- संसद के मौजूदा बजट सत्र में निलंबित आठ सांसदों का निलंबन मंगलवार को वापस लिया जा सकता है.
- लोकसभा स्पीकर ओम बिरला की सर्वदलीय बैठक में निलंबन रद्द करने पर सभी दलों ने सहमति जताई.
- निलंबित सांसदों को सदन में मर्यादा बनाए रखने और अनुचित भाषा न प्रयोग करने की हिदायत दी जाएगी.
संसद में मौजूदा बजट सत्र में निलंबित किए गए 8 सांसदों का निलंबन मंगलवार को वापस लिया जा सकता है. सूत्रों के हवाले से खबर है कि मंगलवार को संसद में प्रस्ताव लाकर इन सांसदों का निलंबन रद्द किया जाएगा. सोमवार को लोकसभा स्पीकर ओम बिरला की ओर से बुलाई गई सर्वदलीय बैठक में इस मुद्दे पर सहमति बनी. सूत्रों के अनुसार, ऑल पार्टी मीटिंग में सत्ता पक्ष और विपक्ष दोनों के सांसद शामिल हुए और बैठक में इस बात पर राय बनी कि सदन की कार्यवाही सुचारु रूप से चलाने के लिए निलंबन को समाप्त किया जाना चाहिए. बैठक में यह भी तय हुआ कि निलंबित सांसदों को आगे से सदन में मर्यादा बनाए रखने और किसी भी प्रकार की आपत्तिजनक या अनुचित भाषा का प्रयोग न करने की हिदायत दी जाएगी.
निलंबति सांसदों का सस्पेंशन हटाए जाने को लेकर आज हुई बैठक में पक्ष और विपक्ष में इस पर सहमति बनी कि -
- कोई भी पक्ष अब वेल में दूसरे पक्ष की तरफ नहीं जाएगा.
- कोई कागज फाड़कर स्पीकर की तरफ नहीं फेंकेगा.
- कोई भी सदस्य सदन में अधिकारियों के टेबल पर नहीं चढ़ेगा.
- मर्यादित परम्पराओं का पालन किया जाएगा.
- दोबारा ऐसी घटना न हो इसका दोनों पक्ष ध्यान रखेंगे.
निलबंन समाप्त करने के लिए कल लाया जाएगा प्रस्ताव
जानकारी के मुताबिक, मंगलवार को संसद में निलंबन समाप्त करने के लिए प्रस्ताव लाया जाएगा. सूत्रों का कहना है कि यह प्रस्ताव विपक्ष की ओर से पेश किया जा सकता है, जिस पर सदन की सहमति से निर्णय लिया जाएगा. बताया जा रहा है कि हाल ही में सदन की कार्यवाही के दौरान हंगामे और कथित तौर पर अनुचित भाषा के इस्तेमाल के कारण आठ सांसदों को निलंबित कर दिया गया था. इसके बाद विपक्ष ने इस फैसले पर आपत्ति जताते हुए इसे वापस लेने की मांग की थी.
सोमवार को हुई सर्वदलीय बैठक में बनी सहमति
सोमवार को हुई सर्वदलीय बैठक में इस मुद्दे पर विस्तार से चर्चा हुई और अंततः इस बात पर सहमति बनी कि सदन के सुचारु संचालन और राजनीतिक सहमति के माहौल को बनाए रखने के लिए निलंबन वापस लिया जाना चाहिए. यदि प्रस्ताव पारित हो जाता है तो मंगलवार से ये सभी सांसद फिर से सदन की कार्यवाही में भाग ले सकेंगे.
स्पीकर की ओर कागज फेंकने के आरोप में 8 सांसद हुए थे निलंबित
बता दें कि सदन की कार्यवाही में बाधा डालने और बजट सत्र के शेष समय के लिए अध्यक्ष की ओर कागज फेंकने के आरोप में 7 कांग्रेस सांसद और मदुरै से 1 सीपीएम सांसद को निलंबित कर दिया गया था. निलंबित किए गए सांसदों में हिबी ईडन, अमरिंदर सिंह राजा वारिंग, मणिक्कम टैगोर, गुरजीत सिंह औजला, किरण कुमार रेड्डी, प्रशांत पाडोले, एस वेंकटेशन और डीन कुरियाकोस शामिल थे.
यह भी पढे़ं - संसद परिसर में एक ही दिन में तीन-तीन प्रदर्शन, निलंबित सांसद डिंपल, इकरा हसन.. सबके हाथों में तख्तियां
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं