- कांग्रेस नेता सोनिया गांधी पर वंदे मातरम के अपमान का आरोप
- कर्नाटक के मंगलुरू में दी गई शिकायत
- सोनिया गांधी पर एफआईआर दर्ज करने की मांग की गई है
कांग्रेस नेता सोनिया गांधी के खिलाफ वंदे मातरम के अपमान के आरोप में शिकायत दी गई है. यह शिकायत कर्नाटक के मंगलुरू में दी गई है. इस शिकायत में आरोप लगाया गया है कि सोनिया गांधी ने वंदे मातरम का अपमान किया है. भाजपा नेता विकास पुत्तूर ने पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर उर्वा पुलिस थाने का रुख किया और वहां शिकायत दी. उन्होंने अपनी शिकायत में आरोप लगाया कि सोनिया गांधी ने वंदे मातरम को बीच में ही रोकने को कहा था. उन्होंने पूरा वंदे मातरम गाने पर ऐतराज जताया था. पुत्तूर ने मांग की है कि सोनिया गांधी के खिलाफ एफआईआर दर्ज होनी चाहिए और उन पर कानूनी एक्शन लिया जाए.
उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि एफआईआर दर्ज नहीं हुई तो फिर वह अपनी शिकायत लेकर हाई कोर्ट जाएंगे. उन्होंने कहा कि यदि राष्ट्रीय गीत या फिर अन्य किसी प्रतीक का अपमान होता है तो फिर कानूनी एक्शन होना चाहिए. पुत्तूर ने कहा कि पुलिस को इस मामले में कार्रवाई करनी चाहिए और किसी भी तरह के राजनीतिक दबाव में आने की जरूरत नहीं है.
क्या है पूरा मामला?
15 अगस्त को 80वें स्वतंत्रता दिवस पर कांग्रेस मुख्यालय पर ध्वजारोहण के दौरान 'वंदे मातरम्' गाया जा रहा था. तभी कांग्रेस नेता सोनिया गांधी अपने बगल में खड़े खरगे की ओर इशारा करते हुए कुछ कहते नजर आईं. वंदे मातरम गान के दौरान कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और सोनिया गांधी के बातचीत करने पर विवाद खड़ा हो गया है. बीजेपी ने कांग्रेस पर 'वंदे मातरम' का अपमान करने का आरोप लगाया है. जबकि, कांग्रेस ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि 'वंदे मातरम्' का गायन रोकने की कोशिश नहीं की गई और सोनिया गांधी सिर्फ कांग्रेस अध्यक्ष के लिए कुर्सी लाने को कह रही थीं. कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने कहा, 'कांग्रेस अध्यक्ष काफी देर से खड़े थे, सोनिया जी उनके लिए कुर्सी लाने को कह रही थीं.'
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं