झारखंड लोकसेवा आयोग में भ्रष्टाचार और अनियमितता के खिलाफ रांची में आंदोलन आज अपने चरम पर है. बड़ी संख्या में छात्र प्रदर्शनकारियों ने विधानसभा की ओर मार्च किया है और घेरेबंदी की तैयारी है. इस बीच हेमंत सोरेन सरकार की पुलिस ने इन लोगों को रोकने के लिए बैरिकेडिंग भी की है. कई जगहों पर कंटीली बाड़ लगाकर छात्रों को रोकने की तैयारी है तो वहीं चप्पे-चप्पे पर भारी सुरक्षा बल तैनात हैं. कई जगहों पर पुलिस ने छात्रों को रोकने के लिए लाठीचार्ज भी किया और पानी की बौछारें छोड़ी हैं. हालांकि छात्रों पर इसका ज्यादा असर नहीं दिख रहा है और वे बैरिकेडिंग तोड़कर भी आगे बढ़ने को तैयार हैं.
इस बीच पूरे आंदोलन का नेतृत्व करने वाले छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो भी मौके पर पहुंचे हैं. वह स्ट्रेचर पर लेटे-लेटे ही साथियों का हौसला बढ़ा रहे हैं. वह एंबुलेंस से विधानसभा के बाहर तक आए और फिर उन्हें स्ट्रेचर में लिटाया गया. इस तरह बीते 8 दिनों से भूख हड़ताल और 16 दिनों से सत्याग्रह कर रहे देवेंद्रनाथ महतो पहली कतार से ही नेतृत्व कर रहे हैं. भले ही स्वास्थ्य की चिंता बढ़ने से उन्हें स्ट्रेचर पर लिटाना पड़ा है, लेकिन वह अब भी छात्रों के बीच हैं. पुलिस ने हल्का बल प्रयोग करते हुए लाठीचार्ज भी किया है, लेकिन इसमें कोई हताहत नहीं हुआ है.
पुलिस जब छात्रों पर लाठी बरसा रही थी तो उस दौरान छात्र भी जवाब देते नजर आए. वह पुलिस पर चप्पल और जूते फेंक रहे थे. इसके अलावा कई लोगों को पानी की खाली बोतलें से हमला करते देखा गया. इस दौरान एक छात्र ने पुलिस पर बर्बरता का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि लाठीचार्ज का यह नियम है कि कमर से नीचे ही मारा जाए. लेकिन यहां तो हालात अलग ही हैं. छात्र नेता ने कहा कि इससे पता चलता है कि इस सरकार की नीयत क्या है. इससे पता चलता है कि सरकार की नीति क्या है.
निशिकांत दुबे बोले- भाजपा का हाथ बताने वालों जंतर-मंतर में किसी भूमिका थी
इस आंदोल न के भाजपा प्रायोजित होने के आरोप भी झामुमो की नेतृत्व वाली सरकार के कुछ लोगों ने लगाए हैं. इस पर भाजपा नेता निशिकांत दुबे ने कहा कि ऐसे आरोप लगाना अच्छी बात नहीं है. उन्होंने कहा, 'इसका क्या मतलब है कि हर जगह भाजपा का हाथ है. ऐसा है तो फिर जंतर मंतर पर आंदोलन करने वाले लोग कौन हैं. हमने तो कभी नहीं कहा था कि इनके पीछे कांग्रेस और आम आदमी पार्टी शामिल हैं.' दुबे ने कहा कि जेपीएससी में कोई घोटाला है या नहीं. इसकी जांच के लिए सीबीआई का गठन करना चाहिए.

पीटीआई की तस्वीर
4 मंत्रियों से वार्ता में क्या बोले देवेंद्र नाथ महतो
झारखंड सरकार के 4 मंत्रियों ने देवेंद्र नाथ महतो से बात भी की है, जिसमें यह जानकारी मिली है कि उनके मनाने के बाद भी अनशन तोड़ने से इनकार कर दिया गया. सरकार द्वारा गठित हाई लेवल कमिटी के 4 मंत्रियों सुदीप कुमार सोनू ,माननीय दीपिका सिंह पांडेय , माननीय चमरा लिंडा, माननीय संजय सिंह यादव ने वीडियो कॉल के माध्यम से बात की. इस दौरान मंत्री ने मांग पूरी कर भूख हड़ताल को तोड़ने का आग्रह किया मौके पर देवेन्द्र नाथ महतो ने सभी मंत्रियों को धन्यवाद देते हुए कहा की लिखित रूप से मांग पूरी नहीं होती तब तक भूख हड़ताल जारी रखेंगे और आंदोलन जारी रहेगा.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं