समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा है कि उत्तर प्रदेश में अस्पतालों की हालत काफी खराब है. उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि योगी सरकार में अस्पतालों का हाल ऐसा है कि अब इन्हीं को इलाज की जरूरत पड़ रही है. अखिलेश यादव ने कहा कि असल में यूपी के अस्पताल ही बीमार चल रहे हैं.
अखिलेश यादव से जब ब्रिक्स सम्मेलन को लेकर सवाल पूछा गया तो उन्होंने इस पर कुछ भी बोलने से परहेज किया. उन्होंने कहा कि विदेश नीति पर हम टिप्पणी नहीं करना चाहते, लेकिन रूस के साथ हमारे संबंध मजबूत रहने चाहिए.
इसके बाद आजम खान पर लगातार दर्ज हो रहे मुकदमों को लेकर जब सवाल पूछा गया तो अखिलेश यादव ने स्पष्ट कर दिया कि जब समाजवादी पार्टी की सरकार बनेगी, तब आजम खान पर दर्ज किए गए जितने भी गलत मुकदमे हैं, वे सभी वापस किए जाएंगे.
उन्होंने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए यह भी कहा कि मुख्यमंत्री से लेकर उनके करीबियों तक के कई मुकदमे वापस हो चुके हैं. अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि यह सरकार बेरोजगारी और दूसरे मुद्दों पर बात नहीं करना चाहती. इसी वजह से लोगों को गुमराह करने के लिए फर्जी मुकदमे दर्ज करती रहती है. अखिलेश यादव ने इस बात पर भी नाराजगी जताई कि राज्य सरकार और सरकार से जुड़े लोग बड़े पैमाने पर इस समय अन्याय कर रहे हैं.
गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश चुनाव के लिए समाजवादी पार्टी ने अभी से अपनी तैयारी शुरू कर दी है. सपा प्रमुख अखिलेश यादव खुद कई कार्यक्रमों में हिस्सा ले रहे हैं और लगातार पार्टी के कार्यकर्ताओं और नेताओं से संवाद कर रहे हैं.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं