- उत्तर प्रदेश में एसआईआर प्रक्रिया के बाद अंतिम मतदाता सूची जारी कर दी गई है
- मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने 27 अक्टूबर से शुरू हुई SIR प्रक्रिया और अंतिम सूची के प्रकाशन की जानकारी दी
- अंतिम मतदाता सूची में पुरुष मतदाता संख्या लगभग साढ़े सात करोड़ और महिला मतदाता लगभग छह करोड़ नौ लाख है
उत्तर प्रदेश में हुई एसआईआर की प्रक्रिया के बाद अंतिम मतदाता सूची जारी कर दी गई है. यूपी के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिनवा ने फाइनल वोटर लिस्ट जारी की. फाइनल वोटर लिस्ट में ड्राफ्ट लिस्ट से 84 लाख वोटर ज्यादा बढ़े हैं. मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिनवा ने कहा कि एसआईआर में मतदाता सूची का प्रकाशन हो गया है. 27 अक्टूबर को एसआईआर कराने की घोषणा हुई और 4 नवंबर से ये प्रक्रिया शुरू हुई. 26 दिसंबर को गणना चरण समाप्त हुआ था. 6 जनवरी से दो महीने दावे और आपत्तियों के लिए था. लगभग 3 करोड़ 26 लाख मतदाताओं को नोटिस जारी किया गया था. आज अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन किया जा रहा है.

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि किसी पात्र मतदाता का नाम अभी भी शामिल नहीं है तो वो फॉर्म 6 भरकर अपना नाम शामिल करा सकते हैं. 166 दिन तक चले अभियान में मतदान कर्मियों और राजनैतिक दलों से पूरा सहयोग मिला.

उन्होंने कहा कि कहा कि 6 जनवरी को जारी लिस्ट में 12 करोड़ 55 लाख से ज़्यादा थी. आज अंतिम मतदाता सूची में 13,39,84,792 मतदाता हैं. इनके पुरुष वोटर्स 7,30,71,061 और महिला वोटर्स 6,09,09,525 हैं. थर्ड जेंडर वोटर्स की संख्या 4206 यानी कि 1 प्रतिशत से भी कम है.

वहीं 18-19 साल की उम्र के वोटर्स की संख्या 17,63, 360 है, यानी कि 1.32 प्रतिशत.बात अगर अंतिम वोटर लिस्ट की करें मसौदा लिस्ट की तुलना में इसमें 84 लाख 28 हजार 767 वोटर्स की बढ़ोतरी हुई है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं