अहमदाबाद:
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बृहस्पतिवार को कहा कि अहमदाबाद में दुर्घटनाग्रस्त हुए एअर इंडिया के विमान का तापमान ईंधन जलने के कारण इतना अधिक था कि किसी को बचा पाने की कोई गुंजाइश ही नहीं थी. शाह ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘विमान के अंदर 1.25 लाख लीटर ईंधन था. विमान गर्म हो गया था, इसलिए किसी को भी बचाने की गुंजाइश नहीं थी.'' उन्होंने कहा कि इस त्रासदी के बाद पूरा देश गहरे सदमे में है.
अमित शाह ने दुर्घटना में मारे गए लोगों के परिजन के प्रति संवेदना व्यक्त की. उन्होंने कहा, ‘‘अधिकारी मृतकों की संख्या डीएनए की जांच और पीड़ितों की पहचान के बाद आधिकारिक तौर पर जारी करेंगे. अच्छी खबर यह है कि दुर्घटना में एक व्यक्ति बच गया है और मैं उनसे मिलने के बाद यहां आया हूं.''
गृह मंत्री ने कहा, ‘‘विमान दुर्घटना में मारे गए लोगों के शवों से डीएनए नमूने एकत्र करने की प्रक्रिया पूरी हो गई है. फॉरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला और गुजरात में राष्ट्रीय फॉरेंसिक विज्ञान विश्वविद्यालय पीड़ितों के डीएनए की जांच करेंगे.''
अमित शाह के बयान की महत्वपूर्ण बातें
- भारत सरकार और गुजरात सरकार मिलकर राहत और बचाव कार्य में जुटी है.
- मृतकों की आधिकारिक संख्या डीएनए परीक्षण के पश्चात ही अधिकारिक रूप से घोषित की जाएगी.
- घटना के तुरंत बाद गुजरात सरकार ने स्वास्थ्य विभाग, फायर ब्रिगेड, पुलिस विभाग, और भारत सरकार की CAPF इकाइयों को भी शामिल करते हुए आपदा प्रबंधन की सभी इकाइयों को अलर्ट कर दिया और सभी मिलकर राहत और बचाव कार्य में जुट गए.
- जिन यात्रियों के परिजन घटनास्थल पर पहुंच चुके हैं, उनके डीएनए नमूने लेने की प्रक्रिया भी अगले 2-3 घंटों में पूरी हो जाएगी. जिनके परिजन विदेश में हैं, उन्हें सूचना दी जा चुकी है और उनके पहुंचते ही उनके डीएनए नमूने लिए जाएंगे.
- गुजरात की FSL (Forensic Science Laboratory) और NFSU (National Forensic Sciences University) मिलकर कम से कम समय में डीएनए परीक्षण पूर्ण करेंगी और उसके बाद मृतकों के शव उनके परिजनों को सौंपे जाएंगे.
- परिजनों के रहने, मानसिक सांत्वना और जिन लोगों को मानसिक ट्रॉमा हुआ है, उनके लिए भी सभी आवश्यक व्यवस्थाएं कर दी गईं हैं.
- Aviation Department ने तीव्र गति से अपनी जांच प्रारंभ कर दी है
पूरी स्टोरी पढ़ें
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं
Amit Shah, Amit Shah On Plane Crash, Air India, Air India Plane Crash, Ahmdabad Plane Crash