- राहुल गांधी ने संसद मार्ग थाने के बाहर पैलेट गन मामले में एफआईआर न होने पर छह महीने तक धरने का ऐलान किया था.
- दिल्ली पुलिस ने साहिल लोचव के पैलेट गन से घायल होने की शिकायत पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया है.
- राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि साहिल के शरीर में 200 से ज्यादा छर्रे और उसकी आंख में तीन छर्रे लगे हैं.
पैलेट गन मामले में संसद मार्ग थाने के बाहर धरने पर बैठे राहुल गांधी ने कहा कि अगर पुलिस इस मामले में FIR दर्ज नहीं करती है, तो वह 30 दिन ही नहीं बल्कि छह महीने तक भी थाने के बाहर धरने पर बैठे रहने को तैयार हैं. राहुल गांधी ने कहा कि यह सिर्फ एक व्यक्ति के न्याय की लड़ाई नहीं, बल्कि व्यवस्था की जवाबदेही का सवाल है. हालांकि, बाद में पुलिस ने उनकी बात मान ली और केस दर्ज कर दिया गया.
बता दें कि कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के आंदोलन के दौरान साहिल लोचव की पैलेट गन से चोट के मामले में दिल्ली पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है. दिल्ली पुलिस की तरफ से कहा गया था कि जो शिकायत मिली है, उसका निरीक्षण किया जा रहा है और यह देखा जा रहा है कि सुप्रीम कोर्ट के आदेश के हिसाब से इस मामले में कोई नया केस दर्ज हो सकता है या नहीं.
पहले लोकसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी दिल्ली के संसद मार्ग पुलिस स्टेशन पहुंचे. बताया गया कि वह जंतर-मंतर और कनॉट प्लेस में हुए आंदोलनों के दौरान पैलेट गन के कथित इस्तेमाल से प्रभावित साहिल के मामले में जानकारी लेने और एफआईआर दर्ज कराने की मांग को लेकर पुलिस अधिकारियों से मिलने पहुंचे थे. इस दौरान पुलिस स्टेशन के बाहर कांग्रेस नेताओं और पुलिस के बीच तीखी नोकझोंक और हाईवोल्टेज ड्रामा देखने को मिला.
राहुल गांधी ने पत्रकारों से बातचीत में आरोप लगाया कि 20 जुलाई को कनॉट प्लेस में पैलेट गन का इस्तेमाल किया गया था. उन्होंने दावा किया कि साहिल के शरीर में 200 से ज्यादा छर्रे लगे हैं और उसकी आंख में तीन छर्रे लगे हैं. एम्स की रिपोर्ट में भी शरीर में बड़ी संख्या में छर्रे होने की बात दर्ज है. उन्होंने कहा कि शुक्रवार सुबह भी वह एक पुलिस स्टेशन में गए थे, जहां से उन्हें दूसरे थाने में जाने के लिए कहा गया. राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि शिकायत पर कार्रवाई करने के बजाय पीड़ित पक्ष को लगातार परेशान किया जा रहा है.
ये भी पढ़ें : पैलेट गन मामले में दर्ज हो रही FIR, पांच घंटे से पीड़ित के साथ धरने पर थे राहुल गांधी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं