विज्ञापन

बीजेपी की ब्लैकमेलिंग के आगे नहीं झुकेंगे... TMC की टूट पर सांसद कीर्ति आजाद बोले

टीएमसी सांसद कीर्ति आजाद ने बागी नेताओं को गद्दार बताते हुए इस्तीफा देने की चुनौती दी. उन्होंने बीजेपी पर केंद्रीय एजेंसियों के जरिए ब्लैकमेल करने का आरोप लगाते हुए पार्टी के दबाव में न झुकने की बात कही.

बीजेपी की ब्लैकमेलिंग के आगे नहीं झुकेंगे... TMC की टूट पर सांसद कीर्ति आजाद बोले
टीएमसी के बागी नेताओं पर कीर्ति आजाद ने साधा निशाना
NDTV

पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस बगावत और आंतरिक घमासान से जूझ रही है. कई विधायकों और सांसदों ने टीएमसी के बगावत कर दी. इस बीच टीएमसी सांसद और पूर्व क्रिकेटर कीर्ति आजाद ने बागी गुट के खिलाफ आर-पार की जंग का ऐलान कर दिया है. NDTV से बात करते हुए कीर्ति आजाद ने बागी नेताओं पर जमकर निशाना साधा. आजाद ने यह भी बताया कि ममता बनर्जी ही टीएमसी हैं. पार्टी के कई सांसदों से वे लगातार संपर्क में हैं. उन्होंने बीजेपी पर गंदी राजनीति करने और पार्टी को तोड़ने का आरोप लगाया.

'पहले संख्या बल साबित तो करें'

TMC सांसद कीर्ति आजाद ने बागी नेताओं की संख्या को लेकर कहा कि संख्या बल का दावा करने वालों को पहले उसे साबित करना होगा. आजाद ने कहा कि टीएमसी के 28 सांसद पार्टी के चुनाव चिह्न पर जीते हैं. अगर कोई मेरी जमीन पर हक जताएगा, तो मैं कागजात मांगूंगा. उन्हें संख्या साबित करने दीजिए, भले ही उनके पास 21 या 22 सांसद हों, हमें फर्क नहीं पड़ता. उन्होंने यह भी कहा कि एनडीए एक गठबंधन है, न कि कोई राजनीतिक पार्टी. ऐसे में बागियों को बीजेपी में विलय करना होगा. कानून यही है. इसका मतलब है नरेंद्र मोदी को अपना नेता मानना पड़ेगा.

यूसुफ पठान को ब्लैकमेल करने का आरोप

कीर्ति आजाद ने पूर्व अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर और सांसद यूसुफ पठान का जिक्र करते हुए बीजेपी पर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि यूसुफ पठान ने बड़ौदा से कहा था कि वे कहीं नहीं जा रहे हैं. उन्हें कल अमित शाह से मिलना था, लेकिन मुलाकात नहीं हुई. उन्होंने कहा कि 2011 वर्ल्ड कप विजेता खिलाड़ी को सुबह 11 बजे तक इंतजार कराया गया. क्या वे इसी तरह सम्मान दिखाते हैं? क्या इसलिए कि वह मुस्लिम हैं? मुझे नहीं पता, पर यही सच्चाई है.

काकोली घोष दस्तीदार पर निशाना

कीर्ति आजाद ने ममता बनर्जी की करीबी रहीं काकोली घोष दस्तीदार के पार्टी छोड़ने पर भी निशाना साधा. उन्होंने आरोप लगाया कि चीफ व्हिप होने के बावजूद वह शायद ही कभी संसद आती थीं और फोन पर निर्देश देती थीं. उन्होंने कहा कि यह सिर्फ सत्ता का खेल है. जो लोग कैमरे पर रिश्वत लेते पकड़े गए थे, भाजपा उन्हें ही अपनी पार्टी में शामिल करना चाहती है.

'ममता बनर्जी ही TMC हैं'

आजाद ने ममता बनर्जी का जिक्र करते हुए कहा कि यह पार्टी ममता ने ही बनाई है, उन्हें विरासत में नहीं मिली. उन्होंने अत्याचार सहे, सिर पर चोट खाई, नाले में फेंकी गईं, लेकिन संघर्ष से जगह बनाई. वही सब कुछ हैं. उन्होंने पार्टी को एकजुट रखा. उन्होंने लेफ्ट को हराया. हम उनके साथ खड़े हैं. मैं गद्दार नहीं हूं, मेरे पिता स्वतंत्रता सेनानी थे.

यह भी पढ़ें: मिशन बंगाल सफल, अब बीजेपी का मिशन पंजाब, अमित शाह ने संभाली कमान; क्या है पूरा प्लान? समझिए

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
TMC Mp, TMC After Bengal Elections, Kirti Azad, Kirti Azad At NDTV, Kirti Azad Bengal
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com