं.
सिडनी:

वेलेंटाइन डे के मौके पर हर जगह रोमांस का माहौल है. ऐसे में सितारों भरे आसमान के नीचे पिकनिक मनाना और अपने प्रिय के नाम के तारे को निहारना बेहद रोमांटिक लगता है. इंटरनेट पर तारे के “नामकरण” की कई सशुल्क सेवाएं मिलती हैं, जहां प्रमाणपत्र और तारे को तलाशने के लिए ‘स्टार मैप' दिया जाता है. लेकिन ऐसे नाम आधिकारिक नहीं होते और खगोलशास्त्री उनका उपयोग नहीं करते. तारों के नामकरण के लिए आधिकारिक निकाय अंतरराष्ट्रीय खगोलीय संघ के ‘वर्किंग ग्रुप ऑन स्टार नेम्स' के अनुसार “आकाश किसी की संपत्ति नहीं है.”

तो फिर खगोलविद तारों के लिए कौन से नाम उपयोग करते हैं और तारों के आधिकारिक नाम किस प्रकार चुने जाते हैं?

पैसे देकर तारे का नाम रखवाना

तारों के नामकरण की सेवाओं में विभिन्न प्रकार के सशुल्क पैकेज प्रदान किए जाते हैं, जिनमें से कुछ की कीमत केवल 40 ऑस्ट्रेलियाई डॉलर से शुरू होती है और अतिरिक्त शुल्क देकर एक या दो तारों का नाम रखने की सुविधा भी मिलती है.

यदि आप उनकी वेबसाइट के एफएक्यू (अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न) अनुभाग में जाएं, तो आमतौर पर एक अस्वीकरण (डिस्क्लेमर) मिलता है जिसमें लिखा होता है कि तारे के नाम उनकी निजी डेटाबेस में दर्ज किए जाते हैं. उन्हें यह स्पष्ट करना पड़ता है, क्योंकि अंतरराष्ट्रीय खगोलीय संघ साफ तौर पर कहता है कि (कुछ दुर्लभ मामलों को छोड़कर) तारों का नाम व्यक्तियों के नाम पर नहीं रखा जा सकता.

इन नियमों और अस्वीकरणों के बिना भी एक और समस्या है — इन वेबसाइटों के पास ग्राहक बहुत अधिक हैं और तारे पर्याप्त नहीं हैं. तारों के नाम बेचने वाली कई वेबसाइट दावा करती हैं कि नामित तारा बिना उपकरण इस्तेमाल किए आंखों से दिखाई देगा. जिन लोगों की दृष्टि बहुत अच्छी है और जो अंधेरी रात में आकाश को देखते हैं, वे लगभग 2,500 तारे (दोनों गोलार्द्ध मिलाकर लगभग 5,000) अपनी आंखों से देख सकते हैं.

फिर भी, इन वेबसाइटों में से कुछ 1,00,000 से अधिक, यहां तक कि 5,00,000 से भी ज्यादा संतुष्ट ग्राहक होने का दावा करती हैं.


तारों के नामकरण की सही प्रक्रिया

खगोलविद कभी भी खरीदे गए नामों का उपयोग नहीं करते. इसके बजाय, हम तारों के लिए आधिकारिक नाम और संकेतांक का उपयोग करते हैं. किसी तारे का केवल एक ही आधिकारिक नाम हो सकता है, जैसे — सिरियस, बेटेलजूस और पोलारिस. लेकिन कई तारों के अनेक संकेतांक होते हैं. संकेतांक अक्षरों और संख्याओं का एक विशिष्ट संयोजन होता है, जिसका उपयोग खगोलविद तारों के सर्वेक्षण और कैटलॉग तैयार करते समय करते हैं.

अधिकांश तारों का कोई आधिकारिक नाम नहीं होता, लेकिन हर ज्ञात तारे का कम से कम एक संकेतांक अवश्य होता है. एक अरब से अधिक पहचाने गए तारों में से 600 से भी कम तारों का आधिकारिक नाम है. अंतरराष्ट्रीय खगोलीय संघ का “वर्किंग ग्रुप ऑन स्टार नेम्स” इन नामों की अद्यतन सूची बनाए रखता है. हाल ही में 25 दिसंबर 2025 को नए नाम जोड़े गए थे. इस समूह के पास तारों के नामकरण के लिए दिशानिर्देश और नियम होते हैं, और कभी-कभी इस प्रक्रिया में आम लोगों को भी शामिल किया जाता है.

आमतौर पर तारों के नाम इतिहास और संस्कृति से जुड़े होते हैं. ऐतिहासिक और स्वदेशी नक्षत्रों को संकलित करना इस समूह की रणनीति का हिस्सा है. उदाहरण के लिए, हाल ही में नामित एक तारे का नाम “सार्वविस” है, जो उत्तरी स्कैंडिनेविया के सामी समुदाय द्वारा इस्तेमाल किया जाने वाला नाम है.

संकेतांक यह भी बताते हैं कि तारे को किस दूरबीन से देखा गया है. इससे हमें तारे के बारे में जानकारी मिलती है, जैसे वह किस प्रकार का प्रकाश उत्सर्जित करता है. चूंकि आधिकारिक नामकरण ऐतिहासिक और सांस्कृतिक नामों पर केंद्रित होता है, इसलिए नए तारों के नाम बहुत कम ही सामने आते हैं.

आप आधिकारिक रूप से अपने वैलेंटाइन के नाम पर किसी तारे का नाम नहीं रख सकते. लेकिन आप तारों भरी एक रोमांटिक शाम की योजना बना सकते हैं और इस मौसम में दिखाई देने वाले आधिकारिक नाम वाले तारों की ओर इशारा कर सकते हैं. ऑस्ट्रेलिया में वैलेंटाइन डे की शुरुआती शाम को बेटेलजूस, सिरियस और रिगेल तारे दिखाई देते हैं.
 

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Valentine Day, Valentine's Day 2026, Tara Name, Valentine's Day Gift, Valentine's Day Name
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com