IPL 2026 में शानदार प्रदर्शन कर देशभर में अपनी पहचान बनाने वाले युवा क्रिकेटर वैभव सूर्यवंशी मंगलवार की रात अपने पैतृक गांव समस्तीपुर जिले के ताजपुर पहुंचे. उनके गांव पहुंचने की खबर मिलते ही रात में बड़ी संख्या में प्रशंसक, खेल प्रेमी और स्थानीय लोग उनके घर के बाहर जुट गए. हर कोई इस उभरते क्रिकेट सितारे की एक झलक पाने और उनके साथ तस्वीर खिंचवाने को उत्सुक दिखा. वैभव के गांव पहुंचने की सूचना मिलते ही उनके आवास पर लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी.
हालांकि, इस दौरान वीडियो बनाने पर पूरी तरह रोक रही. वैभव के साथ मौजूद राजस्थान रॉयल्स के मैनेजर रोमी भिंडर, परिजनों एवं सहयोगियों द्वारा लोगों से वीडियो नहीं बनाने की अपील की गई और कई लोगों के मोबाइल भी बंद कराए गए.
कार में घर से बाहर बिताना पड़ा समय
वैभव को देखने के लिए जिस तरह से प्रशंसकों की भीड़ जुट रही थी. इससे काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था. आधी रात होने के बाद भी लगातार भीड़ बढ़ती जा रही थी. ऐसे में परिजनों ने एहतियातन वैभव को रात में ही घर से बाहर निकाल लिया. बताया जा रहा है कि वह करीब 3 घंटे तक समस्तीपुर शहर में ही कार से घूम कर समय बिताना पड़ा. वैभव के घर पर नहीं होने के बाद रात में भीड़ कम होने लगी. जिसके बाद करीब सुबह 3 बजे वह वापस घर लौटे, तब जाकर आराम करने का मौका मिला.

बेंगलुरु के लिए लिए रवाना
बुधवार (3 मई) को वैभव ने अपने माता-पिता, दादी, चाचा-चाची और भाई सहित परिवार के अन्य सदस्यों के साथ समय बिताकर बेंगलुरु के लिए रवाना हो गए. इस दौरान वैभव और उनके परिवार ने मीडिया से दूरी बनाए रखी. उन्होंने केवल चुनिंदा लोगों से मुलाकात की और फोटो खिंचवाने की अनुमति दी, जबकि वीडियो बनाने पर पूरी तरह प्रतिबंध रहा. वैभव के बेंगलुरु रवाना होने के दौरान भी उनके घर के बाहर लोगों की भीड़ लगी रही. विधायक, पुलिस पदाधिकारी, समाजसेवी, व्यवसायी, खेल प्रेमी और बड़ी संख्या में युवा उनके स्वागत और अभिनंदन के लिए पहुंचे.
यह भी पढ़ेंः T20 की कप्तानी से सूर्यकुमार यादव की छुट्टी तय, आयरलैंड दौरे के लिए मिलेगा नया कप्तान - सूत्र
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं