विज्ञापन

श्रीगंगानगर रेलवे ट्रैक ब्लास्ट साजिश की जांच अब NIA के हाथ, पाकिस्तान से RDX भेजे जाने का शक

राजस्थान के श्रीगंगानगर में रेलवे ट्रैक को उड़ाने की कथित आतंकी साजिश की जांच अब NIA के हाथों में पहुंच गई है. शुरुआती जांच में गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ और बम बरामदगी के बाद पाकिस्तान कनेक्शन के संकेत मिले हैं.

श्रीगंगानगर रेलवे ट्रैक ब्लास्ट साजिश की जांच अब NIA के हाथ, पाकिस्तान से RDX भेजे जाने का शक
फाइल फोटो
  • राजस्थान के श्रीगंगानगर में रेलवे ट्रैक विस्फोट मामले में राष्ट्रीय जांच एजेंसी ने जांच शुरू कर दी है.
  • प्रारंभिक जांच में पाकिस्तान से भारत में RDX की खेप भेजे जाने के सबूत मिले हैं.
  • पुलिस ने तीसरे आरोपी को गिरफ्तार किया जो पाकिस्तान स्थित आतंकी हैंडलर से संपर्क में था.
नई दिल्ली:

राजस्थान के श्रीगंगानगर में रेलवे ट्रैक को उड़ाने की कथित आतंकी साजिश के मामले में अब राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) भी जांच करेगी. सुरक्षा एजेंसियों के अनुसार, मामले में गिरफ्तार दो आरोपियों से पूछताछ और दो अन्य बमों की बरामदगी के बाद जांच में आतंकवादी एंगल सामने आया है. शुरुआती जांच में यह संकेत मिले हैं कि पाकिस्तान से भारत में RDX की खेप भेजी गई थी. वहीं बरामद दोनों बमों की प्रारंभिक फोरेंसिक जांच में भी RDX होने के सबूत मिले हैं. इन तथ्यों के सामने आने के बाद मामले की जांच को और व्यापक करते हुए NIA को भी शामिल किया गया है.

इधर, राजस्थान पुलिस ने श्रीगंगानगर जिले के रामसिंहपुर इलाके में तीन नवंबर को 50 जीबी गांव के पास रेल पटरी पर हुए विस्फोट के मामले में तीसरे आरोपी को गिरफ्तार किया है. आरोप है कि उसने पाकिस्तान स्थित एक आतंकी हैंडलर के साथ घटनास्थल की लोकेशन साझा की थी. जांच अधिकारी एवं आईपीएस अधिकारी नितिन चौधरी ने बताया कि आरोपी को पंजाब के गुरदासपुर से प्रोडक्शन वारंट पर राजस्थान लाया गया है. वह वहां 15-20 दिन पहले हुई गोलीबारी की एक घटना के सिलसिले में पहले से ही जेल में बंद था.

पुलिस के अनुसार, आरोपी ने रेल पटरी की लोकेशन पाकिस्तान में बैठे 'शाह' नाम के हैंडलर के साथ साझा की थी. चौधरी ने बताया कि विस्फोट में आरोपी की कथित भूमिका और पाकिस्तानी हैंडलर के साथ उसके संबंधों की जांच की जा रही है. रामसिंहपुर इलाके में 50 जीबी गांव के पास तीन नवंबर को रेल पटरी पर विस्फोट हुआ था. घटना के बाद पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने मामले की जांच शुरू की थी.

इससे पहले पुलिस ने गुरदासपुर से ही दो आरोपियों महकदीप कौर और देवेंद्र सिंह को गिरफ्तार किया था. अदालत ने दोनों को 10 दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया था. तीसरी गिरफ्तारी के बाद पुलिस आरोपियों के बीच कथित संबंधों और पाकिस्तान स्थित हैंडलर की भूमिका की जांच कर रही है. अधिकारियों ने बताया कि जांच के निष्कर्षों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.

ये भी पढ़ें : कांग्रेस ने तीसरी बार चलाई अपनी डिमांड पर कैंची, अब मांगीं 110 सीटें; साढ़े तीन घंटे क्या बात हुई

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
NIA
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com