विज्ञापन

उड़ान से पहले गुल हो गई इंडिगो फ्लाइट की बत्ती, बिना एसी आधे घंटे फंसे रहे यात्री, वडोदरा एयरपोर्ट पर कटा हंगामा

Vadodara Airport News: इंडिगो की उड़ान संख्या 6E 657 में टेकऑफ से ठीक पहले अचानक आई तकनीकी खराबी के कारण विमान की पूरी पावर सप्लाई ठप हो गई. बिजली गुल होने की यह घटना रात करीब 8:50 बजे हुई थी.

उड़ान से पहले गुल हो गई इंडिगो फ्लाइट की बत्ती, बिना एसी आधे घंटे फंसे रहे यात्री, वडोदरा एयरपोर्ट पर कटा हंगामा
vadodara airport
  • वडोदरा हवाई अड्डे पर इंडिगो की उड़ान संख्या 6E 657 में टेकऑफ से पहले तकनीकी खराबी के कारण बिजली सप्लाई ठप
  • बिजली कटने से विमान का एयर कंडीशनिंग सिस्टम बंद हो गया, यात्रियों को रात में घुटन और सांस लेने में कठिनाई हुई
  • विमान के अंदर छोटे बच्चे, बुजुर्ग और अन्य यात्री उमस और वेंटिलेशन न होने के कारण असहज स्थिति में फंसे रहे
वडोदरा:

वडोदरा हवाई अड्डे पर बीती रात इंडिगो एयरलाइंस की एक बड़ी लापरवाही का मामला सामने आया है, जिसके कारण यात्रियों को भारी परेशानी और अव्यवस्था का सामना करना पड़ा.इंडिगो की उड़ान संख्या 6E 657 में टेकऑफ से ठीक पहले अचानक आई खराबी के कारण विमान की पूरी पावर सप्लाई ठप हो गई. बिजली गुल होने की यह घटना रात करीब 8:50 बजे हुई, जिसके बाद पूरा विमान लगभग आधे घंटे तक पूरी तरह से ठप पड़ा रहा.

बिजली की कटौती ने बढ़ा दी यात्रियों की धड़कनें 

विमान की बिजली कटने की वजह से उसका एयर कंडीशनिंग सिस्टम भी पूरी तरह बंद हो गया, जिससे यात्रियों के लिए स्थिति बेहद गंभीर हो गई.रात के समय उमस और वेंटिलेशन न होने के कारण विमान के भीतर कुछ ही मिनटों में भारी घुटन पैदा होने लगी. बंद पड़े विमान के अंदर फंसे छोटे बच्चों और बुजुर्गों सहित तमाम सहयात्रियों को इस माहौल में सांस लेने में भी तकलीफ का सामना करना पड़ा, जिससे यात्रियों के बीच घबराहट और बेचैनी फैल गई.

आधे घंटे बाद मिली राहत की सांस

एयरलाइंस प्रबंधन की इस गंभीर लापरवाही और मौके पर तुरंत कोई वैकल्पिक व्यवस्था न मिलने से नाराज यात्रियों का धैर्य जवाब दे गया. गुस्साए यात्रियों ने विमान के अंदर ही क्रू मेंबर्स के सामने जमकर हंगामा किया और इंडिगो प्रबंधन के खिलाफ अपना कड़ा आक्रोश व्यक्त किया.करीब आधे घंटे की कड़ी मशक्कत और तकनीकी सुधार के बाद रात 9:15 बजे विमान की पावर सप्लाई को बहाल किया जा सका, जिसके बाद ही फ्लाइट ने सुरक्षित उड़ान भरी.

इंडिगो ने क्या कहा?

इंडिगो से जुड़े आधिकारिक सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार वडोदरा से दिल्ली जाने वाली फ्लाइट 6E657 में यात्रियों को दिक्कत का सामना करना पड़ा था. 

सूत्रों ने बताया कि विमान रनवे पर खड़ा था, तभी ग्राउंड पावर यूनिट (GPU) अचानक बंद हो गई. GPU बंद होने से विमान की लाइट और एयर कंडीशनिंग पूरी तरह बंद हो गई. यह स्थिति रात 8:50 बजे से 9:15 बजे तक करीब 25 मिनट रही.

इसके बाद तकनीकी टीम ने तुरंत मरम्मत का काम शुरू किया और करीब 30 मिनट बाद बिजली और AC फिर से चालू कर दिए गए. इसके बाद फ्लाइट दिल्ली के लिए रवाना हुई. इस समस्या के कारण फ्लाइट करीब 1 घंटे की देरी से उड़ी थी.

यह भी पढ़ें- सूरत में वकील रहीम शेख ने ‘रोहन' बन फंसाया, शांदी का झांसा देकर किया महिला का शोषण, लव जिहाद का आरोप

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com