विज्ञापन

युवाओं की आवाज दबाना नासमझी भरा... 'कॉकरोच जनता पार्टी' के बचाव में आए शशि थरूर, विपक्ष को भी दे दी नसीहत

Shashi Tharoor on Cockroach Janata Party: 'कॉकरोच जनता पार्टी' के एक्स अकाउंट के बैन होने पर कांग्रेस सांसद शशि थरूर का बयान सामने आया है. उन्होंने इसे नासमझी भरा कदम बताया है.

युवाओं की आवाज दबाना नासमझी भरा... 'कॉकरोच जनता पार्टी' के बचाव में आए शशि थरूर, विपक्ष को भी दे दी नसीहत
Shashi Tharoor on Cockroach Janata Party: कॉकरोच जनता पार्टी को लेकर क्या बोले शशि थरूर
  • सोशल मीडिया पर तेजी से लोकप्रिय कॉकरोच जनता पार्टी के एक्स अकाउंट को भारत में कानूनी मांग पर ब्लॉक किया गया
  • कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने इस ब्लॉकिंग को लोकतंत्र के खिलाफ और युवाओं की आवाज दबाने वाला कदम बताया
  • थरूर ने कहा कि युवाओं के लिए अपनी भावनाएं व्यक्त करने का माध्यम होना चाहिए इसलिए अकाउंट को तुरंत बहाल किया जाए

सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे व्यंग्य प्लेटफॉर्म 'कॉकरोच जनता पार्टी' (CJP) एक्स अकाउंट को भारत में ब्लॉक किए जाने पर सियासत गरमा गई है. कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने इस कार्रवाई पर कड़ा ऐतराज जताते हुए इसे 'विनाशकारी और बेहद नासमझी भरा' कदम बताया है. थरूर ने कहा कि लोकतांत्रिक देश में युवाओं के पास 'खुद को व्यक्त करने' का जरिया होना चाहिए, न कि उनकी आवाज को इस तरह दबाया जाना चाहिए. उन्होंने इस विवाद को लेकर विपक्ष को भी खास नसीहत दे दी.

कांग्रेस सांसद ने यह भी बताया कि वह 'कॉकरोच जनता पार्टी' के अचानक बढ़ते प्रभाव से काफी हैरान थे. इस रिपोर्ट के लिखे जाने तक, इंस्टाग्राम पर सीजेपी के 19 मिलियन से ज्यादा फॉलोअर्स हो चुके थे.

शशि थरूर ने एक्स पर पोस्ट किया, 'मैं #CockroachJantaParty के बढ़ते प्रभाव से बेहद हैरान हूं. इसने महज पांच दिनों में ही इंस्टाग्राम पर 15 मिलियन (अब 19 मिलियन से ज्यादा) फॉलोअर्स का आंकड़ा पार कर लिया है.'

'युवाओं का जरिया मत छीनिए, CJP अकाउंट बहाल हो'

गौरतलब है कि 'कॉकरोच जनता पार्टी' के एक्स अकाउंट को बुधवार को एक कानूनी मांग के बाद भारत में ब्लॉक कर दिया गया था. इस अकाउंट के दो लाख से ज्यादा फॉलोवर्स थे. अकाउंट को तुरंत अनब्लॉक करने की मांग करते हुए थरूर ने लिखा, 'मैं आज के युवाओं की भावनाओं को अच्छी तरह समझता हूं और यह भी देख पा रहा हूं कि वे इस प्लेटफॉर्म से खुद को इतना क्यों जोड़ रहे हैं. ठीक इसी वजह से एक्स पर इस अकाउंट को रोकना एक आत्मघाती और मूर्खतापूर्ण कदम है. युवाओं के पास अपनी भावनाएं जाहिर करने का कोई न कोई माध्यम होना चाहिए, इसलिए CJP के अकाउंट को प्रतिबंधित करने के बजाय उसे काम करने की अनुमति दी जाए.' उन्होंने आगे कहा, 'एक जीवंत लोकतंत्र में असहमति, हास्य, व्यंग्य और यहां तक कि निराशा को भी खुलकर जाहिर करने के लिए पर्याप्त जगह होनी चाहिए.'

मुख्यधारा की राजनीति में ऊर्जा बदलने की उम्मीद

शशि थरूर ने कहा कि भले ही उन्हें इस डिजिटल आंदोलन के भविष्य के बारे में पक्का कुछ नहीं पता, लेकिन उन्हें उम्मीद है कि इसके पीछे जो युवा दिमाग हैं, वे अपनी इस अद्भुत ऊर्जा को देश की मुख्यधारा की राजनीति में लाने का तरीका जरूर ढूंढ लेंगे. उन्होंने लिखा, 'मुझे नहीं पता कि इस आंदोलन का भविष्य क्या होगा, लेकिन मुझे उम्मीद है कि इसके पीछे खड़े युवा इस ऊर्जा को मुख्यधारा की राजनीति से जोड़ेंगे, या शायद अपने वोट की ताकत के जरिए बदलाव की एक ऐसी गूंज बनेंगे जिसे नजरअंदाज करना किसी भी व्यवस्था के लिए नामुमकिन हो जाएगा.'

'विपक्ष हाथ से न जाने दे यह मौका'

थरूर ने अपनी पोस्ट में विपक्षी दलों को भी इस जमीनी हकीकत को समझने की सलाह दी. उन्होंने सुझाव दिया कि राजनीतिक दलों को इस वायरल ट्रेंड को गंभीरता से देखना चाहिए और युवाओं की इस भावना को अपनी तरफ आकर्षित करने पर काम करना चाहिए. कांग्रेस सांसद ने लिखा, 'यह एक ऐसा बड़ा अवसर है, जिसे विपक्षी पार्टियों को हर हाल में भुनाना चाहिए.'

क्या है 'कॉकरोच जनता पार्टी'?

महज एक हफ्ते सामने आया यह व्यंग्य प्लेटफॉर्म इस समय इंटरनेट पर जबरदस्त तरीके से छाया हुआ है. यह खुद को 'युवाओं का, युवाओं द्वारा और युवाओं के लिए एक राजनीतिक मोर्चा' बताता है. साथ ही खुद को 'आलसी और बेरोजगार लोगों की आवाज' बताता है. इस प्लेटफॉर्म की एक वेबसाइट भी है. यह प्लेटफॉर्म अभिजीत दिपके ने तैयार किया है.

यह भी पढ़ें: सोशल मीडिया पर तो बन गई, लेकिन क्या चुनाव आयोग से मान्यता ले पाएगी 'कॉकरोच जनता पार्टी', जानें पार्टी बनाने के नियम क्या

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Cockroach Janta Party, Cockroach Janta Party Controversy, Cockroach Janta Party Founder, Cockroach Janta Party Instagram, Cockroach Janta Party Latest
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com