- TMC के पूर्व विधायक सब्यसाची दत्ता को जबरन वसूली मामले में गिरफ्तार किया गया है
- ममता के पूर्व विधायक सब्यसाची दत्ता को जबरन रंगदारी मांगने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है
- सब्यसाची दत्ता 2026 के विधानसभा चुनाव में टीएमसी के उम्मीदवार थे. वह बिधाननगर के पूर्व मेयर भी रह चुके हैं.
पहले विधायक और सांसदों की बगावत और अब गिरफ्तारी, पश्चिम बंगाल में अब तक के सबसे बड़े राजनीतिक संकट से जूझ रही ममता बनर्जी की पार्टी टीएमसी को एक और बड़ा झटका लगा है. TMC नेता सब्यसाची दत्ता को गिरफ्तार किया गया है. उनको सोमवार देर रात जबरन रंगदारी मांगने के आरोप में अरेस्ट किया गया. सब्यसाची दत्ता 2026 के विधानसभा चुनाव में बारासात सीट से टीएमसी के उम्मीदवार थे. वह बिधाननगर के पहले मेयर भी रह चुके हैं.
ममता के पूर्व विधायक पर एक्शन
बंगाल में बीजेपी की सरकार आने के बाद से ही भ्रष्ट टीएमसी नेताओं पर एक्शन जारी है. अब सब्यसाची दत्ता पर गाज गिरी है. जबरन वसूली के आरोप में टीएमसी नेता को अरेस्ट किया गया है.सब्यसाची दत्ता बंगाल की पॉलिटिक्स में जाना माना नाम हैं. वह बिधाननगर नगर निगम के पहले मेयर रह चुके हैं. एक वक्त था जब उनकी गिनती ममता के करीबी नेताओं में होती थी. साल 2019 में वे टीएमसी छोड़कर बीजेपी में शामिल हो गए थे. लेकिन साल 2021 में फिर से उन्होंने टीएमसी में वापसी कर ली थी.

ममता के नेता पर जबरन वसूली का आरोप
सब्यसाची दत्ता पर जबरन वसूली का आरोप है. नगर निकाय से जुड़े कुछ फैसलों, ठेकों और वित्तीय लेन-देन के मामले में वह जांच एजेंसियों के रडार पर हैं. अधिकारियों ने दावा किया है कि उनके हाथ कुछ ऐसे दस्तावेज लगे हैं, जिनके आधार पर उनको गिरफ्तार किया गया है. उनसे पूछताछ भी की जा रही है. हालांकि सव्यसाची दत्ता उन पर लगे सभी आरोपों से इनकार कर रहे हैं.

इन टीएमसी नेताओं पर भी कसा शिकंजा
बंगाल में सुवेंदु सरकार बनने के बाद से कई बड़े टीएमसी नेताओं के खिलाफ जांच एजेंसियां शिकंजा कस चुकी हैं. अब सब्यसाची दत्ता पर एक्शन हुआ है. बता दें कि कुछ ही दिन पहले टीएमसी सरकार में मंत्री रह चुके सुझीत बोस को कथित नगरपालिका भर्ती घोटाले से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग के मामले में अरेस्ट किया गया था. वहीं टीएमसी नेता जयप्रकाश मजूमदार को कथित अवैध संपत्ति पर कब्जा करने के मामले में अरेस्ट किया गया था. इससे पहले जहांगीर खान रंगदारी और धमकी से जुड़े मामले में भारत-नेपाल बॉर्डर के पास से अरेस्ट किए गए थे.
ये भी पढ़ें-सरकार गई, विधायक गए, अब सांसद भी बागी... क्या पार्टी बचा पाएंगी ममता बनर्जी? समझिए
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं