पटना के चर्चित कोचिंग सेंटर ज्ञान बिंदु कोचिंग के डायरेक्टर रौशन आनंद के भाई प्रिंस की मौत की गुत्थी अब तक सुलझ नहीं सकी है. प्रिंस यादव की हत्या हुई या साधारण मौत है? पुलिस अभी तक इन सवालों का जवाब नहीं ढूंढ़ सकी है. प्रिंस यादव की जो पोस्टमार्टम रिपोर्ट सामने आई है, उससे भी अभी तक कोई खास जवाब नहीं मिल सके हैं. प्रिंस यादव के पोस्टमार्टम रिपोर्ट से नेपाल पुलिस हत्या की गुत्थी सुलझाने के बजाय और कंफ्यूज हो गई है. जानकारी के मुताबिक, अब प्रिंस यादव के विसरा की जांच होगी, जिसकी रिपोर्ट का नेपाल पुलिस इंतजार कर रही है.
प्रिंस की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में क्या?
नेपाल पुलिस से जुड़े सूत्रों के मुताबिक, प्रिंस की पोस्टमार्टम आ गई है. पर पोस्टमार्टम से मौत के कारणों का पता नहीं चल पाया है. प्रिंस के हार्ट में कुछ समस्या पाई गई, लेकिन इसकी वजह से उनकी मौत हुई, यह साफ नहीं हो सका है. नेपाल पुलिस को अब विसरा रिपोर्ट का इंतजार है. विसरा रिपोर्ट काठमांडू में तैयार होगी. इसमें दो दिन और लग सकते हैं.
'आकस्मिक मौत नहीं, सुनियोजित हत्या'
प्रिंस यादव की नेपाल के बीरतनगर में स्थित एक होटल में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. जिस समय प्रिंस की होटल में मौत हुई, उस समय में उसके साथ 3-4 साथी भी मौजूद थे. संदिग्ध मौत के बाद नेपाल पुलिस ने उसके साथियों को हिरासत में लिया. उधर जब रौशन आनंद जेल से रिहा हुए तो उन्होंने प्रिंस यादव की मौत मामले में खान सर पर गंभीर आरोप लगाए. रौशन आनंद ने दावा किया कि प्रिंस की आकस्मिक मौत नहीं हुई है. बल्कि यह सुनियोजित हत्या थी.
रौशन आनंद ने भाई प्रिंस यादव के मौत की निष्पक्ष जांच की मांग की. प्रिंस की मौत मामले में खान सर के खिलाफ मुकदमा दर्ज करवाने के लिए रौशन आनंद बुधवार को पटना के कदमकुआं थाने पहुंचे. इससे पहले बुधवार को रौशन ने जेडीयू के कार्यकारी अध्यक्ष संजय झां से भी मुलाकात की. इस दौरान उन्होंने अपने भाई प्रिंस यादव की मौत के मामले में न्याय की गुहार लगाई. जिस पर राज्यसभा सांसद संजय झां ने निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया और कहा कि जो भी दोषी होगा उस पर कारवाई होगी.
यह भी पढे़ं-
पटना में बनेगा नया 'पाटलिपुत्र, खान सर की बढ़ेंगी मुश्किलें; पढ़ें पल-पल का अपडेट्स
रोशन आनंद को गलत तरीके से फंसाया, पटना SSP को नोटिस; मानवाधिकार आयोग ने मांगी रिपोर्ट
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं