विज्ञापन

nVIDIA को लग सकता है 270 बिलियन डॉलर का झटका, शेयर क्रैश हुए तो भारतीय निवेशकों को भी खतरा! समझिए कैसे

Nvidia के शेयरों में गिरावट का असर भारतीय निवेशकों पर भी पड़ सकता है. कुछ अमेरिकी टेक ETF अपने NAV से 51% तक प्रीमियम पर कारोबार कर रहे हैं. जानिए आपके लिए किस तरह के खतरे हो सकते हैं.

nVIDIA को लग सकता है 270 बिलियन डॉलर का झटका, शेयर क्रैश हुए तो भारतीय निवेशकों को भी खतरा! समझिए कैसे
nVIDIA के शेयरों में गिरावट से भारतीय निवेशकों को भी लग सकता है झटका
Source: NDTV File Photo

अमेरिकी चिप कंपनी nVIDIA के शेयरों में आज 9 नवंबर, सोमवार को बड़ी गिरावट हो सकती है और इस गिरावट के चलते कंपनी के मार्केट कैप से 270 बिलियन डॉलर साफ हो सकते हैं. nVIDIA के शेयरों में सोमवार को 'आउट-ऑफ-आवर्स' ट्रेडिंग के दौरान 5.75 फीसदी से ज्‍यादा की गिरावट देखी गई है.

हाइपरलिक्विड प्लेटफॉर्म पर एनवीडिया से जुड़े परपेचुअल फ्यूचर्स और ब्लू ओशन अल्टरनेटिव ट्रेडिंग सिस्टम (BOATS) पर आफ्टर-आवर्स ट्रेडिंग में शेयर की कीमत लगभग 175.97 डॉलर थी, जोकि शुक्रवार को Nasdaq पर बंद भाव 186.64 डॉलर से 10.74 डॉलर की गिरावट दिखाता है.  

nVIDIA के शेयरों पर दबाव की वजह कंपनी के CEO जेनसन हुआंग से जुड़ा विवाद बताया जा रहा है. कंपनी के बोर्ड ने इस मामले में स्वतंत्र जांच शुरू की है.  

भारतीयों के लिए क्‍यों है चिंता की बात? 

यूएस मार्केट खुलने के बाद अगर nVIDIA के शेयर क्रैश हुए तो इस गिरावट का असर भारतीय निवेशकों पर भी पड़ सकता है. खासकर उन लोगों पर, जिन्होंने म्यूचुअल फंड और एक्सचेंज ट्रेडेड फंड (ETF) के जरिए अमेरिकी टेक कंपनियों में पैसा लगाया है. चिंता की बात ये है कि कुछ भारतीय ETF अपने नेट एसेट वैल्यू (NAV) से 51% तक प्रीमियम पर कारोबार कर रहे हैं. यानी निवेशक फंड में मौजूद संपत्तियों की वास्तविक कीमत से काफी ज्यादा पैसा देकर यूनिट खरीद रहे हैं.

भारतीय ऐसे समझें पूरा गणित

मिरे एसेट NYSE FANG+ ETF इसका उदाहरण है. इस ETF में nVIDIA समेत 10 बड़ी अमेरिकी टेक कंपनियां शामिल हैं. सोमवार को NSE पर इसका भाव 234.91 रुपये था, जबकि 6 नवंबर को इसका NAV 155.18 रुपये था. यानी ETF अपने NAV से करीब 51% प्रीमियम पर कारोबार कर रहा था.

आसान भाषा में समझें तो अगर किसी ETF की एक यूनिट के पीछे मौजूद संपत्तियों की वास्तविक कीमत 100 रुपये है, लेकिन बाजार में उसकी यूनिट 151 रुपये में बिक रही है, तो निवेशक 100 रुपये की संपत्ति के लिए 151 रुपये चुका रहा है. ऐसी स्थिति में निवेश की शुरुआत ही महंगी कीमत से होती है.

इसी तरह मोतीीलाल ओसवाल Nasdaq 100 ETF में भी nVIDIA की 8.36% हिस्सेदारी थी. ये फंड की सबसे बड़ी होल्डिंग थी. सोमवार को इस ETF का बाजार भाव 298.59 रुपये और NAV 247.64 रुपये था. यानी ये करीब 21% प्रीमियम पर कारोबार कर रहा था.

पहले भी बड़ी गिरावट झेल चुकी है nVIDIA

nVIDIA के शेयरों में भारी गिरावट का ये पहला मामला नहीं है. सितंबर 2024 में कंपनी का शेयर 9.5% टूट गया था और उसके मार्केट कैप में करीब 279 अरब डॉलर की कमी आई थी.

इसके बाद 27 जनवरी 2025 को चीन की AI कंपनी DeepSeek से जुड़ी चिंताओं के कारण nVIDIA के शेयर करीब 17% गिर गए थे. उस दिन कंपनी के मार्केट कैप में लगभग 593 अरब डॉलर की कमी आई थी.

ताजा विवाद में रिपोर्टों के मुताबिक, अमेरिकी खुफिया अधिकारियों को आशंका है कि जेनसन हुआंग को विदेशी खुफिया गतिविधियों के जरिए निशाना बनाया गया हो सकता है. nVIDIA के चिप चीन पहुंचने को लेकर भी सवाल उठे हैं. हालांकि, चीन ने जासूसी के आरोपों को निराधार बताया है. कंपनी के बोर्ड ने भी हुआंग पर भरोसा जताया है.

भारतीयों को कैसे हो सकता है नुकसान?

nVIDIA में गिरावट का असर उन भारतीय निवेशकों पर पड़ सकता है, जिनके ETF में अमेरिकी टेक कंपनियों की हिस्सेदारी है. लेकिन यहां जोखिम सिर्फ nVIDIA के शेयरों की कीमत गिरने तक सीमित नहीं है. ETF को NAV से काफी ज्यादा प्रीमियम पर खरीदने वाले निवेशकों को दोहरा झटका लग सकता है. इसे तीन तरह से समझ सकते हैं

  1. nVIDIA के शेयरों में गिरावट:जिन ETF में nVIDIA की बड़ी हिस्सेदारी है, उनकी NAV पर दबाव पड़ सकता है.
  2. प्रीमियम कम होने का जोखिम:अगर ETF का बाजार भाव NAV के करीब आता है, तो निवेशक को शेयरों की गिरावट के अलावा प्रीमियम घटने से भी नुकसान हो सकता है.
  3. दोहरा असर:शेयरों की कीमत और ETF का प्रीमियम, दोनों घटने पर बाजार में निवेशक की यूनिट की कीमत NAV से भी तेज गिर सकती है.

किस बात का ध्‍यान रखें ETF निवेशक  

ETF में निवेश करने से पहले सिर्फ उसका बाजार भाव या पिछले रिटर्न देखना पर्याप्त नहीं है. NDTV प्रॉफिट ने एक्‍सपर्ट के हवाले से बताया है कि निवेशकों को ये भी देखना चाहिए कि ETF किस NAV पर उपलब्ध है और बाजार में उसकी यूनिट किस कीमत पर खरीदी-बेची जा रही है. अगर बाजार भाव NAV से काफी ज्यादा है, तो निवेशक को महंगी कीमत पर यूनिट खरीदने का जोखिम उठाना पड़ सकता है. इसलिए निवेश से पहले NAV और बाजार भाव के बीच का अंतर यानी प्रीमियम या डिस्काउंट जरूर जांचें.

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Nvidia Share, Nvidia Share Price, Nvidia Shares Fall, Jensen Huang Affiar Row, Jensen Huang Controversy
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com