विज्ञापन

1984 दंगों की जांच करने वाले DGP की मौत! त्रिपुरा पुलिस HQ में मृत पाए गए अनुराग धनखड़ कौन थे?

पिछले साल मई में आईपीएस अनुराग धनखड़ ने त्रिपुरा के पुलिस महानिदेशक का कार्यभार संभाला था. इससे पहले उन्होंने त्रिपुरा के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (कानून-व्यवस्था) के तौर पर सेवाएं दी थीं.

1984 दंगों की जांच करने वाले DGP की मौत! त्रिपुरा पुलिस HQ में मृत पाए गए अनुराग धनखड़ कौन थे?
अनुराग धनखड़ 1994 बैच के IPS अधिकारी थे.
नई दिल्ली:

त्रिपुरा के डायरेक्टर जनरल ऑफ पुलिस (DGP) अनुराग धनखड़ सोमवार को मृत पाए गए. माना जा रहा है कि उन्होंने आत्महत्या की है. उनकी मौत के बाद राज्य के प्रशासनिक और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है. शुरुआती जानकारी के मुताबिक, माना जा रहा है कि अनुराग धनखड़ ने अपनी सर्विस पिस्तौल से खुद को गोली मार ली. जानकारी मिलने के तुरंत बाद उन्हें अगरतला के गोविंद बल्लभ पंत (GB) अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.

इस घटना के पीछे की असली वजहों का पता अभी तक नहीं चल सका है. मामले की आधिकारिक जांच शुरू कर दी गई है.

कौन थे अनुराग धनखड़?

अनुराग धनखड़ 1994 बैच के IPS अधिकारी थे. त्रिपुरा पुलिस की ऑफिशियल वेबसाइट के मुताबिक, अनुराग ने CFTRI, मैसूर से फूड टेक्नोलॉजी में पोस्ट-ग्रेजुएशन किया है. उनके पास उस्मानिया यूनिवर्सिटी से पुलिस मैनेजमेंट में मास्टर्स डिग्री और NALSAR यूनिवर्सिटी ऑफ लॉ, हैदराबाद से साइबर क्राइम में पोस्ट-ग्रेजुएट डिप्लोमा भी है. वे ACFE, USA से सर्टिफाइड फ्रॉड एग्जामिनर हैं. उन्हें 1995 से 2003 के दौरान त्रिपुरा राज्य में सेवा करने का व्यापक अनुभव है. 

अनुराग धनखड़ ने SDPO (लॉन्गथराई वैली) और अविभाजित पश्चिम और दक्षिण त्रिपुरा जिलों के एसपी के रूप में काम किया. इसके अलावा, उन्होंने स्पेशल ब्रांच में पुलिस अधीक्षक और AIGP (मुख्यालय) के तौर पर भी सेवाएं दीं.

साल 2003-04 के दौरान, उन्होंने कोसोवो में UN मिशन में भी काम किया. 2005 से 2013 तक, वे केंद्रीय प्रतिनियुक्ति यानी डेप्युटेशन पर रहे और CBI में एसपी और डीआईजी के तौर पर काम किया. केंद्रीय डेप्युटेशन से लौटने के बाद, उन्होंने 2013 से 2016 तक त्रिपुरा में IGP (कानून-व्यवस्था) के रूप में काम किया.

साल 2016 से 2023 के दौरान, वे फिर से केंद्रीय डेप्युटेशन पर गए और BPR&D में IG (रिसर्च एंड करेक्शनल एडमिनिस्ट्रेशन) और CISF में IG (पर्सनल) के साथ-साथ CBI में संयुक्त निदेशक और अतिरिक्त निदेशक के तौर पर काम किया. अनुराग ने भारत सरकार के गृह मंत्रालय के तहत SIT (1984 के सिख-विरोधी दंगे) के अध्यक्ष के रूप में भी काम किया है. उन्हें सराहनीय सेवा के लिए पुलिस पदक और विशिष्ट सेवा के लिए राष्ट्रपति पुलिस पदक से सम्मानित किया जा चुका है.

ये भी पढ़ें: त्रिपुरा के डीजीपी अनुराग धनखड़ पुलिस मुख्यालय में मृत पाए गए, सुसाइड की आशंका

18 सितंबर, 2023 को अनुराग धनखड़ ने त्रिपुरा के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक का कार्यभार संभाला और बाद में 30 सितंबर, 2023 से त्रिपुरा के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (कानून-व्यवस्था) के पद पर तैनात हुए.

अनुराग धनखड़ को 1 जनवरी 2024 से पुलिस महानिदेशक (इंटेलिजेंस) के पद पर नियुक्त और तैनात किया गया. इसके साथ ही, उन्हें अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (कानून-व्यवस्था) का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया. 17 मई, 2025 को आईपीएस अनुराग धनखड़ ने त्रिपुरा के पुलिस महानिदेशक का कार्यभार संभाला.

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Tripura, Anurag Dhankhar Suicide Case
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com