विज्ञापन

शंभू-राजपुरा रेलवे ट्रैक ब्लास्ट मामले में NIA का बड़ा एक्शन, खालिस्तानी समर्थक सुरिंदर को दबोचा

अमेरिका से डिपोर्ट होने के बाद सुरिंदर सिंह उर्फ ठिकरीवाल को दिल्ली एयरपोर्ट से गिरफ्तार किया गया है. मामले में अब तक आठ गिरफ्तारी हो चुकी है.

शंभू-राजपुरा रेलवे ट्रैक ब्लास्ट मामले में NIA का बड़ा एक्शन, खालिस्तानी समर्थक सुरिंदर को दबोचा
खालिस्तानी नेटवर्क के खिलाफ NIA ने बड़ी कार्रवाई की है.

राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने पंजाब के चर्चित शंभू-राजपुरा रेलवे ट्रैक ब्लास्ट मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए सुरिंदर सिंह उर्फ ‘ठिकरीवाल' को गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी को अमेरिका से भारत भेजे जाने के बाद दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (IGI) पर हिरासत में लिया गया और बाद में औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर लिया गया. एनआईए के अनुसार अमेरिकी अधिकारियों ने भारत सरकार के साथ समन्वय कर उसे हिरासत में लिया था और फिर भारत डिपोर्ट किया गया. भारत पहुंचते ही जांच एजेंसी ने उसे अपने कब्जे में ले लिया.

रेलवे ट्रैक पर हुआ था धमाका

यह मामला 27 अप्रैल 2026 को शंभू और राजपुरा रेलवे स्टेशनों के बीच डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड (DFCCIL) की रेलवे लाइन पर हुए धमाके से जुड़ा है. जांच एजेंसी का कहना है कि यह विस्फोट खालिस्तान जिंदाबाद फोर्स (KZF) की आतंकी गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए किया गया था. एनआईए के मुताबिक इस साजिश का मकसद पंजाब में कानून-व्यवस्था को प्रभावित करना और सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ना था.

फेसबुक वीडियो से खुला कनेक्शन

जांच के दौरान एजेंसी को पता चला कि रेलवे ट्रैक ब्लास्ट के बाद सुरिंदर सिंह ने अपने फेसबुक अकाउंट पर एक वीडियो पोस्ट किया था. इस वीडियो में उसने घटना का समर्थन किया था और ब्लास्ट को अंजाम देने वालों की खुलकर सराहना की थी. एनआईए के अनुसार उसने इस साजिश से जुड़े आरोपियों का समर्थन किया था. वीडियो में उसने ब्लास्ट के दौरान मारे गए जगरूप सिंह का भी जिक्र किया था. एजेंसी का आरोप है कि उसने प्रतिबंधित संगठन खालिस्तान जिंदाबाद फोर्स को "कौमी ऑर्गेनाइजेशन" बताया और घोषित आतंकवादी रणजीत सिंह उर्फ नीटा को "कौम का जनरल" कहा था.

पहले जारी किया गया था लुक आउट सर्कुलर

आरोपी की तलाश में एनआईए पहले ही लुक आउट सर्कुलर (LOC) जारी कर चुकी थी. जांच एजेंसी के मुताबिक सुरिंदर सिंह के खिलाफ पंजाब के अलग-अलग जिलों में कई आपराधिक मामले भी दर्ज हैं.

अब तक 8 गिरफ्तारी

सुरिंदर सिंह की गिरफ्तारी के साथ ही शंभू-राजपुरा रेलवे ट्रैक ब्लास्ट मामले में गिरफ्तार आरोपियों की संख्या बढ़कर आठ हो गई है. हालांकि एनआईए मान रही है कि इस मामले की जड़ें विदेशों तक फैले बड़े नेटवर्क से जुड़ी हो सकती हैं.

एजेंसी फिलहाल उन लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है जो विदेश में बैठकर आतंकियों को सहायता पहुंचाने, फंडिंग करने और उनके लिए ढांचा तैयार करने का काम कर रहे हैं. एनआईए का कहना है कि इस पूरे नेटवर्क को तोड़ने के लिए जांच लगातार जारी रहेगी.

यह भी पढ़ें | श्रीगंगानगर रेलवे ट्रैक ब्लास्ट: क्या ट्रायल था या किसी बड़ी साजिश का हिस्सा? NIA सहित कई एजेंसी जांच में जुटी

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
NIA, Khalistan Zindabad Force, NIA Investigation
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com