- दोनों दलों ने अभी तक किसी भी सीट का अंतिम फैसला नहीं किया है और कई दौर की चर्चा बाकी है
- कांग्रेस अध्यक्ष आराधना मिश्रा मोना ने गठबंधन को मजबूत करने के लिए जल्द ही घोषणा की संभावना जताई है
- सपा सांसद रामगोपाल यादव ने बताया कि सभी सीटों पर चर्चा हुई है और अगली बैठकों में अंतिम निर्णय लिया जाएगा
उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव की आहट के साथ ही विपक्षी राजनीति भी तेज होती दिखाई दे रही है. समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे को लेकर दूसरी बड़ी बैठक पूरी हो चुकी है. बैठक के बाद दोनों दलों के नेताओं ने बातचीत को सकारात्मक और सार्थक बताया है. हालांकि अभी सीटों पर अंतिम फैसला नहीं हुआ है और आगे कई दौर की चर्चा बाकी है.
उत्तर प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने बैठक के बाद कहा कि दोनों दल जल्द अगली बैठकों की तारीख तय करेंगे. उन्होंने बताया कि "मोना जी की बेटी की सगाई कल है. दोनों तरफ लोग शादी की तैयारियों में भी व्यस्त हैं. हम जल्द बैठक करेंगे और यह तय है कि दोनों दल सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ रहे हैं."
उन्होंने कहा कि "हर सीट पर चर्चा हुई है. 403 सीटें बहुत बड़ी संख्या है और आधे से अधिक सीटों पर चर्चा हो चुकी है. हमने साफ किया है कि बातचीत सकारात्मक रही है. बाकी सीटों पर अगली बैठक में चर्चा होगी और यह प्रक्रिया इसी तरह आगे बढ़ेगी."
कांग्रेस बोली- जल्द गठबंधन की घोषणा होगी
उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष आराधना मिश्रा मोना ने कहा कि "चर्चा काफी सार्थक और सकारात्मक रही. आज बातचीत का पहला दौर था और जल्द ही दूसरे दौर की बैठक होगी. सभी लोगों के अपने निजी कार्यक्रम भी थे. गठबंधन को मजबूत बनाने के लिए यह सकारात्मक बातचीत जारी रहेगी और बहुत जल्द हम गठबंधन की घोषणा कर चुनावी तैयारियां शुरू करेंगे."
सीट नहीं बांटी गई, केवल चर्चा हुई
कांग्रेस विधायक वीरेंद्र चौधरी ने साफ किया कि अभी किसी सीट का फैसला नहीं हुआ है. उन्होंने कहा, "आज कोई सीट दी नहीं गई और कोई सीट ली नहीं गई. आज किसी तरह की सूची का आदान-प्रदान नहीं हुआ. 403 सीटों को लेकर गठबंधन के भीतर चर्चा करनी थी इसलिए लंबी बातचीत हुई."
उन्होंने आगे कहा, "मापदंड जीत की संभावना है. जहां जो दल मजबूत होगा वही आधार रहेगा. हमने 2024 का चुनाव साथ लड़ा था और 2027 का चुनाव भी साथ लड़ेंगे. INDIA गठबंधन मजबूत रहेगा और 2029 में भी साथ रहेगा."
सपा ने भी जताया भरोसा
सपा सांसद रामगोपाल यादव ने कहा, "हम लोगों ने हर सीट पर डिस्कशन किया और बहुत ही सकारात्मक तरीक़े से बात हुई. लेकिन 403 सीटें तो बहुत होती हैं न? अभी डिस्कशन पूरा नहीं हो पाया है. आप भरोसा रखिए कि अगली दो बैठकों में यह काम पूरा कर लिया जाएगा." वहीं कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने कहा, "लंबा डिस्कशन होगा. यह लंबा विषय है. कोई एक दिन का विषय नहीं है और न ही एक घंटे का. इसके ऊपर लंबी चर्चा होगी."
इस बैठक के बाद दोनों दलों के नेताओं के बयानों से साफ है कि सपा और कांग्रेस आगामी उत्तर प्रदेश चुनाव साथ मिलकर लड़ने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं.
यह भी पढ़ें | बीजेपी जैसी मशीन से लड़ना है, जीत के लिए होता है अलायंस... कांग्रेस से डील पर क्या बोले अखिलेश यादव?
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं