कर्नाटक के मंत्री बसवराज रायरेड्डी ने हाल ही में इस्लाम धर्म को दूसरे धर्मों से बेहतर बताया था. उनके उस बयान पर विवाद भी छिड़ गया था और विपक्षी नेताओं ने इसे तुष्टीकरण से भी जोड़ने का काम किया. अब बसवराज रायरेड्डी ने अपने उस बयान का बचाव किया है. उन्होंने जोर देकर कहा है कि वे खुद का धर्म क्यों नहीं बना सकते हैं.
बसवराज रायरेड्डी कहते हैं कि मैं खुद का धर्म क्यों नहीं बना सकता हूं, मैं किसी से कम नहीं हूं. मैंने यहूदी धर्म का अध्ययन किया है, मैं तो जीजस के जन्मस्थल पर गया हूं, मैं बोध गया जा चुका हूं, सारनाथ भई गया हूं, मैं चीन में लाओ की जगह पर गया हूं. मैं बस हज नहीं कर पाया हूं, मक्का जाना चाहता हूं, लेकिन जा नहीं सकता. मैं मुसलमान नहीं हूं और इस्लाम में कंवर्ट नहीं होने वाला हूं. मेरा खुद का धर्म है, क्या जीजस ने धर्म नहीं बनाया था, क्या मोहम्मद पैगंबर ने नहीं बनाया था, बुद्ध ने नहीं बनाया था. मैं खुद का धर्म क्यों नहीं बना सकता, मैं किसी से कम नहीं हूं. मैं चुप इसलिए रहता हूं क्योंकि मेरे पास अभी अपने अनुयायी नहीं है.
जानकारी के लिए बता दें कि इस्लाम धर्म को लेकर कर्नाटक मंत्री ने काफी कुछ कहा था. उन्होंने बोला था कि ये धर्म दूसरे सभी धर्मों से बेहतर है. इसके साथ ही मंत्री ने इस्लाम को महान और मानवीयता से भरा पूरा धर्म बताया है. उन्होंने यह भी कहा कि कुरान सिर्फ मुसलमानों के लिए नहीं है, इसे कोई भी पढ़ सकता है. कोप्पल जिले के कुकनूर शहर में बोलते हुए रायारेड्डी ने कहा कि पैगंबर मुहम्मद ने पूरी दुनिया को कुरान दी और दावा किया कि इस्लाम एक साइंटिफिक धर्म है जो लोगों को जीना सिखाता है.
रायारेड्डी ने कहा कि सरकार ने शादी महलों के लिए फंड दिया है और कहा कि ऐसे प्रोजेक्ट्स के लिए सऊदी अरब, पाकिस्तान या दूसरे मुस्लिम देशों से कोई पैसा नहीं आता है. उन्होंने कहा, "जो लोग इस्लाम के बारे में कुछ नहीं जानते, वे गलत अंदाजा लगाते हैं और इसके बारे में गलत राय बनाते हैं. मैं कहना चाहूंगा कि इस्लाम बाकी सभी धर्मों से बेहतर है क्योंकि इसकी शुरुआत इंसानियत से होती है. देखिए, कुरान के बारे में, मैंने अब्राहमिक धर्मों पर ज्यादा स्टडी नहीं की है और हालांकि मैं अक्सर मंदिर या मठ नहीं जाता, लेकिन मैं धर्मों और अलग-अलग इतिहास की स्टडी करता हूं. इसीलिए मैं अब्राहमिक धर्मों को तवज्जो देता हूं."
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं