नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली के जाफराबाद इलाके के एक प्लेस्कूल में साढ़े तीन साल के बच्चे की बेरहमी से पिटाई का मामला सामने आया है. बताया जा रहा है कि पिटाई से मासूम की आंखें सूज गईं. यहीं नहीं उसके कान के पर्दे भी फट गए. इस मामले में पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है. पुलिस सूत्रों ने बताया कि स्कूल के निदेशक, प्रधानाचार्य, एक शिक्षिका और एक अन्य कर्मचारी के खिलाफ पॉक्सो अधिनियम, किशोर न्याय अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है.
पुलिस सूत्र के अनुसार, पुलिस को बच्चे की कथित पिटाई को लेकर शिकायत मिली थी. बच्चे की जीटीबी अस्पताल में चिकित्सकीय जांच कराई गई और संयुक्त जांच भी की गई. पुलिस ने बताया कि स्कूल के सीसीटीवी फुटेज को जब्त कर लिया गया है और मामले की आगे जांच की जा रही है. बच्चे के परिवार का आरोप है कि स्कूल में उसकी पिटाई की गई और उसके साथ अनुचित व्यवहार किया गया.
बच्चे को सोने में परेशानी, टॉयलेट जाने से भी लग रहा डर
परिवार ने बच्चे के व्यवहार में बदलाव देखने के बाद पुलिस से संपर्क किया. परिवार के मुताबिक, बच्चे को कथित तौर पर सोने में परेशानी होने लगी थी और वह टॉयलेट जाने से भी डर रहा था. पुलिस ने कहा कि वह सीसीटीवी फुटेज, मेडिकल रिपोर्ट के नतीजों और अन्य साक्ष्यों की समीक्षा कर आरोपों का सत्यापन किया जा रहा है.
यह भी पढ़ें- ग्रेटर नोएडा से कश्मीरी गेट तक 47 किलोमीटर तक चलती बस में नाबालिग से दरिंदगी, ड्राइवर-कंडक्टर गिरफ्तार
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं