Ayodhya Donation Scam News: अयोध्या में रामलला के दरबार से एक ऐसा आंकड़ा सामने आया है, जिसने सुरक्षा से लेकर मंदिर प्रबंधन तक के होश उड़ा दिए हैं. अमूमन किसी भी मंदिर या संस्थान में जब कोई विवाद या स्कैम की खबर सामने आती है, तो वहां की व्यवस्थाओं पर असर पड़ता है और चढ़ावे की रकम में कई आ जाती है, लेकिन अयोध्या में कहानी बिल्कुल उलट है. यहां चढ़ावे के पैसों को लेकर मचे हालिया विवाद के बाद चंदे की रक़म घटने के बजाय अचानक तेज़ी से बढ़ गई है.
सूत्रों के हवाले से जो नए आंकड़े सामने आए हैं, वे न सिर्फ हैरान करने वाले हैं, बल्कि मंदिर के भीतर चल रही व्यवस्था पर भी एक बड़ा सवालिया निशान खड़ा करते हैं.
ये है विवाद से पहले और बाद का गणित
अगर हम इस पूरे मामले को आंकड़ों के तराजू पर तौलें, तो तस्वीर काफी दिलचस्प हो जाती है. सूत्रों के मुताबिक, 7 जून से पहले यानी चंदा चोरी विवाद से पहले तक राम मंदिर में आने वाले चढ़ावे का एक तय और सामान्य ट्रेंड था. यानी 7 जून से पहले रोज़ाना औसतन करीब 16 से 18 लाख रुपये चढ़ावे के तौर पर बैंक खाते में जमा किए जाते थे. वहीं, विवाद के बाद चढ़ावे का यह रोज़ाना का औसत बढ़कर 22 से 24 लाख रुपये के बीच पहुंच गया.
विवाद के बाद अचानक बढ़े पैसे?
साफ तौर पर देखा जाए, तो पहले और अब के औसत में हर दिन लगभग 5 से 6 लाख रुपये की भारी बढ़ोतरी दर्ज की गई है. सबसे ज्यादा रकम सोमवार को जमा होती है, क्योंकि वीकेंड यानी शनिवार और रविवार को श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ती है और बैंक बंद होने की वजह से शनिवार और रविवार का पूरा कलेक्शन सोमवार को एक साथ बैंक भेजा जाता है.
यानी रोज़ाना हो रही थी लाखों की हेराफेरी
अब इस पूरे मामले में जो सबसे बड़ा और कड़वा सवाल खड़ा होता है, वो ये कि क्या मंदिर में रोज़ाना लगभग 5 से 6 लाख रुपये गायब या चोरी हो रहे थे? दरअसल, भक्तों की संख्या में कोई रातों-रात ऐसा जादुई उछाल नहीं आया है कि चंदा अचानक 30 से 40 फीसदी बढ़ जाए. ऐसे में इस आशंका को बल मिलता है कि जो पैसा पहले मुख्य खाते तक नहीं पहुंच पा रहा था, वो अब विवाद खड़ा होने और जांच व निगरानी सख्त होने के बाद सीधे बैंक में जमा होने लगा है. ऐसे में इस बात से इनकार नहीं किया जा सकता कि विवाद सामने आने के बाद मंदिर प्रशासन और चंदा गिनने वाली टीम पर दबाव बढ़ा है. जब हर एक पैसे पर कैमरों और अधिकारियों की पैनी नजर होने लगी, तो अचानक कलेक्शन के आंकड़े 'ओरिजनल' दिखने लगे.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं