Salman Khan Firing: बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान (Salman Khan) के मुंबई स्थित गैलेक्सी अपार्टमेंट के बाहर अप्रैल 2024 में हुई फायरिंग मामले में एक बड़ा घटनाक्रम सामने आया है, जहां इस केस के मुख्य और वांछित आरोपी अनमोल बिश्नोई (Anmol Bishnoi) ने मुंबई की विशेष मकोका (MCOCA) अदालत में याचिका दायर कर स्वेच्छा से आत्मसमर्पण यानी सरेंडर करने की अनुमति मांगी है. गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के छोटे भाई अनमोल ने अपने वकीलों के जरिए दाखिल इस अर्जी में कहा है कि वह न्याय और निष्पक्ष सुनवाई के हित में इस मामले की न्यायिक कार्रवाई में शामिल होना चाहता है.
तिहाड़ जेल में बंद है अनमोल बिश्नोई
अनमोल वर्तमान में राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) के एक अन्य मामले में दिल्ली की तिहाड़ जेल में बंद है, इसलिए उसने विशेष न्यायाधीश एस आर नवंदर से तिहाड़ जेल अधीक्षक के नाम प्रोडक्शन वारंट जारी करने का अनुरोध किया है, ताकि उसे शारीरिक या वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए कोर्ट में पेश किया जा सके. अनमोल की दलील है कि उसकी अनुपस्थिति में अब तक तीन अभियोजन गवाहों (प्रॉसिक्यूशन विटनेस) के बयान दर्ज किए जा चुके हैं, ऐसे में उसके सरेंडर करने से केस के ट्रायल में तेजी आएगी और कानून का दुरुपयोग रुकेगा, जिस पर कोर्ट ने अब अभियोजन पक्ष से उनका औपचारिक जवाब मांगा है.
खौफ पैदा करने के लिए रची थी साजिश
14 अप्रैल 2024 की सुबह बांद्रा स्थित सलमान खान के घर पर बाइक सवार दो शूटरों विक्की गुप्ता और सागर पाल ने अंधाधुंध गोलियां चलाई थीं, जिसके बाद मुंबई पुलिस की जांच में सामने आया कि यह पूरी साजिश लॉरेंस बिश्नोई गैंग द्वारा मुंबई में अपना वर्चस्व कायम करने और खौफ पैदा करने के लिए रची गई थी.
पुलिस चार्जशीट के अनुसार, अनमोल बिश्नोई ने सिग्नल ऐप के जरिए शूटरों को निर्देश दिए थे कि वे बिना हेलमेट पहने और बेखौफ होकर सिगरेट पीते हुए फायरिंग करें और खुद सलमान खान ने भी अपने बयान में दर्ज कराया था कि लॉरेंस बिश्नोई और उसका गैंग उन्हें और उनके परिवार को जान से मारना चाहता है. जिसके बाद से अभिनेता की सुरक्षा को 'वाई प्लस' श्रेणी में अपग्रेड कर दिया गया था और अब विशेष मकोका कोर्ट में इस हाई-प्रोफाइल केस का ट्रायल तेजी से चल रहा है.
ये भी पढ़ें: अंडरपास डूबे, सब-वे बंद, सड़कों पर सैलाब, तैरती कारें... मुंबई में बारिश का कहर, IMD अलर्ट से बढ़ी टेंशन
ये भी पढ़ें: महाराष्ट्र में जानलेवा हुई बारिश: ठाणे के मुंब्रा में जलभराव में उतरा करंट, 17 वर्षीय आलिया की मौत
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं