विज्ञापन

'सत्ता परिवर्तन यात्रा' से पहले ही घर में डिटेन किए गए दलित सांसद चंद्रशेखर आजाद, पुलिस सुरक्षा पर उठाए सवाल

पुलिस ने नगीना के सांसद और दलित नेता चंद्रशेखर आजाद को उनके घर में ही रोक लिया है. आजाद आज से 'सत्ता परिवर्तन यात्रा' पर निकालने वाले थे. पुलिस के इस कदम के बाद उन्होंने कहा है कि अपनी पुलिस सुरक्षा छोड़ सकते हैं और मुझे मौत से डर नहीं लगता है.

'सत्ता परिवर्तन यात्रा' से पहले ही घर में डिटेन किए गए दलित सांसद चंद्रशेखर आजाद, पुलिस सुरक्षा पर उठाए सवाल
नई दिल्ली:

उत्तर प्रदेश पुलिस ने नगीना के सांसद चंद्रशेखर आजाद को उनके घर में डिटेन कर लिया है. इसकी जानकारी उन्होंने खुद ही सोशल मीडिया पर दी है. चंद्रशेखर आजाद गुरुवार से ही 'सत्ता परिवर्तन यात्रा'की शुरूआत करने वाले थे. लेकिन उससे पहले ही उन्हें उनके धामपुर स्थित आवास पर पुलिस का सख्त पहला बिठा दिया गया. इसके बाद उन्होंने एक सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि वो आज रात आठ बजे अपनी आगे की रणनीति बताएंगे. उन्होंने कहा है कि वो सरकार की ओर से उपलब्ध कराई गई सुरक्षा भी छोड़ सकते हैं. 

घर में डिटेन किए जाने पर क्या बोल चंद्रशेखर आजाद

चंद्रशेखर आजाद ने एक्स पर लिखा,''सत्ता परिवर्तन यात्रा का आगाज आज नगीना लोकसभा के बिजनौर से होने जा रहा है, ऐसे में भाजपा की तानशाह सरकार द्वारा चन्द्रशेखर आजाद को डिटेन करके क्या जनता की आवाज़ को रोका जा सकता है? जितना दबाओगे, उतनी बुलंद होगी आवाज़! लोकतंत्र में डर सत्ता को होता है, जनता को नहीं.''

इस पोस्ट के साथ अटैच एक वीडियो में आजाद को यह कहते सुना जा सकता है, ''मुख्यमंत्री दो दिन पहले ही यहां आए थे, उन्होंने निर्देश दिया है कि 'सत्ता परिवर्तन यात्रा' नहीं होनी चाहिए. जिस सत्ता के कार्यकाल में हमारे लोगों का दमन हो रहा है, हम उसका परिवर्तन करके छोड़ेंगे. हम अपने लोगों को जगाने और उन्हें इकट्ठा करने के लिए यह यात्रा निकाल रहे हैं.''

उन्होंने कहा है, ''हमारे लोगों ने खून-पसीने का पैसा लगाकर इस यात्रा की तैयारी की है.लेकिन जिस तरह का अन्याय देखने को मिल रहा है, वह तकलीफदेह है.मैं आज क्रोधित भी हूं और भावुक भी. आज का दिन हमारे लिए महत्वपूर्ण है,क्योंकि हमें इसे व्यवस्था परिवर्तन दिवस के रूप में स्वीकार किया है. मैं देश के प्रधानमंत्री, गृहमंत्री और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री से मैं यह जानना चाहता हूं कि जब मैं अपने लोगों के बीच जा ही नहीं सकता हूं, अपनी बात नहीं कर सकता हूं और यात्रा नहीं कर सकता हूं तो इस फर्जी सुरक्षा का फायदा क्या है.अगर सरकार मुझे रोकेगी तो मैं जो पुलिस सुरक्षा मुझे दी गई है मैं उसे छोड़ दूंगा, मैं मौत से नहीं डरता हूं.''

आज रात आठ बजे लाइव होंगे चंद्रशेखर आजाद

चंद्रशेखर आजाद ने कहा, ''मैं आज रात आठ बजे फेसबुक पर लाइव आकर संकल्प लूंगा कि हमारी बहन-बेटियों की जो अस्मत लूटी जा रही है, हमारे घरों पर जो बुलडोजर चल रहा है और हमे जो जलाया जा रहा है, नौजवान बेरोजगार हैं, पेपर लीक हो रहा है, महंगाई ने लोगों की कमर तोड़ दी है, लेकिन सत्ता में बैठे लोगों को यह नहीं पता है, उन्होंने कहा कि मैं कोशिश करुंगा कि पुलिस प्रशासन मेरी बात मान जाए, अगर नहीं मानते हैं तो मैं जो संकल्प लूंगा उसे निभाउंगा, चाहें इसके लिए मुझे अपनी सुरक्षा छोड़नी पड़े या अपना घर-बार छोड़ना पड़े, जो भी संकल्प लूंगा उसे निभाउंगा, मैं बहुत जिद्दी आदमी हूं.''

वहीं चंद्रशेखर आजाद की आजाद समाज पार्टी ने एक्स पर लिखा है, '' हम @UPGovt (उत्तर प्रदेश सरकार) से मांग करते हैं कि भाई चन्द्रशेखर आजाद जी को तत्काल रिहा किया जाए और उन्हें अपनी यात्रा और जनसंपर्क कार्यक्रम निर्बाध रूप से संचालित करने दिया जाए. लोकतंत्र में जनता की आवाज को पुलिस बल और प्रशासनिक दबाव के माध्यम से दबाया नहीं जा सकता. परिवर्तन की मांग को रोकने का हर प्रयास अंततः जनता की लोकतांत्रिक शक्ति के सामने विफल होगा.''

ये भी पढ़ें: एवरेस्ट की चोटी से लापता नेपाली गाइड 6 दिन बाद रेंगकर लौटा वापस, सबने मान लिया था मर चुका

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Chandrashekhar Azad, Uttar Pradesh, Yogi Adityanath
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com