विज्ञापन

राबड़ी देवी पटना में खाली कर रही हैं अपना 10 नंबर बंगला, तेजस्वी यादव के घर पर शिफ्ट किया जा रहा है सामान

पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी ने अपना सरकारी बंगला 10 सर्कुलर रोड खाली करना शुरू कर दिया है. लालू परिवार का सामान अब 1 पोलो रोड में शिफ्ट किया जा रहा है.

राबड़ी देवी पटना में खाली कर रही हैं अपना 10 नंबर बंगला, तेजस्वी यादव के घर पर शिफ्ट किया जा रहा है सामान
लालू परिवार का सामान ले जाता हुआ ट्रक
IANS

Bihar politics:  बिहार की सियासत में पिछले कुछ समय से 10 सर्कुलर रोड को लेकर चल रही घमासान आज अपने निर्णायक मोड़ पर पहुंच चुकी है.पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी के सरकारी आवास 10 सर्कुलर रोड से सामान खाली होने का सिलसिला जारी है. राज्य सरकार द्वारा बंगला खाली करने का नोटिस मिलने के बाद राष्ट्रीय जनता दल के सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के परिवार ने शिफ्टिंग की तैयारी तेज कर दी है. मिली जानकारी के अनुसार 10 नंबर बंगले से गाड़ियों में सामान लादकर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के सरकारी आवास '1 पोलो रोड' पर शिफ्ट किया जा रहा है.

बंगला खाली करने से पहले किया था इंकार

पटना के 10 सर्कुलर रोड का बंगला 21 सालों से पूर्व सीएम राबड़ी देवी और उनके पति लालू प्रसाद यादव के पास था. बिहार सरकार के भवन निर्माण विभाग ने इस बंगले को राज्य के नए मंत्री नंदकिशोर राम को आवंटित कर दिया है, साथ ही पूर्व सीएम राबड़ी देवी को बिहार विधान परिषद में विपक्ष की नेता होने के नाते दूसरा बंगला 39 हार्डिंग रोड आवंटित किया गया है, लेकिन उन्होंने 10 सर्कुलर रोड जिसे बिहार राजनीति का पॉवर सेंटर माना जाता रहा है उसे खाली करने से मना कर दिया था.

15 जून को समय सीमा हुई थी समाप्त

राबड़ी देवी के इंकार के बाद बिहार सरकार ने उन्हें बंगला खाली करने के लिए 15 दिन की समय सीमा दी थी, जो 15 जून को समाप्त हो गई थी, जिसके बाद उन्होंने 16 जून को लालू प्रसाद यादव के स्वास्थ का हवाला देते हुए बिहार सरकार को लेटर लिखा था, लेकिन आज यानी 18 जून को उन्होंने बंगले से अपना सामान नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के सरकारी आवास '1 पोलो रोड' पर शिफ्ट कराना शुरू कर दिया है.

सीएम राबड़ी देवी ने सरकार को लिखा था पत्र

पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी ने बिहार सरकार को 10 सर्कुलर सरकारी बंगले के लिए 16 जून को राज्य सरकार को पत्र लिखा है, जिसमें उन्होंने इस सरकारी बंगले को खाली करने के लिए एक महीने की मोहलत मांगी थी. पत्र के माध्यम से राबड़ी देवी ने लालू यादव के स्वास्थ्य का हवाला दिया था,साथ ही बताया था की बंगले में लालू यादव के स्वास्थ्य को देखते हुए सुविधाओं का विस्तार किया गया था,जिसे अन्य बंगले में बनाने में समय लगेगा, ऐसे में अगर वह 10 सर्कुलर सरकारी बंगला खाली करते हैं तो उनके स्वास्थ्य पर इसका असर पड़ सकता है.

यह भी पढ़ें: लालू के लिए खास कमरा, महीनेभर की मोहलत; राबड़ी ने बंगले को लेकर सरकार को लिखा पत्र

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Bihar News, Bihar Politics, Bihar, Patna News, Patna
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com