- भारत-नेपाल सीमा पर बिना वैध यात्रा दस्तावेज के एक अमेरिकी नागरिक को गिरफ्तार किया गया है
- गिरफ्तार व्यक्ति ने खुद को पूर्व अमेरिकी नौसेना और स्पेशल फोर्सेस का अधिकारी बताया है
- आरोपी ने दावा किया कि थाईलैंड में पासपोर्ट खो जाने के बाद समुद्री रास्ते से श्रीलंका और फिर भारत में पहुंचा
नेपाल बॉर्डर से एक अमेरिकी नागरिक SSB ने धर दबोचा. यह शख्स बिना किसी सही यात्रा दस्तावेज के नेपाल में घुसने की कोशिश कर रहा था. शनिवार को भारत-नेपाल सीमा पर सशस्त्र सीमा बल (SSB) ने उसे गिरफ्तार किया था. उसने पूछताछ में कई चौंकाने वाले खुलासे किए हैं. शख्स ने खुद को पूर्व अमेरिकी नौसैनिक बताया है. जांच में पता चला कि भारत में वह पिछले 7 महीनों से रह रहा था. उसने ये भी दावा किया है कि अब तक 70 देशों की यात्रा कर चुका है. वह बाली से भारत आया था. वह 6 साल तक अमेरिकी नौसेना और स्पेशल फोर्सेस में तैनात था. दो साल पहले ही उसने सैन्य सेवा छोड़ी है.
नेपाल बॉर्डर से कैसे पकड़ा गया?
ब्राउन को SSB की 22वीं बटालियन ने उसे रोका और बॉर्डर पर रुकने का इशारा किया. रविवार को सोनौली पुलिस स्टेशन इलाके में उसे बॉर्डर पिलर नंबर 516 के पास रूटीन पेट्रोलिंग के दौरान अरेस्ट किया गया. हालांकि इस दौरान ब्राउन ने कथित तौर पर मौके से भागने की कोशिश की, लेकिन भारतीय सीमा सुरक्षा बलों ने उसे पकड़ लिया. महाराजगंज के ASP सिद्धार्थ ने बताया कि गिरफ्तारी के समय उसके पास यात्रा या पहचान से जुड़ा कोई वैध दस्तावेज नहीं था.
बिना पासपोर्ट समुद्री रास्ते से भारत में घुसा
ब्राउन ने पूछताछ में बताया कि वह टूरिस्ट वीजा पर थाईलैंड गया था, लेकिन कथित तौर पर वहां उसका पासपोर्ट खो गया. बाद में वह समुद्री रास्ते से श्रीलंका पहुंचा और फिर नवंबर 2025 में समुद्री रास्ते से ही भारत में दाखिल हुआ. तब से वह गोवा में रह रहा था. नेपाल जाने की कोशिश के दौरान SSB ने उसे पकड़ लिया. उसके पास कई वैध ट्रैवल दस्तावेज नहीं मिले. पुलिस ब्राउन के सभी दावों की जांच कर रही है. उसके खिलाफ बिना वैध दस्तावेज भारत में घुसने के आरोप में सोनौली पुलिस स्टेशन में इमिग्रेशन और फॉरेनर्स एक्ट की धारा 21 और 23 के तहत मामला दर्ज किया गया है. उसने पुलिस को यह भी बताया कि वह अमेरिकी नौसेना का पूर्व अधिकारी था.
अमेरिकी नागरिक Jordan Brown को भारत-नेपाल सीमा पर बिना वैध Travel Documents के नेपाल में घुसने की कोशिश करते हुए गिरफ्तार किया गया। उसने दावा किया कि वह U.S. Navy और Special Forces में काम कर चुका है।पहले भी भारत-म्यांमार सीमा से सटे इलाकों में कई विदेशी नागरिकों को पकड़ा गया है pic.twitter.com/2z91iXoJHY
— Bimal Sharma (@BimalSharm50754) July 14, 2026
7 महीने से भारत में था, नेपाल में घुसने की कोशिश नाकाम
एडिशनल SP ने बताया कि इसके बाद वह समुद्री रास्ते से श्रीलंका पहुंचा और वहां से 2 नवंबर, 2025 को समुद्री रास्ते से ही भारत आया. तब से वह गोवा में रह रहा था. मतलब यह कि बिना पासपोर्ट वह भारत में करीब सात महीने से रह रहा था. अधिकारी ने बताया कि ब्राउन गोवा से बेंगलुरु गया और वहां से सोनौली बॉर्डर पहुंचा, ताकि नेपाल में घुसा जा सके. लेकिन वह कामयाब नहीं हो सका.
वीजा या कोई अन्य वैध ट्रैवल डॉक्युमेंट नहीं
तलाशी के दौरान उसके पास से 31,460 रुपये नकद और दो मोबाइल फोन मिले, लेकिन वह पासपोर्ट, वीजा या कोई अन्य वैध ट्रैवल डॉक्युमेंट नहीं दिखा सका. SSB की असिस्टेंट कमांडेंट प्रिया यादव ने बताया कि आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए उसे यूपी पुलिस को सौंपे जाने से पहले SSB और अन्य सुरक्षा एजेंसियों ने उससे पूछताछ की. पुलिस उसके दावों की पुष्टि कर रही है और बिना वैध दस्तावेज भारत में घुसने के लिए इमिग्रेशन एंड फॉरेनर्स एक्ट की धारा 21/23 के तहत सोनौली पुलिस स्टेशन में उसके खिलाफ मामला दर्ज किया गया है.
इनपुट- PTI के साथ
ये भी पढ़ें-CJI सूर्यकांत ने उस वकील पर क्या कहा, जिसने उन्हें अपशब्द कहे और जज को बोला-मिस्टर ज्यूडिश्यिल सर्वेट
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं