विज्ञापन
This Article is From Apr 01, 2024

पूर्वोत्तर के राज्यों में तूफान और बारिश का कहर, पांच लोगों की मौत

पूर्वोत्तर के त्रिपुरा, मेघालय और उत्तर बंगाल में तूफान आया, कई घर क्षतिग्रस्त हो गए और पेड़ गिर गए

पूर्वोत्तर के राज्यों में तूफान और बारिश का कहर, पांच लोगों की मौत
पूर्वोत्तर के त्रिपुरा, मेघालय और पश्चिम बंगाल के कुछ हिस्सों में रविवार को तूफान आया.
नई दिल्ली:

पूर्वोत्तर के राज्यों में रविवार को बारिश और तूफान ने तबाही मचाई. पूर्वोत्तर के त्रिपुरा, मेघालय और उत्तर बंगाल में तूफान आया जिससे कुछ हिस्सों में नुकसान हुआ. पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी में तूफान के कारण कई घर क्षतिग्रस्त हो गए और पेड़ उखड़ गए. तूफान की वजह से चार लोगों की मौत हो गई. पीएम मोदी ने बंगाल में तूफान से हुई जनहानि पर शोक जताया है. त्रिपुरा में तूफान के दौरान बिजली गिरने से एक व्यक्ति की जान चली गई. मेघालय में तूफान ने कई घरों को क्षति पहुंचाई.

पश्चिम बंगाल के उत्तरी हिस्से में स्थित जलपाईगुड़ी जिले के कुछ हिस्सों में ‘अचानक' आए तूफान की चपेट में आने से चार लोगों की मौत हो गई जबकि 100 से अधिक लोग घायल हो गए. अधिकारियों ने बताया कि जिला मुख्यालय शहर के अधिकांश हिस्सों और पड़ोसी मैनागुड़ी के कई इलाकों में ओलावृष्टि के साथ तेज हवाएं चलने से कई झोपड़ियां और मकान क्षतिग्रस्त हो गए, पेड़ उखड़ गए और बिजली के खंभे गिर गए.

उन्होंने बताया कि तूफान की वजह से राजारहाट, बार्निश, बकाली, जोरपाकड़ी, माधबडांगा और सप्तीबारी सबसे अधिक प्रभावित हुए हैं एवं कई एकड़ क्षेत्र में लगी फसलों को नुकसान हुआ है. अधिकारियों ने बताया कि मृतकों की पहचान दिजेंद्र नारायण सरकार (52), अनिमा बर्मन (45), जगन रॉय (72) और समर रॉय (64) के रूप में की गई.

जलपाईगुड़ी जिले के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, ‘‘ओलावृष्टि से कई पैदल यात्री घायल हो गए. आपदा प्रतिक्रिया दल को तैनात किया गया है और सहायता बूथ स्थापित किए गए हैं.''

धूपगुड़ी के विधायक निर्मल चंद्र रॉय ने बताया कि कई लोगों को घायल अवस्था में अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

पश्चिम बंगाल में सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस से जुड़े सूत्रों ने बताया कि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने अपने निर्धारित कार्यक्रम रद्द कर दिए हैं और रविवार को जलपाईगुड़ी जाएंगी. राजभवन के अधिकारियों ने बताया कि राज्यपाल सीवी आनंद बोस भी प्रभावित इलाकों का दौरा करने के लिए सोमवार को जलपाईगुड़ी रवाना होंगे. उन्होंने बताया कि जलपाईगुड़ी की स्थिति से निपटने के लिए राजभवन में एक आपातकालीन प्रकोष्ठ स्थापित किया गया है.

ममता बनर्जी ने कहा कि नागरिक प्रशासन, पुलिस और आपदा प्रबंधन के कर्मियों को राहत कार्य के लिए तैनात किया गया है. मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स' पर पोस्ट किया, ‘‘यह जानकर दुख हुआ कि आज दोपहर अचानक भारी बारिश और तूफानी हवाओं ने जलपाईगुड़ी-मैनागुड़ी के कुछ इलाकों में आपदाएं ला दीं, जिसमें मानव जीवन की हानि हुई, चोटें आई, मकानक्षतिग्रस्त हुए, पेड़ और बिजली के खंभे उखड़ गए.''

उन्होंने कहा, ‘‘जिला प्रशासन मौत के मामले में परिजनों और घायलों को नियमों के अनुसार और एमसीसी (आदर्श आचार संहिता) का पालन करते हुए मुआवजा प्रदान करेगा.''

एक आधिकारिक बयान के मुताबिक राज्यपाल बोस दिल्ली में आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के संपर्क में हैं. उन्होंने जलपाईगुड़ी में और सामग्री और मानवबल भेजने का अनुरोध किया है.
 

त्रिपुरा में तेज तूफान, बिजली गिरने से एक व्यक्ति की मौत

त्रिपुरा के गोमती जिले के अंतर्गत राजनगर, उदयपुर में तूफान के दौरान आसमानी बिजली गिरने से एक व्यक्ति की जान चली गई. पीड़ित की पहचान 48 वर्षीय श्यामल देबनाथ के रूप में हुई है. यह घटना तब हुई जब वह रोज की तरह रविवार को भी रबर के बगीचे में लेटेक्स इकट्ठा कर रहा था. मौके पर मौजूद कई लोग देबनाथ की मदद के लिए दौड़े और उसे तुरंत गोमती जिला अस्पताल पहुंचाया. हालांकि अस्पताल में डॉक्टर ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया. 

Latest and Breaking News on NDTV

तूफान ने त्रिपुरा के विभिन्न हिस्सों में कहर बरपाया, जिससे बिजली गुल हो गई. राजधानी अगरतला में पेड़ गिरने से बिजली के खंभे क्षतिग्रस्त हुए और तार टूट गए. इससे बिजली गुल हो गई और लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा. अगरतला में एमबीबी हवाईअड्डे की टर्मिनल बिल्डिंग का कुछ हिस्सा भी क्षतिग्रस्त हो गया. तूपान से कई इलाकों में गंदगी फैल गई.

मेघालय में तूफान से 200 लोग हुए प्रभावित

मेघालय में रविवार की शाम को आए तूफान से री-भोई जिले में 60 से अधिक घर प्रभावित हुए.  एक अधिकारी ने कहा कि जिरांग उपमंडल के अंतर्गत आने वाले उमशालानी गांव में करीब 35 घर और उम्सलियांग गांव में 25 घर प्रभावित हुए.

Latest and Breaking News on NDTV

री-भोई के उपायुक्त अर्पित उपादया ने कहा कि जिरांग ब्लॉक में करीब 60 घर क्षतिग्रस्त हो गए और एक व्यक्ति को मामूली चोटें आईं. री-भोई के कई हिस्सों में बिजली की लाइनें टूट गईं, पेड़ गिर गए और कच्चे मकान क्षतिग्रस्त हो गए.

एक अधिकारी ने कहा कि 200 लोगों को जिरांग उप-मंडल के एक स्कूल और एक अन्य स्थान पर शिफ्ट कर दिया गया है.

Latest and Breaking News on NDTV

तूफान से तुरा कस्बे में कई पेड़ उखड़ गए और कई घरों की छतें क्षतिग्रस्त हो गईं. एक अधिकारी ने बताया कि जिला प्रशासन की आपदा प्रतिक्रिया टीम नुकसान का आकलन कर रही है. राज्य की राजधानी शिलांग सहित राज्य के विभिन्न हिस्सों से भारी बारिश होने की भी सूचना है.

पीएम मोदी ने बंगाल में तूफान से हुई जनहानि पर शोक जताया

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी जिले के कुछ हिस्सों में आए तूफान के कारण हुई जनहानि पर रविवार को शोक व्यक्त किया और अधिकारियों से प्रभावित लोगों को उपयुक्त सहायता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.

पीएम मोदी ने ‘एक्स' पर एक पोस्ट में कहा,‘‘पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी-मैनागुड़ी इलाके में तूफान से प्रभावित हुए लोगों के प्रति मेरी संवेदनाएं. अपने प्रियजनों के खोने वालों के प्रति मेरी संवेदनाएं.''

प्रधानमंत्री ने कहा कि उन्होंने अधिकारियों से बात की और भारी बारिश से प्रभावित लोगों को उपयुक्त सहायता सुनिश्चित करने को कहा. उन्होंने कहा,‘‘मैं बंगाल में भाजपा के सभी कार्यकर्ताओं से प्रभावितों की मदद करने की अपील करता हूं.''

(इनपुट भाषा से भी)

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Storm And Rain, Northeastern States, Five People Died
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com