विज्ञापन

गुरुग्राम में थार का आतंक, बीच सड़क कार को कई बार मारी टक्कर, वीडियो वायरल

घटना के समय कैब में चालक के अलावा दो युवक मौजूद थे. अचानक हुए इस घटनाक्रम से इलाके में हड़कंप मच गया. सड़क पर मौजूद लोगों ने पूरी घटना अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर ली.

थार चालक ने कैब को कई बार टक्कर मारी.
NDTV

गुरुग्राम के सेक्टर-89 में देर रात उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब दिल्ली नंबर की एक थार सवार युवकों ने सड़क पर खड़ी एक कैब को निशाना बना लिया. आरोप है कि थार चालक ने गुस्से में कैब को एक-दो नहीं, बल्कि कई बार टक्कर मारी. इससे उसका अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.

जानकारी के अनुसार, सेक्टर-89 में देर रात दिल्ली नंबर की एक थार में चार युवक सवार होकर पहुंचे थे. बताया जा रहा है कि किसी बात को लेकर युवकों के बीच विवाद हो गया. विवाद बढ़ने पर दो युवक थार से अलग होकर अपने घर जाने के लिए रैपिडो के जरिए कैब बुक कर सड़क किनारे उसका इंतजार करने लगे.

कुछ देर बाद कैब मौके पर पहुंची और दोनों युवक उसमें बैठ गए. इसी दौरान उनके साथ मौजूद एक अन्य युवक ने अचानक थार दौड़ा दी और कैब को जोरदार टक्कर मार दी. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, इसके बाद भी वह नहीं रुका और थार को पीछे लेकर कई बार कैब में टक्कर मारता रहा. लगातार टक्करों से कैब का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया.

वीडियो में दिखा थार का कहर

घटना के समय कैब में चालक के अलावा दो युवक मौजूद थे. अचानक हुए इस घटनाक्रम से इलाके में हड़कंप मच गया. सड़क पर मौजूद लोगों ने पूरी घटना अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर ली. वीडियो में थार द्वारा कैब को बार-बार टक्कर मारते हुए देखा जा सकता है. यही वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.

हालांकि राहत की बात यह रही कि इस पूरी घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है. आसपास मौजूद लोगों के अनुसार, थार में सवार युवक नशे की हालत में दिखाई दे रहे थे, लेकिन इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है. पुलिस जांच के बाद ही यह साफ हो पाएगा कि घटना के समय आरोपी शराब या किसी अन्य नशे के प्रभाव में थे या नहीं.

युवकों की पहचान की जा रही है

घटना की सूचना मिलते ही खेड़कीदौला थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई. पुलिस ने कैब चालक की शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है. पुलिस का कहना है कि जिस थार से कैब को टक्कर मारी गई, वह दिल्ली नंबर की है. वाहन के नंबर के आधार पर मालिक और घटना में शामिल युवकों की पहचान की जा रही है.

फिलहाल पुलिस वायरल वीडियो और आसपास के सीसीटीवी फुटेज की मदद से पूरे घटनाक्रम की जांच में जुटी है. पुलिस का कहना है कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

यह भी पढ़ें: दिल्ली: हेड कांस्टेबल ने पहले पत्नी की हत्या की, फिर खुद लगा ली फांसी; बच्चों के घर लौटने पर खुला राज

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Delhi Crime, Delhi News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com