विज्ञापन

राम मंदिर चढ़ावा चोरी केस: कोर्ट ने सभी 8 आरोपियों को 14 दिन के लिए भेजा जेल, वकीलों ने केस लड़ने से किया मना

राम मंदिर के चढ़ावे में हेराफेरी के आरोप में पकड़े गए लोगों के खिलाफ कोर्ट से लेकर सड़क तक कोई नरमी नहीं दिख रही है. कोर्ट ने एक तरफ जहां इन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया, वहीं फैजाबाद बार एसोसिएशन ने इनके पक्ष में मुकदमा नहीं लड़ने का ऐलान कर दिया है.

राम मंदिर चढ़ावा चोरी केस: कोर्ट ने सभी 8 आरोपियों को 14 दिन के लिए भेजा जेल, वकीलों ने केस लड़ने से किया मना
राम मंदिर की आस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ हर जगह नाराजगी दिखाई दे रही है.
  • अयोध्या राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में सभी आठ आरोपियों को न्यायिक हिरासत में 14 दिन के लिए जेल भेजा गया है
  • फैजाबाद बार एसोसिएशन ने आरोपियों की पैरवी नहीं करने का निर्णय लिया और सहयोग राशि जमा करने का नियम बनाया है
  • अभियोजन पक्ष के लिए लगभग पंद्रह वकीलों का विशेष पैनल गठित किया गया है, जो मुकदमे की प्रभावी पैरवी करेगा

अयोध्या के राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में कोर्ट ने सभी 8 आरोपियों को 14 दिनों के लिए न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है. जस्टिस रजत वर्मा की कोर्ट ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से हुई पेशी के बाद सुनाया फैसला.  वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए भ्रस्टाचार निवारण अधिनियम कोर्ट के न्यायाधीश ने जेल से उपस्थित सभी आरोपियों की बात सुनी और 14 दिन की न्यायिक अभिरक्षा में ज्यूडिशल कस्टडी डिमांड को मंजूर कर लिया. अब अगली पेशी 13 जुलाई को होगी.

आरोपियों को वकीलों ने भी दिया झटका

कोर्ट से भी बड़ा झटका इन आरोपियों को फैजाबाद बार एसोसिएशन ने दिया है. एसोसिएशन के अध्यक्ष कालिका मिश्रा ने बताया कि अधिवक्ता संघ ने फैसला किया है कि इस मामले में बनाए गए आरोपियों की ओर से संघ का कोई भी सदस्य अधिवक्ता अदालत में पैरवी नहीं करेगा. उन्होंने कहा कि यदि कोई अधिवक्ता आरोपियों की ओर से वकालतनामा दाखिल करता है, तो उसे बार एसोसिएशन के निर्णय के अनुसार प्रति आरोपी पांच लाख रुपये की सहयोग राशि संघ के पास जमा करनी होगी. उन्होंने स्पष्ट किया कि इस राशि का उपयोग अभियोजन पक्ष के कानूनी खर्चों के लिए किया जाएगा.

सजा दिलवाने के लिए बनी 15 वकीलों की टीम

कालिका मिश्रा ने यह भी कहा कि यदि कोई बाहरी अधिवक्ता आरोपियों की ओर से पैरवी करता है, तो अधिवक्ता संघ उसका उचित विरोध करेगा. साथ ही यह भी जांच करेगा कि वह सरकार, विश्व हिंदू परिषद या राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट से जुड़ा है या नहीं. कालिका मिश्रा ने बताया कि इस संबंध में अधिवक्ता संघ की बैठक में एक प्रस्ताव पारित किया गया है. उन्होंने कहा कि आरोपियों के खिलाफ मुकदमे की प्रभावी पैरवी सुनिश्चित करने के लिए लगभग 15 अधिवक्ताओं का एक विशेष पैनल भी गठित किया गया है. यह पैनल अभियोजन पक्ष की ओर से कानूनी कार्रवाई में सहयोग करेगा. इसके अलावा 12 अन्य लोगों को भी शामिल किया गया है, जो चंपत राय, गोपाल राव और अनिल मिश्रा के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने के लिए आवेदन देंगे.

सीबीआई से जांच कराने की मांग

अध्यक्ष ने कहा कि यदि संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज नहीं की जाती है, तो अधिवक्ता संघ अदालत का रुख करेगा. संघ की ओर से अदालत में आवेदन देकर संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने का अनुरोध किया जाएगा. साथ ही यह भी मांग की जाएगी कि उनके अयोध्या से बाहर जाने पर रोक लगाई जाए. कालिका मिश्रा ने कहा कि अधिवक्ता संघ की मांग है कि पूरे मामले की जांच केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) से कराई जाए. उनके अनुसार, मामले की निष्पक्ष जांच के लिए केंद्रीय एजेंसी की आवश्यकता है. उन्होंने कहा कि इस संबंध में इलाहाबाद हाई कोर्ट में याचिकाएं लंबित हैं. यदि अदालत सीबीआई जांच का आदेश नहीं देती है, तो अधिवक्ता संघ स्वयं इस संबंध में आगे कानूनी कदम उठाएगा. उनका आरोप है कि सीबीआई जांच से बचने के लिए सरकार ने एसआईटी का गठन किया है.

17 हजार रुपये सैलरी, 1 करोड़ का बनवा रहा घर

इस मामले के आरोपी लवकुश मिश्रा से जुड़ी एक बड़ी खबर सामने आई है. NDTV की टीम ने लवकुश मिश्रा के एक करोड़ की लागत से बन रहे मकान को खोज निकाला है. राम मंदिर में आने वाले चढ़ावा, नकदी को गिनने वाली टीम में शामिल लवकुश मिश्रा की सैलरी 17 हजार रुपये महीने थी. लेकिन इस सैलरी में ही लवकुश मिश्रा ने अयोध्या के शहादत गंज इलाके में जयपुरिया स्कूल के पीछे 1000 स्क्वायर फीट की एक जमीन खरीदी थी. इस जमीन पर वो तीन मंजिला मकान बनवा रहा था. बताया जा रहा है कि जमीन मिलाकर लवकुश मिश्रा की यह संपत्ति एक करोड़ से अधिक की होगी. 

यह भी पढ़ें-

अयोध्या के राम मंदिर ट्रस्ट में किसे मिली थी क्या जिम्मेदारी और किसकी कितनी पावर, डिटेल में जानिए

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Ram Mandir, Ram Mandir Ayodhya Chori, Ram Mandir Latest News, Ram Mandir Latest Update, RAM MANDIR AYODHYA
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com