विज्ञापन
This Article is From Aug 16, 2024

"ये घटना स्थानीय प्रशासन की विफलता": RG कर कॉलेज में हुई तोड़फोड़ को लेकर कलकत्ता हाई कोर्ट ने प्रशासन को लगाई फटकार

सीबीआई की एक टीम ने इस मामले में बयान दर्ज किए हैं. उस रात वहां मौजूद इंटर्न डॉक्टरों, नर्सों और अन्य लोगों से बात की है. बता दें सीबीआई ने उच्च न्यायालय के निर्देश पर कोलकाता पुलिस से मामले की जांच अपने हाथ में ली है.

पुलिस ने रेप-हत्या के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है.
कोलकाता:

कलकत्ता उच्च न्यायालय ने 14 अगस्त की रात को आरजी कर कॉलेज परिसर में हुई तोड़फोड़ के मामले पर सुनवाई की और इस दौरान सख्त लहजे में कहा कि ये घटना स्थानीय प्रशासन की विफलता को दर्शाता है. कलकत्ता हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश ने कहा कि इस मामले को कोर्ट ने अस्पताल में तोड़फोड़ से जुड़े एक ईमेल मिलने के बाद लिया है. यह पूरी तरह राज्य मशीनरी की नाकामी है. इस दौरान राज्य सरकार ने अपना पक्ष रखते हुए कहा कि घटना के समय वहां पुलिस मौजूद थी. इसपर मुख्य न्यायाधीश ने कहा कि वे अपने लोगों की सुरक्षा नहीं कर सके? यह दुर्भाग्यपूर्ण स्थिति. ये डॉक्टर निडर होकर कैसे काम करेंगे?  मुख्य न्यायाधीश ने आगे कहा कि आप घटना के बाद उपाय कर रहे हैं?

उच्च न्यायालय ने सीबीआई को "पूर्व नियोजित" तोड़फोड़ पर अंतरिम रिपोर्ट देने का निर्देश दिया है.

19 आरोपियों को किया गिरफ्तार

दूसरी ओर कोलकाता पुलिस ने आज कहा कि उसने आरजी कर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में तोड़फोड़ और हिंसा के मामले में अब तक 19 लोगों को गिरफ्तार किया है. अधिकारियों ने बताया कि गिरफ्तार किए गए लोगों को शहर की एक अदालत ने 22 अगस्त तक पुलिस हिरासत में भेज दिया है. अज्ञात बदमाशों ने कोलकाता के सरकारी आरजी कर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के परिसर में घुसकर उसके कुछ हिस्सों में तोड़फोड़ की. इसी अस्पताल में पिछले सप्ताह महिला चिकित्सक का शव मिला था.

ये भी पढ़ें-  कोलकाता रेप मामला: दोषियों को फांसी देने की मांग को लेकर CM ममता बनर्जी निकालेंगी मार्च

अस्पताल में चिकित्सक के साथ कथित बलात्कार और फिर उसकी हत्या किए जाने की घटना के विरोध में महिलाओं के विरोध प्रदर्शन के बीच आधी रात को यह तोड़फोड़ की गई. इस दौरान कुछ पुलिसकर्मियों सहित कई लोग घायल हो गए थे.

परास्नातक प्रशिक्षु के साथ कथित दुष्कर्म और फिर उसकी हत्या की घटना के विरोध में सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों और अस्पतालों में जूनियर डॉक्टर की हड़ताल शुक्रवार को भी जारी रही. प्रदर्शन कर रहे चिकित्सक दोषियों को कड़ी सजा दिए जाने और कार्यस्थल पर सुरक्षा बढ़ाने की मांग कर रहे हैं.

ममता सरकार पर विपक्ष का निशान

विपक्षी दलों ने पुलिस पर आरोप लगाया है कि जब सरकारी आरजी कर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में तोड़फोड़ और हिंसा हुई तो पुलिस ने उचित कार्रवाई नहीं की. मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बृहस्पतिवार शाम को कहा था कि अस्पताल के आपातकालीन वार्ड की दो मंजिलों में तोड़फोड़ की गई, दवाइयां लूट ली गई हैं और बुनियादी ढांचे तथा उपकरणों को क्षतिग्रस्त कर दिया गया.

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
RG Kar College Case, Chief Justice Calcutta High Court
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com