- पीएम नरेंद्र मोदी ने कल रात करीब 20 मंत्रियों से की मुलाकात, रिपोर्ट कार्ड मांगा
- पिछले काफी दिनों से मोदी कैबिनेट में फेरबदल की अटकलें चल रही हैं
- पीएम मोदी ने मंत्रियों से सोशल मीडिया फॉलोअर के बारे में भी पूरी जानकारी मांगी
पीएम नरेंद्र मोदी कैबिनेट में फेरबदल की अटकलें पिछले काफी समय से चल रही है. इस बीच, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने मंत्रिपरिषद के करीब बीस राज्य मंत्रियों के साथ कल देर रात तक करीब तीन घंटे मंथन किया. इनमें बीजेपी के साथ सहयोगी दलों के मंत्री भी शामिल थे. कल की बैठक में राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार भी मौजूद रहे. बीजेपी के कई मंत्रियों को पार्टी की जिम्मेदारी मिलने के बाद माना जा रहा है कि मोदी कैबिनेट में जल्द ही फेरबदल होगा. फेरबदल में सहयोगी दलों को भी मौका मिल सकता है.
काफी अहम बैठक
सूत्रों के अनुसार मंत्रिपरिषद में संभावित फेरबदल के मद्देनजर यह बैठक काफी महत्वपूर्ण मानी जा रही है. इसमें राज्य मंत्रियों का सोशल मीडिया पर परफॉर्मेंस के साथ ही विकसित भारत को लेकर पीएम मोदी ने खुल कर बात की. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्पष्ट कहा कि विकसित भारत के बारे में उन्हें अपना विजन बताना होगा.
पीएम ने मंत्रियों को टोक दिया
सूत्रों के मुताबिक प्रधानमंत्री मोदी ने जब सभी केंद्रीय मंत्रियों से उनके कामकाज का ब्यौरा मांगा तो कुछ मंत्री अपने-अपने मंत्रालयों के आंकड़े देने लगे. इस पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने टोका कि यह आंकड़े नहीं चाहिए. यह आंकड़े तो सेक्रेटरी भी दे देते हैं. आप लोग सेक्रेटरी के दिए हुए आंकड़े ही पढ़ते है अपना खुद का क्या है,वह बताइए. आपने अभी तक मंत्रालय में क्या किया, इसकी जानकारी दें.
दलितों-पिछड़ों के लिए क्या योजना बनाई?
प्रधानमंत्री मोदी ने मंत्रियों से पूछा कि उनका विकसित भारत 2047 के लिए एजेंडा क्या है? सोशल मीडिया पर उन्होंने क्या काम किए हैं? दलितों, पिछड़ों, आदिवासियों युवाओं के लिए उन्होंने क्या विशेष योजनाएं बनाई हैं? साथ ही पीएम मोदी ने पूछा कि उनके मंत्रालय की योजनाओं से कितने लोगों के जीवन में बदलाव आया है, यह भी उन्हें बताना चाहिए. पीएम ने पूछा कि अगले 5 साल का उनका रोड मैप क्या होगा और 2047 के लिए रोड मैप क्या है?
सोशल मीडिया पर कितने फॉलोअर?
पीएम का यह भी सवाल था कि छात्रों के आंदोलन पर उन्होंने सोशल मीडिया में क्या जवाब दिया है? उनके सोशल मीडिया पर कितने फॉलोअर हैं? इस तरह के 20 से ज्यादा सवाल सभी मंत्रियों से पूछे गए. सभी मंत्रियों को सोशल मीडिया पर उनका रिपोर्ट कार्ड भी दिया गया. इसमें किसी भी राज्य मंत्री की रैंकिंग नहीं बनी। यानी सबको अपना प्रदर्शन सुधारने की जरूरत बताई गई. इस बैठक में सबसे ज्यादा जोर सामाजिक न्याय,आदिवासी कल्याण ,युवा,शिक्षा जैसे मुद्दों पर रहा.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं