तेलंगाना के हनमकोंडा जिले में 20 अगस्त को एक सुनसान जगह पर कार की डिक्की में महिला (33) का सड़ा-गला शव मिला था. पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की तो परत-दर-परत चौंकाने वाले खुलासे होते गए. पुलिस की जांच में सामने आया कि महिला की हत्या किसी और ने नहीं बल्कि उसके ही सॉफ्टवेयर इंजीनियर पार्टनर ने की थी. युवक को वह बचपन से जानती थी. पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर पूछताछ की तो एक और हैरान करने वाली बात सामने आई.
हनमकोंडा जिले के एल्काथुर्थी इलाके में एक सुनसान जगह पर खड़ी कार की डिग्गी में महिला का सड़ा-गला शव मिला था. महिला की पहचान गोदावरीखानी की रहने वाली अंकथी मनसा के तौर पर हुई. पुलिस के मुताबिक, मनसा की पहले दो बार शादी हो चुकी थी और दोनों ही शादियां तलाक पर खत्म हुई थीं. मनसा अब अपने बचपन के दोस्त विनोद के साथ रिलेशनशिप में थी. 17 अगस्त को वह करीमनगर में विनोद से मिली थी.
पार्टनर से करना चाहती थी शादी, पिता ने कहा- मार दो उसे
पुलिस के मुताबिक, मानसा चाहती थी कि विनोद उससे शादी करे और इसी बात को लेकर दोनों के बीच झगड़ा हुआ. आरोप है कि विनोद ने मनसा के पिता राजेशम को फ़ोन किया और उन्हें इस झगड़े के बारे में बताया. काजीपेट के एसीपी पी. प्रशांत रेड्डी ने कहा, "अपनी बेटी के बर्ताव से परेशान राजेशम ने विनोद से कहा कि वह परिवार और रिश्तेदारों का नाम खराब कर रही है, और उससे कहा कि वह उससे झगड़ा करे और उसकी हत्या कर दे." पिता ने विनोद से कहा था कि उसके व्यवहार से परिवार की "बदनामी" हो रही थी.
कार की डिग्गी में लाश रखकर सुनसान जगह पर खड़ा कर दिया
इसके बाद विनोद ने मानसा का गला घोंट दिया. फिर उसने उसकी लाश को लपेटा, कार की डिक्की में रखा और एल्काथुर्थी ले गया, जहां उसने गाड़ी को एक सुनसान जगह पर खड़ा कर दिया. पुलिस ने बताया कि विनोद ने शुरू में दावा किया था कि मनसा को दौरे पड़े थे और उसके कमरे में ही उसकी मौत हो गई थी, जिसके बाद डर के मारे उसने शव को वहां से हटा दिया. हालांकि, पूछताछ के दौरान जांचकर्ताओं का आरोप है कि उसने हत्या करने और अपने पिता के कथित निर्देशों के बारे में जानकारी दी.आरोपी को गिरफ्तार कर सोमवार को अदालत में पेश किया गया. मनसा के पिता की कथित भूमिका की जांच भी की जा रही है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं