विज्ञापन

शरद पवार फिर ठोकेंगे राज्यसभा चुनाव में ताल? संजय राउत का दोनों NCP के विलय पर भी बड़ा बयान

राज्यसभा से इस साल अप्रैल में शरद पवार समेत सात सदस्यों का कार्यकाल खत्म हो रहा है. महाराष्ट्र विधानसभा में मौजूदा संख्या बल को देखें तो महाविकास अघाड़ी केवल एक उम्मीदवार को राज्यसभा भेज सकता है.

शरद पवार फिर ठोकेंगे राज्यसभा चुनाव में ताल? संजय राउत का दोनों NCP के विलय पर भी बड़ा बयान

महाराष्ट्र की राजनीति के चाणक्य कहे जाने वाले शरद पवार एक बार फिर से राज्यसभा चुनाव में उतरने की तैयारी में हैं. शिवसेना (उद्धव ठाकरे) के नेता और सांसद संजय राउत ने शनिवार को यह दावा किया. उन्होंने कहा कि एनसीपी (SP) प्रमुख शरद पवार की इस इच्छा पर महाविकास अघाड़ी (MVA) के घटक दल जल्द ही चर्चा करेंगे. राउत ने एनसीपी के दोनों गुटों में विलय की संभावना से भी इनकार किया है.

राउत का दावा, पवार ने बताई मन की बात

संजय राउत ने पत्रकारों से बातचीत में दावा किया कि उनकी हाल ही में शरद पवार से राज्यसभा जाने को लेकर विस्तार से चर्चा हुई है. राउत ने कहा, "मैंने पवार साहब से उनकी राय पूछी कि क्या वो राज्यसभा चुनाव लड़ेंगे? उन्होंने मुझसे स्पष्ट कहा कि वह चुनाव लड़ना चाहते हैं." राउत ने आगे कहा कि 85 वर्षीय शरद पवार देश के सबसे वरिष्ठ सांसदों में से एक हैं. उनके पास लगभग 60 वर्षों का विधायी अनुभव है, जिसका लाभ सदन को मिलना चाहिए.

राज्यसभा से इस साल अप्रैल में शरद पवार समेत सात सदस्यों का कार्यकाल खत्म हो रहा है. महाराष्ट्र विधानसभा में मौजूदा संख्या बल को देखें तो महाविकास अघाड़ी केवल एक उम्मीदवार को राज्यसभा भेज सकता है. संजय राउत ने दावा किया कि शरद पवार ने राज्यसभा चुनाव लड़ने की अपनी इच्छा से कांग्रेस नेतृत्व को भी अवगत करा दिया है. अब शिवसेना (UBT), कांग्रेस और एनसीपी (SP) के नेता मिलकर इस पर अंतिम फैसला लेंगे.

NCP के विलय पर राउत ने क्या कहा?

संजय राउत ने एनसीपी के शरद पवार गुट और दिवंगत अजीत पवार गुट के विलय की चर्चाओं पर कहा कि इसकी संभावना नहीं है. 28 जनवरी को विमान दुर्घटना में अजीत पवार के निधन के बाद शरद पवार ने दावा किया था कि उनके भतीजे की इच्छा दोनों गुटों को एक करने की थी. हालांकि मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने पवार के इस दावे को सिरे से खारिज कर दिया था. 

फडणवीस का कहना है कि अगर विलय की बातचीत वाकई चल रही होती तो अजीत पवार ने निश्चित रूप से उन्हें इस बारे में बताया होता. एनसीपी के अन्य नेताओं ने भी संकेत दिए हैं कि फिलहाल विलय की संभावना कम है. अजीत पवार के निधन के बाद उनकी पत्नी सुनेत्रा पवार  ने महाराष्ट्र की पहली महिला उप मुख्यमंत्री के रूप में फडणवीस सरकार में शामिल हो चुकी हैं. 

ये भी देखें- शिवाजी की टीपू से तुलना शर्मनाक...सपकाल के बयान पर भड़के CM फडणवीस

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com