विज्ञापन

टाइगर की कार 10 कदम ही निकली थी कि चलने लगी गोलियां... चश्मदीद शाहरुख ने बताया फायरिंग का आंखों देखा हाल

जैसे ही टाइगर श्रॉफ अपनी BMW सेडान में एक फुटबॉल मैदान से निकल रहे होते हैं, दो हमलावर कम से कम चार बार गोली चलाते हैं. हालांकि, ऐसा लगता है कि जब हमलावरों में से एक खिड़की के सबसे करीब पहुंचता है, तो उसकी बंदूक से गोली नहीं चल पाती.

Tiger Shroff Attacked: टाइगर श्रॉफ पर जानलेवा हमला

बॉलीवुड एक्टर टाइगर श्रॉफ पर जानलेवा हमले हुआ है. रविवार की शाम मुंबई के जुहू में तीन लोगों ने उनकी गाड़ी पर हमला किया और फिर मोटरसाइकिल पर सवार होकर भाग गए. इस हमले में टाइगर तो सुरक्षित बच गए, लेकिन उनकी कार के ड्राइवर को गोली लगी है. वहीं, पास ही खड़े एक अन्य व्यक्ति के सीने में गोली लगी. बताया जा रहा है कि टाइगर श्रॉफ एक फुटबॉल ग्राउंड से निकल रहे थे, तभी यह हमला हुआ. अब एक चश्मदीद सामने आया है जिसने बताया कि मौका-ए-वारदात पर क्या कुछ हुआ. उसके अनुसार टाइगर की कार गेट से 10 कदम ही निकली थी कि अचानक 4 गोलियां चल गईं.

चश्मदीद ने क्या बताया?

शाहरुख शेख नाम के इस चश्मदीद ने बताया कि टाइगर वहां फुटबॉल खेलने गए थे और कई सारे सेलिब्रिटी उनके साथ मौजूद थे. उन्होंने कहा, "वहां सब लोग फुटबॉल खेल रहे थे, तीन-चार सेलिब्रिटी वहां पहले से थे. इनमें अपारशक्ति खुराना, अभिषेक बजाज और अभिमन्यु शामिल थे. ये लोग फुटबॉल खेल रहे थे, माहौल एकदम नॉर्मल था, वे लोग अच्छे से खेल रहे थे."

टाइगर की कार पर हमला फुटबॉल खेलकर निकलने के बाद हुआ. शाहरुख शेख ने बताया कि हमले के समय वह वहां मौजूद थे. हालांकि सबकुछ इतनी तेजी से हुआ कि उन्हें हमलावर का चेहरा अच्छे से याद नहीं. उन्होंने कहा, "चेहरा ऐसा याद नहीं है, क्योंकि वो इतना अचानक हुआ कि मुझे समझ ही नहीं आया. मैं खुद ही डर गया क्योंकि अचानक ही चार गोलियां चल गईं. हमें तो कुछ पता ही नहीं था. हम तो फोटो लेने के लिए वहां रुके थे, अचानक चार फायर हुए तो हम खुद एक सेकंड के लिए डर गए कि ये क्या हुआ."

उस मंजर के बारे में बताते हुए शाहरुख शेख ने बताया, "वे (टाइगर) जब बाहर निकले तब सब कुछ ठीक था. सबसे हाथ मिलाया, उससे पहले उन्होंने फोटो वगैरह भी दिए. फिर उनकी गाड़ी जैसे ही गेट के बाहर निकली, गाड़ी दस कदम भी आगे नहीं गई होगी और उन लोगों ने उतरकर फायरिंग शुरू कर दी."

चश्मदीद ने बताया कि फायरिंग के बाद टाइगर के ड्राइवर को एक गोली हाथ पर लगी और एक फैन को भी गोली लगी, छाती पर नीचे. चश्मदीद ने बताया कि टाइगर कार चलाकर खुद ड्राइवर को हॉस्पिटल ले गए. बाकि जिस फैन को गोली लगी थी, उसे रिक्शे से हॉस्पिटल ले जाया गया.

यह भी पढ़ें | LIVE: टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग, CCTV फुटेज आया सामने, आखिरी बार अंधेरी स्टेशन पर देखे गए हमलावर

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Tiger Shroff, Tiger Shroff Attack, Tiger Shroff Attack Video
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com